Uttar Pradesh News: संभल में बिजली चोरी के खिलाफ प्रशासन ने सोमवार तड़के ऐसा अभियान चलाया, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। सुबह ठीक 4 बजे जिला प्रशासन, पुलिस और विद्युत विभाग की संयुक्त टीम मैदान में उतर आई। यह अब तक का सबसे सख़्त और व्यापक अभियान माना जा रहा है, जिसमें खुद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मोर्चा संभाला।
Uttar Pradesh News: सुबह-सुबह पैदल निरीक्षण, अफसरों ने दिखाई सख़्ती
सुबह करीब 5 बजे डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया और एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने करीब 3 किलोमीटर तक पैदल निरीक्षण किया और हर गतिविधि पर नजर रखी। सुबह 9:30 बजे तक दोनों अधिकारी मौके पर डटे रहे।
Uttar Pradesh News: 12 टीमें, 8 थाने और ड्रोन से निगरानी
अभियान के लिए कुल 12 टीमें गठित की गईं, जिनमें ADM, ASP, SDM, CO और सिटी मजिस्ट्रेट समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। 8 थानों की पुलिस, PAC और RPF को भी तैनात किया गया। ड्रोन कैमरों की मदद से घरों की छतों, मस्जिदों और संदिग्ध परिसरों की निगरानी की गई।
500 घरों की जांच, 50 से ज्यादा छतों पर चढ़ी टीम
महज 5 घंटे में 3 किलोमीटर के दायरे में 500 से अधिक घरों की जांच की गई। 50 से ज्यादा घरों में टीमें सीढ़ी लगाकर छतों पर पहुंचीं। अवैध कटिया तुरंत हटाई गईं और बिजली से पानी गर्म करने वाले इमर्शन रॉड जब्त किए गए।
Uttar Pradesh News: ई-रिक्शा चार्जिंग से लेकर मिनी पावर हाउस तक चोरी
जांच में सांसद क्षेत्र के पास एक हॉल में 5–6 ई-रिक्शा अवैध रूप से चार्ज होते मिले। एक घर में मिनी पावर हाउस संचालित पाया गया। मस्जिदों, मदरसों और घरों समेत 30 से ज्यादा स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई। कई जगहों पर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन का साफ संदेश: बख्शा नहीं जाएगा कोई
डीएम-एसपी ने साफ कहा कि बिजली चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चाहे कोई भी हो, नियम तोड़ने वालों पर सख़्त कार्रवाई तय है। अभियान अभी जारी है और आगे भी इसी सख़्ती से चलता रहेगा।
ये भी पढ़े: दिल्ली में योगी की सियासी गूंज: पीएम मोदी संग यूपी की अगली चाल पर मंथन








