West bengal: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर सियासी भूचाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। विधायकों के विद्रोह के बाद अब पार्टी के सांसदों ने भी नेतृत्व के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सूत्रों के मुताबिक, 20 से अधिक टीएमसी सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर अलग राजनीतिक रास्ता अपनाने के संकेत दिए हैं। इस घटनाक्रम ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की चिंताएं बढ़ा दी हैं।
ओम बिरला को पत्र, अलग गुट बनाने की तैयारी?
सूत्रों का दावा है कि टीएमसी के 20 से ज्यादा सांसदों ने स्पीकर ओम बिरला को पत्र भेजा है। बताया जा रहा है कि ये सांसद संसद में अलग गुट बनाने या नई राजनीतिक इकाई के गठन पर विचार कर रहे हैं। सांसदों की संख्या इतनी है कि वे लोकसभा में अलग ब्लॉक के रूप में भी पहचान हासिल कर सकते हैं। हालांकि अभी तक इस पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
West bengal: NDA को समर्थन देने का दावा
टीएमसी सांसद काकोली घोष दस्तीदार के हवाले से सामने आई जानकारी के अनुसार, करीब 20 सांसदों ने भाजपा के नेतृत्व वाले NDA को समर्थन देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि सांसदों ने स्पीकर को पत्र लिखकर NDA के साथ जाने की इच्छा जताई है। उनका कहना है कि पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों को स्वीकार करते हुए अब नई राजनीतिक दिशा तय करने की जरूरत है।
West bengal: दिल्ली में हुई गुप्त बैठक से बढ़ी हलचल
ममता बनर्जी इन दिनों इंडिया ब्लॉक की बैठक के सिलसिले में दिल्ली में मौजूद हैं। इसी बीच कुछ बागी सांसदों ने राजधानी में एक गुप्त बैठक की। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में करीब 20 सांसद शामिल हुए और आगे की रणनीति पर चर्चा की गई। बाद में कुछ सांसदों ने एक केंद्रीय सरकारी कार्यालय में भी मुलाकात कर अगले कदमों पर विचार किया।
पहले विधायक, अब सांसद; TMC के लिए बढ़ता संकट
West bengal: टीएमसी के लिए यह संकट ऐसे समय में सामने आया है जब विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी के भीतर असंतोष पहले से ही बढ़ा हुआ है। हाल ही में 58 विधायकों ने विपक्ष के नेता पद के लिए ऋतब्रता बनर्जी का समर्थन किया था और पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार शोवनदेब चट्टोपाध्याय को नकार दिया था। अब सांसदों की कथित बगावत ने साफ कर दिया है कि पार्टी के भीतर सब कुछ सामान्य नहीं है। आने वाले दिनों में यह विवाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा मोड़ ला सकता है।
ये भी पढ़े: इश्क से बदलेगा देश! पूर्व जज मार्कण्डेय काटजू ने बनाई ‘इश्क करो पार्टी’, CJP पर भी साधा निशाना








