West Bengal News: पश्चिम बर्धमान जिले के जमुरिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चिचुड़िया के डांगाल पाड़ा इलाके में बुधवार रात एक दर्दनाक हादसे में बीजेपी कर्मी पागल गोप की मौत हो गई। आरोप है कि अवैध बालू से लदे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी जान चली गई। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर पथ अवरोध शुरू कर दिया।
पुलिस पर लाठीचार्ज के आरोप
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हालात और बिगड़ गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस ने जबरन शव हटाने की कोशिश की और विरोध करने पर लाठीचार्ज किया। इसमें कई स्थानीय निवासी घायल हो गए। मृतक की पत्नी दुर्गा गोप ने बताया कि लाठीचार्ज में उन्हें भी गंभीर चोट आई और सिर फट गया। वहीं, पुलिस पर पथराव और वाहनों में तोड़फोड़ के भी आरोप सामने आए हैं, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए।
West Bengal News: बीजेपी: पुलिस दे रही अवैध बालू कारोबार को संरक्षण
घटना की जानकारी मिलने पर बीजेपी का एक प्रतिनिधिमंडल डांगाल पाड़ा पहुंचा। जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अवैध बालू कारोबार को पुलिस का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि पुलिस को स्थानीय लोगों की नहीं, बल्कि बालू माफियाओं की ज्यादा चिंता है। पार्टी ने मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को मुआवजे की मांग की है।
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
घटना के बाद मृतक के परिजन और स्थानीय लोग मुआवजे की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर पथ अवरोध पर बैठ गए। प्रदर्शन के कारण इलाके में यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। स्थानीय निवासियों ने अवैध बालू ढुलाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग भी की।
Report By: Pijush
ये भी पढ़ें…कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला, मोहन सरकार को बताया हर मोर्चे पर नाकाम







