Home » राजनीति » अखिलेश के चैलेंज पर योगी का पलटवार, बोले- अयोध्या आइए, मैं भी लड़ूंगा चुनाव

अखिलेश के चैलेंज पर योगी का पलटवार, बोले- अयोध्या आइए, मैं भी लड़ूंगा चुनाव

Yogi Adityanath:

Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी। अब सीएम योगी ने इस पर पलटवार करते हुए अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने का ऑफर दिया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश अयोध्या से नामांकन करें, वह भी वहां से अपनी किस्मत आजमाएंगे।

Yogi Adityanath: अखिलेश के चैलेंज पर योगी ने दिया जवाब-

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अयोध्या उनकी आस्था का केंद्र है। वह यहां इसलिए जाते हैं, ताकि अयोध्या के विकास में कोई कमी न रहे और उत्तर प्रदेश की पहचान पर कोई कलंक न लगे। सीएम योगी ने कहा, “मुझसे कहते हैं कि मुख्यमंत्री जी अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखा दें। अयोध्या हमारा पावन धाम है। मैं आपको ऑफर करता हूं, आप भी अयोध्या से नामांकन करिए, मैं भी करता हूं। चलिए एक बार किस्मत आजमा लिया जाए।”

Yogi Adityanath: अयोध्या के विकास को लेकर सपा पर निशाना-

योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के विकास का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान अयोध्या में बिजली की आपूर्ति सीमित थी और शहर में गंदगी का अंबार लगा रहता था। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या रामराज्य का उदाहरण बनकर त्रेतायुग का स्मरण करवा रही है। मुख्यमंत्री ने अयोध्या के विकास को लेकर अपनी सरकार के प्रयासों का भी जिक्र किया।

PDA के फॉर्मूले पर भी कसा तंज-

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के PDA फॉर्मूले पर भी तंज कसा। उन्होंने PDA का अर्थ बताते हुए कहा, “PDA मतलब पराया धन अपना। PDA मतलब परिवार डेवलपमेंट पार्टी।” योगी के इस बयान को समाजवादी पार्टी की राजनीति और उसके परिवारवाद के आरोपों पर निशाना साधने के तौर पर देखा जा रहा है।

विरोध प्रदर्शन पर क्या बोले सीएम योगी-

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विरोध प्रदर्शनों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोध को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अयोध्या में लोगों की आस्था है और जो लोग राम मंदिर तथा काशी विश्वनाथ धाम के निर्माण में बाधक थे, वे आज प्रधानमंत्री मोदी का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विरोध की भी एक सीमा होती है और कांग्रेस तथा उसके सहयोगी दल सामान्य शिष्टाचार भूल चुके हैं।योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक विरोध की सीमाओं को पार करते हुए गाली-गलौज की भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से देश को गुमराह कर अराजकता की ओर ले जाने की कोशिश की जा रही है।

अखिलेश यादव ने क्या दी थी चुनौती-

दरअसल, इसी सप्ताह समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव अयोध्या पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से विधानसभा चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी। अखिलेश ने कहा था कि अगर मुख्यमंत्री को अपने दावों पर इतना भरोसा है, तो उन्हें अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाना चाहिए।

हालांकि, अगले ही दिन अखिलेश यादव ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा कि यह कोई चुनौती नहीं, बल्कि राजनीतिक सलाह थी। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या को लेकर इतने आश्वस्त हैं और उन्होंने 15 दिन के भीतर दूध का दूध और पानी का पानी होने की बात कही है, तो उन्हें अगला विधानसभा चुनाव अयोध्या से लड़ना चाहिए। इस तरह अयोध्या से चुनाव लड़ने को लेकर अखिलेश यादव और योगी आदित्यनाथ के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। अब इस बयानबाजी के बीच दोनों नेताओं की आगे की रणनीति पर राजनीतिक हलकों की नजर रहेगी।

यह भी पढ़े- सलमान खान ने लॉन्च किया अपना YouTube चैनल, पहले वीडियो में खुद बने टीचर और स्टूडेंट