Home » पश्चिम बंगाल » बंगाल में CM योगी की हुंकार ने बदला चुनावी माहौल बोले- ‘BJP सरकार आते ही झाड़ू लगाएंगे गुंडे’

बंगाल में CM योगी की हुंकार ने बदला चुनावी माहौल बोले- ‘BJP सरकार आते ही झाड़ू लगाएंगे गुंडे’

बंगाल में योगी
Spread the love

Yogi In Bengal: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गुरुवार को पश्चिम बंगाल के चुनावी मैदान में एक बार फिर सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने बाराबनी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार अरिजीत रॉय के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने तृणमूल कांग्रेस, कांग्रेस और वाम दलों पर तीखा हमला बोला, साथ ही भाजपा सरकार की उपलब्धियों को भी विस्तार से गिनाया।

योगी की झलक पाने के लिए उत्साहित लोग 

सभा में भारी भीड़ देखने को मिली, जहां लोग वाहनों, घरों की छतों और पेड़ों पर चढ़कर मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आए। अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार के दबाव या भय में न आएं। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी के कार्यकर्ता सभा को बाधित करने की कोशिश कर रहे थे और भाजपा के झंडे तक उखाड़ने का प्रयास किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अरिजीत नाम का अर्थ ही होता है शत्रु पर विजय पाने वाला, इसलिए आप उन्हें जिताकर यहां डबल इंजन की सरकार बनाइए। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य का तेज गति से विकास संभव है और भाजपा ही सुरक्षा, समृद्धि और स्थिरता की गारंटी दे सकती है। योगी आदित्यनाथ ने तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में सैंड माफिया, कोल माफिया और लैंड माफिया का विस्तार हुआ है और केंद्र से आने वाली योजनाओं का लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच पाता। उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल में भय और अराजकता का माहौल है, जिसे भाजपा सरकार समाप्त करेगी। उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि कुछ वर्षों पहले वहां भी कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी, लेकिन भाजपा सरकार के आने के बाद बड़ा बदलाव हुआ है। उन्होंने दावा किया कि अब यूपी में शांति है, दंगे नहीं होते और अपराध पर नियंत्रण पाया गया है।

धार्मिक और सांस्कृतिक मुद्दों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा गोमाता की रक्षा और समाज की एकता के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में सांस्कृतिक पहचान पर संकट खड़ा किया गया है। अपने संबोधन के अंत में योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाषचंद्र बोस और श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे महान व्यक्तित्वों की कर्मभूमि रही है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि राज्य को अराजकता से मुक्त कर विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जाए।

ये भी पढ़े… PM मोदी बोले- परिसीमन में किसी भी राज्य के साथ नहीं होगा अन्याय, ‘यह मेरा वादा, मेरी गारंटी’

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments