Home » राष्ट्रीय » धर्म परिवर्तन से इनकार पर चाकू से हमला, कौन है अदनान खान? ग्वालियर में लव जिहाद का मामला

धर्म परिवर्तन से इनकार पर चाकू से हमला, कौन है अदनान खान? ग्वालियर में लव जिहाद का मामला

Love Jihad

Love Jihad: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही एक छात्रा पर चाकू से हमले का मामला सामने आया है। छात्रा ने अपने परिचित अदनान खान पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और विरोध करने पर हमला करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने अदनान और उसके ममेरे भाई को गिरफ्तार किया है। वहीं, घटना के बाद हिंदू संगठनों ने भी प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

कौन है अदनान खान?

पीड़िता मूल रूप से शिवपुरी जिले के करैरा की रहने वाली है और ग्वालियर में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। छात्रा के मुताबिक, करीब तीन साल पहले एक कॉमन फ्रेंड के जरिए उसकी पहचान अदनान खान से हुई थी। शुरुआत में अदनान ने सभी धर्मों का सम्मान करने की बात कही थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे करीब डेढ़ साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।

Love Jihad: धर्म परिवर्तन के दबाव का आरोप

छात्रा का आरोप है कि शुरुआत में धर्म को लेकर कोई विवाद नहीं था, लेकिन बाद में अदनान उस पर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बनाने लगा। पीड़िता के मुताबिक, अदनान उसके साथ कई बार मारपीट भी कर चुका था। इसके अलावा, उसने निजी तस्वीरें और वीडियो वायरल करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। छात्रा ने इस मामले में पहले भी पुलिस से शिकायत की थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था।

कमरे पर पहुंचकर चाकू से हमला

पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, घटना के दिन अदनान अपने ममेरे भाई सरफराज और बहन सोफी खान के साथ छात्रा के कमरे पर पहुंचा। वहां किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान अदनान ने कमरे में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठाकर छात्रा पर हमला कर दिया। छात्रा ने बचने के लिए पीछे हटने की कोशिश की, लेकिन चाकू उसके गले को छूता हुआ निकल गया। इससे उसके गले पर चोट आई।

Love Jihad: दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश

माधौगंज थाना पुलिस ने छात्रा की शिकायत के आधार पर अदनान खान, सरफराज खान और सोफी खान के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने अदनान और सरफराज को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले में तीसरी आरोपी सोफी खान की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस घटना के पीछे के विवाद और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

लव जिहाद के आरोपों के बीच प्रदर्शन

घटना की जानकारी सामने आने के बाद हिंदू संगठनों ने माधौगंज थाने के बाहर प्रदर्शन किया। संगठनों ने छात्रा पर हमले और धर्म परिवर्तन के दबाव के आरोपों को लेकर सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं, पीड़िता ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मामले में हल्की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

ये भी पढ़ें…कार्बाइड गन पर रोक, फिर भी होम डिलीवरी! 3 बच्चों की आंखों की रोशनी गई, समझिए कितना खतरनाक है यह हथियार