Home » राजनीति » सोनिया गांधी का खुलासा, राजीव गांधी के प्रधानमंत्री बनने के खिलाफ थीं; बोलीं- किताब आने पर होगा तमाशा

सोनिया गांधी का खुलासा, राजीव गांधी के प्रधानमंत्री बनने के खिलाफ थीं; बोलीं- किताब आने पर होगा तमाशा

Sonia Gandhi opposed Rajiv becoming PM; predicts a stir over her book.

Sonia Gandhi book: कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने अपने पति और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से जुड़ा एक अहम खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि जब राजीव गांधी को प्रधानमंत्री बनने के लिए कहा गया था, तब वह इसके पूरी तरह खिलाफ थीं। सोनिया गांधी ने अपनी आगामी किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि दशकों से दूसरे लोग उनके बारे में अपनी-अपनी कहानियां बताते आए हैं, लेकिन अब अपनी कहानी बताने की बारी उनकी है। उन्होंने यह भी कहा कि किताब सामने आने पर कुछ ‘तमाशा’ होना तय है।

Sonia Gandhi book: राजीव गांधी के प्रधानमंत्री बनने के खिलाफ थीं सोनिया गांधी

सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने अपने जीवन और सार्वजनिक जीवन से जुड़े कई पहलुओं पर चर्चा की। वीडियो में उन्होंने राजीव गांधी के प्रधानमंत्री बनने का जिक्र करते हुए कहा, “जब मेरे पति से प्रधानमंत्री बनने के लिए कहा गया था, मैं इसके पूरी तरह विरोध में थी।”

हालांकि, सोनिया गांधी ने इस मुद्दे पर विस्तार से कुछ नहीं बताया। वीडियो में एक जगह वह कहती हैं, “मुझे नहीं पता कि मुझे पूरी कहानी बतानी चाहिए या नहीं।” उनके इस बयान ने उनकी आगामी किताब को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।

Sonia Gandhi book: 10 नवंबर को प्रकाशित होगी सोनिया गांधी की किताब

सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ 10 नवंबर को प्रकाशित होने वाली है। इस किताब के जरिए वह अपने जीवन से जुड़े अनुभवों और उन घटनाओं को सामने रखेंगी, जिनके बारे में अब तक दूसरे लोग लिखते और बताते आए हैं। किताब को लेकर बात करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि इसके सामने आने पर कुछ ‘तमाशा’ होना तय है। उन्होंने कहा, “आखिरकार, दूसरे लोग दशकों से मेरी कहानी बताते आए हैं, अब मेरी बारी है।”

40 साल की उम्र में प्रधानमंत्री बने थे राजीव गांधी

राजीव गांधी 31 अक्टूबर 1984 को अपनी मां और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद भारत के प्रधानमंत्री बने थे। उस समय उनकी उम्र 40 वर्ष थी। वह भारत के सबसे कम उम्र में प्रधानमंत्री बनने वाले नेता बने। राजीव गांधी के प्रधानमंत्री बनने से जुड़े इस पुराने घटनाक्रम पर सोनिया गांधी का बयान उनकी आगामी किताब के संदर्भ में सामने आया है। हालांकि, उन्होंने अपने वीडियो में इस विषय पर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है।

‘मेरे बारे में काफी कुछ पूरी तरह सही नहीं था’

सोनिया गांधी ने अपनी कहानी खुद लिखने के पीछे की वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि उनके बारे में काफी कुछ लिखा गया है, लेकिन उसमें से बहुत-सी बातें पूरी तरह सही नहीं थीं। कुछ चीजों को गढ़ा गया या बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया। उन्होंने कहा, “मुझे लगा कि चूंकि मेरे बारे में बहुत कुछ लिखा गया है और उसमें से काफी कुछ पूरी तरह सही नहीं था, या फिर वह गढ़ा गया था या बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया था। इसलिए मुझे लगा कि अब मैं अपनी कहानी लिख सकती हूं और तथ्यों-चीजों को वैसे ही बता सकती हूं, जैसी वे वास्तव में थीं।” कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने स्पष्ट किया कि वह अपनी बात को केवल अपना पक्ष नहीं, बल्कि अपनी कहानी के रूप में सामने रखना चाहती हैं। उनकी आगामी किताब में उनके जीवन और अनुभवों से जुड़े कई पहलुओं के सामने आने की उम्मीद है।

यह भी पढ़े- कल का मौसम: 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में 3 साल बाद सबसे ठंडी सुबह