Home » मौसम » चक्रवात ‘अर्नब’ का बढ़ा खतरा, कई राज्यों में भारी बारिश और ओले गिरने की चेतावनी

चक्रवात ‘अर्नब’ का बढ़ा खतरा, कई राज्यों में भारी बारिश और ओले गिरने की चेतावनी

Cyclone Arnab:

Cyclone Arnab: चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से देश के कई राज्यों में मौसम बिगड़ने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भारी से बेहद भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा, कई इलाकों में तेज हवाएं चलने और उत्तर भारत के कुछ राज्यों में ओले गिरने की संभावना जताई गई है। चक्रवात को देखते हुए ओडिशा और आंध्र प्रदेश में एहतियाती कदम उठाए गए हैं। वहीं, रेलवे ने कम से कम 61 ट्रेनों को रद्द कर दिया है।

Cyclone Arnab: आंध्र प्रदेश और ओडिशा में चक्रवात का सबसे ज्यादा असर

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ में बदल गया है। इसके 28 अक्टूबर की सुबह तक बापटला और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान के रूप में पार करने की आशंका जताई गई है। इस दौरान हवा की अधिकतम रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, हवा के झोंकों की रफ्तार 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 27 और 28 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन इलाकों में 27 से 29 अक्टूबर के दौरान व्यापक बारिश होने का अनुमान है।

Cyclone Arnab: ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट

आईएमडी ने ओडिशा में 27 से 30 अक्टूबर के दौरान कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान जताया है। 27 अक्टूबर को यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों के साथ इनकी रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 28 अक्टूबर को हवा की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों के साथ 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। वहीं, छत्तीसगढ़ में 28 अक्टूबर को बेहद भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। हवा के झोंकों की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 28 से 30 अक्टूबर के दौरान कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।

तेलंगाना में भी तेज हवाओं की चेतावनी

चक्रवात ‘अर्नब’ का असर तटीय इलाकों के अलावा तेलंगाना में भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 28 अक्टूबर को राज्य में गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। झोंकों के साथ हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में बारिश और ओले गिरने की संभावना

चक्रवात के प्रभाव से उत्तर भारत के कुछ इलाकों में भी मौसम बदल सकता है। आईएमडी ने 28 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक का अनुमान जताया है। 29 और 30 अक्टूबर को इन इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना है। इसके अलावा, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29 और 30 अक्टूबर को कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में बेहद भारी बारिश की आशंका भी जताई गई है।

ओडिशा और आंध्र प्रदेश में स्कूल बंद, मछली पकड़ने पर रोक

चक्रवात ‘अर्नब’ के खतरे को देखते हुए ओडिशा और आंध्र प्रदेश में प्रशासन ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं। दोनों राज्यों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। समुद्र में मछली पकड़ने पर रोक लगाने के साथ ही बचाव दलों को भी तैयार रखा गया है। प्रशासन का उद्देश्य चक्रवात के दौरान जनहानि को रोकना और बुनियादी ढांचे को होने वाले नुकसान को कम करना है। दक्षिण भारत के प्रमुख अंग्रेजी अखबार ‘द हिंदू’ के मुताबिक, आंध्र प्रदेश के काकीनाडा तट पर चक्रवात को लेकर चिंता का माहौल है। तटीय इलाका 28 अक्टूबर को आने वाले अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान का सामना करने की तैयारी कर रहा है। यह समय 2025 में आए भीषण चक्रवात ‘मोंथा’ की बरसी के करीब है। मोंथा ने 29 अक्टूबर 2025 की आधी रात को इसी तट पर दस्तक दी थी।

रेलवे ने 61 ट्रेनें कीं रद्द

चक्रवात ‘अर्नब’ के खतरे को देखते हुए रेलवे ने कम से कम 61 ट्रेनें रद्द कर दी हैं। इनमें से 53 यात्री ट्रेनें 27 और 28 अक्टूबर को रद्द रहेंगी। रद्द की गई ट्रेनें विजयवाड़ा को मछलीपट्टनम, गुडीवाडा, नरसापुर, भीमावरम, राजमुंदरी, काकीनाडा पोर्ट, गुंटूर और रेपल्ले से जोड़ती हैं। ये मार्ग उस डेल्टा क्षेत्र में आते हैं, जो चक्रवात के संभावित तट से टकराने वाले इलाके के नजदीक है। इसके अलावा, विशाखापत्तनम से पहाड़ी इलाकों की ओर जाने वाली विशाखापत्तनम-किरंदुल पैसेंजर और विशाखापत्तनम-कोरापुट पैसेंजर ट्रेनें 30 या 31 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी। वहीं, विशाखापत्तनम-किरंदुल नाइट एक्सप्रेस को 29 अक्टूबर से 4 नवंबर तक रद्द कर दिया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की दी सलाह

आईएमडी ने लोगों से मौसम संबंधी आधिकारिक अपडेट पर नजर रखने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा सलाह का पालन करने की अपील की है। विभाग ने अनावश्यक यात्रा से बचने और जरूरी दवाइयां, खाने-पीने का सामान तथा पीने का पानी पहले से तैयार रखने की सलाह दी है। चक्रवात प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है।

यह भी पढ़े- सोनिया गांधी का खुलासा, राजीव गांधी के प्रधानमंत्री बनने के खिलाफ थीं; बोलीं- किताब आने पर होगा तमाशा