SSR Voter List: चुनाव आयोग (EC) ने गुरुवार को छह राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची के स्पेशल समरी रिवीजन (SSR) का ऐलान किया है। इस अभियान के तहत अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव, मिजोरम, ओडिशा और सिक्किम में मतदाता सूची को अपडेट किया जाएगा। आयोग का मुख्य उद्देश्य सभी पात्र नागरिकों के नाम वोटर लिस्ट में शामिल करना है। इसमें खासतौर पर युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं पर ध्यान दिया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 30 नवंबर को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की जाएगी, जबकि 21 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।
SSR Voter List: 30 नवंबर को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
चुनाव आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, संबंधित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 30 नवंबर को प्रारंभिक मतदाता सूची यानी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने और किसी तरह की गलती को सुधारने के लिए नागरिक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। इस प्रक्रिया के पूरा होने और सभी जरूरी दावों एवं आपत्तियों के निपटारे के बाद 21 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। इसके जरिए यह सुनिश्चित करने की कोशिश की जाएगी कि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
SSR Voter List: युवाओं को एडवांस आवेदन का मिलेगा मौका
इस बार चुनाव आयोग ने युवाओं और पहली बार वोटर बनने वाले नागरिकों के लिए भी विशेष व्यवस्था की है। आयोग के अनुसार, ऐसे युवा जो 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करेंगे, वे भी एडवांस में आवेदन जमा कर सकेंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य नए मतदाताओं को समय पर वोटर लिस्ट में शामिल करना है, ताकि 18 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद उन्हें मतदान के लिए पंजीकरण कराने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्य सचिवों को दिए गए जरूरी निर्देश
चुनाव आयोग ने इस पुनरीक्षण अभियान को सुचारू रूप से पूरा कराने के लिए संबंधित छह राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को भी जरूरी निर्देश जारी किए हैं। आयोग ने अधिकारियों से कहा है कि इस पूरी प्रक्रिया के लिए पर्याप्त मैनपावर और आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आयोग का लक्ष्य निर्धारित समयसीमा के भीतर मतदाता सूची के पुनरीक्षण का काम पूरा करना है, ताकि 21 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जा सके।
यह भी पढ़े- अमित शाह ने राहुल गांधी को दिया खुला चैलेंज, बोले- जगह आप चुनिए, चर्चा हम करेंगे








