Gyanesh Kumar Protest: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ विपक्षी दलों का विरोध प्रदर्शन चर्चा में है। गुरुवार को INDIA ब्लॉक के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। इस दौरान एक कार्यकर्ता को ज्ञानेश कुमार का मुखौटा पहनाकर जेल की सलाखों के पीछे दिखाया गया। उसके हाथों में हथकड़ी और खाकी रंग की हाफ पैंट भी नजर आई। प्रदर्शन से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
Gyanesh Kumar Protest: फ्रीडम पार्क में जुटे INDIA ब्लॉक के नेता और कार्यकर्ता
INDIA ब्लॉक का यह विरोध प्रदर्शन बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में आयोजित किया गया। प्रदर्शन सुबह 11 बजे शुरू हुआ और दोपहर 2 बजे तक चला। इस दौरान विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की और उनके इस्तीफे की मांग दोहराई। इस प्रदर्शन का आयोजन कांग्रेस, CPI(M), CPI, CPI(ML) लिबरेशन, फॉरवर्ड ब्लॉक और समाजवादी पार्टी समेत कई विपक्षी दलों ने मिलकर किया। इसमें सामाजिक संगठनों, छात्र संगठनों और युवा संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।
Gyanesh Kumar Protest: सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार ने की प्रदर्शन की अगुवाई
इस विरोध प्रदर्शन की अगुवाई कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद ने की। इनके अलावा अभिनेता प्रकाश राज, CPI(M) के राज्य सचिव प्रकाश के, CPI के राज्य सचिव सती सुंदरश, CPI(ML) लिबरेशन के राज्य सचिव क्लिफ्टन डी’रोजारियो और समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एन मंजप्पा समेत कई नेता मौजूद रहे।
SIR के खिलाफ विपक्ष ने खोला मोर्चा
#WATCH | Bengaluru, Karnataka: The INDIA bloc holds a state-level protest rally at Freedom Park, demanding the immediate resignation of Chief Election Commissioner Gyanesh Kumar over alleged electoral roll manipulation. Congress leader Dinesh Gundu Rao also present there. https://t.co/myBM2ruNtN
— ANI (@ANI) November 5, 2026
INDIA ब्लॉक के नेताओं का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को लेकर कई सवाल हैं। विपक्षी दलों का कहना है कि चुनाव आयोग को इस प्रक्रिया के संबंध में जवाबदेही तय करनी चाहिए। इसी मुद्दे को लेकर विपक्ष लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है।
कर्नाटक के सभी जिलों में प्रदर्शन की तैयारी
विपक्षी दल अब SIR के खिलाफ अपने विरोध प्रदर्शन को बेंगलुरु तक सीमित नहीं रखना चाहते। कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद ने बताया कि राज्य के लगभग सभी जिलों में ब्लॉक स्तर पर एक साथ प्रदर्शन आयोजित करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए जिला इकाइयों को अपने-अपने क्षेत्रों में SIR के खिलाफ आंदोलन करने और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़े- चुनाव आयोग का 6 राज्यों में SSR को लेकर बड़ा ऐलान, 21 जनवरी को आएगी फाइनल वोटर लिस्ट








