CRPF: उत्तर प्रदेश के रामपुर में CRPF कैंप पर हुए आतंकी हमले का मामला एक बार फिर चर्चा में है। इस मामले में सजा पाए मोहम्मद शरीफ की 10 नवंबर 2026 को गोली मारकर हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने उसे निशाना बनाया और वारदात के बाद फरार हो गए। घायल हालत में शरीफ को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। करीब 18 साल पहले हुए इस हमले में सात CRPF जवानों और एक नागरिक की जान गई थी। आइए जानते हैं कौन था मोहम्मद शरीफ और क्या थी रामपुर CRPF कैंप हमले की पूरी कहानी।
कौन था मोहम्मद शरीफ?
मोहम्मद शरीफ रामपुर का रहने वाला था। उसे सुहैल, साजिद, अनवर और अली जैसे अन्य नामों से भी जाना जाता था। साल 2007 में रामपुर के CRPF ग्रुप सेंटर पर हुए आतंकी हमले के मामले में उसका नाम सामने आया था। जांच के बाद उसे गिरफ्तार किया गया और मुकदमा चलाया गया। नवंबर 2019 में रामपुर की विशेष अदालत ने शरीफ समेत चार आरोपियों को मौत की सजा सुनाई थी। इस मामले में एक अन्य आरोपी को उम्रकैद की सजा दी गई थी।
CRPF: 31 दिसंबर 2007 की रात CRPF कैंप पर हुआ था हमला
रामपुर में CRPF ग्रुप सेंटर पर हमला 31 दिसंबर 2007 और 1 जनवरी 2008 की दरमियानी रात हुआ था। नए साल के स्वागत की तैयारियों के बीच आतंकियों ने रात करीब ढाई बजे कैंप को निशाना बनाया। हमलावरों के पास AK-47 और AK-56 जैसे हथियार थे। उन्होंने कैंप में घुसकर जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग की और ग्रेनेड भी फेंके। इस हमले में CRPF के सात जवान शहीद हो गए, जबकि कैंप के बाहर रिक्शे में सो रहे एक नागरिक की भी मौत हो गई। इसके अलावा पांच लोग घायल हुए थे।
2019 में मिली थी फांसी की सजा
हमले के बाद पुलिस और जांच एजेंसियों ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लंबी सुनवाई के बाद 2 नवंबर 2019 को रामपुर की विशेष अदालत ने मोहम्मद शरीफ, सबाउद्दीन, इमरान शहजाद और मोहम्मद फारुख को मौत की सजा सुनाई। वहीं, जंग बहादुर खान को उम्रकैद की सजा दी गई थी। इस फैसले के खिलाफ आरोपियों ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में अपील की थी।
CRPF: हाईकोर्ट ने क्यों पलट दिया था फैसला?
29 अक्टूबर 2025 को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मामले में बड़ा फैसला सुनाते हुए आरोपियों को हत्या, आतंकवाद और साजिश जैसे गंभीर आरोपों से बरी कर दिया। अदालत ने कहा कि अभियोजन पक्ष आरोपों को संदेह से परे साबित करने में असफल रहा। जांच में हथियारों की बरामदगी, सबूतों की सुरक्षित रख-रखाव प्रक्रिया और पहचान से जुड़ी कई खामियां सामने आई थीं। हालांकि, हाईकोर्ट ने आर्म्स एक्ट के तहत दोषसिद्धि बरकरार रखी और मोहम्मद शरीफ समेत पांच आरोपियों को 10 साल की सजा और एक-एक लाख रुपये जुर्माना लगाया। जेल में बिताई गई अवधि को सजा में समायोजित किया गया। नवंबर 2025 में शरीफ जेल से बाहर आ गया था।
रामपुर में कैसे हुई मोहम्मद शरीफ की हत्या?
10 नवंबर 2026 को रामपुर के खजुरिया थाना क्षेत्र में मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वह अपने बेटे के साथ दोपहिया वाहन पर जा रहा था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उस पर गोलियां चला दीं। हमले में गंभीर रूप से घायल शरीफ को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। हमलावर वारदात के बाद फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें ….NCP विलय पर फडणवीस का बड़ा बयान, बोले- हमारे बिना फैसला नहीं हो सकता








