Chinese Vloggers: बांग्लादेश की राजधानी ढाका की गरीब बस्तियों के वीडियो बनाकर उन्हें भारत की राजधानी नई दिल्ली का बताने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चीनी नागरिकों का एक ग्रुप ढाका की झुग्गियों और संकरी गलियों में जाकर वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था और उन्हें चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव प्रसारित कर रहा था। इन वीडियो में कथित तौर पर बांग्लादेश के इलाकों को भारत की गरीबी और खराब बुनियादी सुविधाओं की तस्वीर बताकर पेश किया जा रहा था। इस मामले पर भारत ने कड़ी नाराजगी जताई है। विदेश मंत्रालय ने इसे झूठा नैरेटिव फैलाने की कोशिश बताया है।
Chinese Vloggers: विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी भी देश की विकृत तस्वीर पेश करने की ऐसी कोशिशें दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने आगे कहा कि विदेशी तत्वों की ओर से ढाका के कुछ हिस्सों को दिल्ली बताने की कोशिश झूठे नैरेटिव को बढ़ावा देती है। इससे ऐसा करने वाले लोगों और उनके पीछे मौजूद लोगों की विश्वसनीयता कमजोर होती है। रणधीर जायसवाल ने संबंधित अधिकारियों से ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील भी की।
Chinese Vloggers: बांग्लादेशी अखबार की रिपोर्ट में क्या दावा किया गया?
बांग्लादेश के अखबार प्रथम आलो की एक रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी नागरिकों का एक ग्रुप ढाका की गरीब बस्तियों में जाकर वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। इन वीडियो को चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म डोयिन और वीचैट पर प्रसारित किया जा रहा था। रिपोर्ट में दावा किया गया कि वीडियो के जरिए ढाका के इलाकों को नई दिल्ली का बताकर भारत की गरीबी और खराब बुनियादी सुविधाओं की तस्वीर पेश की जा रही थी।
ढाका के किन इलाकों में बनाए जा रहे थे वीडियो?
रिपोर्ट के अनुसार, चीनी नागरिक ढाका के उत्तरा इलाके के सेक्टर-12 और टेकपाड़ा की संकरी गलियों में जाकर वीडियो बना रहे थे। इन इलाकों में कम आय वाले परिवार रहते हैं। यहां कई मकानों की छतें टिन की बनी हुई हैं। आरोप है कि इन्हीं बस्तियों की तस्वीरों को भारत की राजधानी दिल्ली का बताकर प्रसारित किया जा रहा था।
150 से ज्यादा चीनी नागरिकों के घूमने का दावा
स्थानीय लोगों के हवाले से रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस तरह के वीडियो बनाने वाले 150 से ज्यादा चीनी नागरिक इलाके की सड़कों और संकरी गलियों में घूमते दिखाई देते हैं। स्थानीय निवासियों को यह जानकारी नहीं थी कि ये वीडियो किन प्लेटफॉर्म पर अपलोड किए जा रहे हैं और उनमें क्या बातें कही जा रही हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआत में सुबह से रात तक लाइव स्ट्रीमिंग करने वाले इन लोगों को देखकर स्थानीय निवासी उत्सुक थे, लेकिन धीरे-धीरे उनकी गतिविधियां लोगों के लिए परेशानी और नाराजगी का कारण बन गईं।
महिला व्लॉगर पर भी लगे गंभीर आरोप
इस मामले में एक महिला व्लॉगर को लेकर भी दावा सामने आया है। आरोप है कि उसने ढाका के एक इलाके को नई दिल्ली बताते हुए वहां के घरों को गंदा और भारत की खराब बुनियादी सुविधाओं का उदाहरण बताया। हालांकि, इन वीडियो के पीछे किसका उद्देश्य था और क्या इसके लिए किसी स्तर पर संगठित अभियान चलाया जा रहा था, इस बारे में अभी आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
चीन की ओर से नहीं आई कोई प्रतिक्रिया
इस पूरे मामले पर भारत ने अपनी नाराजगी जाहिर की है। वहीं, अब तक चीन की सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर गलत जानकारी और किसी देश की छवि को नुकसान पहुंचाने के आरोपों को लेकर चर्चा में है। अब देखना होगा कि बांग्लादेश के संबंधित अधिकारी इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।
यह भी पढ़े- कीर्ति आजाद के राम मंदिर पर बयान से मचा बवाल, संतों ने जताई नाराजगी; 5 लाख के इनाम का ऐलान








