Assam Train Accident: असम के कामरूप जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। यहां डिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस (13125) के 6 डिब्बे पटरी से उतर गए। यह घटना सुबह करीब 6:54 बजे हुई। हादसे के बाद रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों और राहत-बचाव दल की टीम मौके पर पहुंच गई।
Assam Train Accident: यात्रियों को निकालने का काम जारी
हादसे के बाद ट्रेन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू किया गया। शुरुआत में रेलवे की ओर से किसी की मौत या हताहत होने की जानकारी नहीं दी गई थी, लेकिन बाद में कई यात्रियों के घायल होने की खबर सामने आई।फिलहाल हादसे की असली वजह और इससे हुए नुकसान के बारे में विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।
मिजोरम से कोलकाता जा रही थी ट्रेन
जानकारी के मुताबिक, कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस मिजोरम से कोलकाता की ओर जा रही थी। इसी दौरान गुवाहाटी के बाहरी इलाके में डिगारू के पास ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतर गए। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा किस वजह से हुआ और इसमें कितने यात्री घायल हुए हैं।मामले से जुड़ी अन्य जानकारियों का इंतजार किया जा रहा है।

Assam Train Accident: असम में पहले भी हो चुके हैं रेल हादसे
असम में इससे पहले भी ट्रेन के पटरी से उतरने और हाथियों के ट्रेन की चपेट में आने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही 2 पिछले हादसों के बारे में।
29 अक्टूबर: सिलचर-गुवाहाटी एक्सप्रेस का इंजन पटरी से उतरा
असम के लुमडिंग-बदरपुर पहाड़ी रेलखंड पर सिलचर-गुवाहाटी एक्सप्रेस के इंजन की आगे वाली ट्रॉली पटरी से उतर गई थी। नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे (एनएफआर) के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 8:50 बजे बदरपुर और सुकरितिपुर रेलवे स्टेशनों के बीच हुई थी।इस हादसे में किसी यात्री के घायल होने या जान जाने की खबर सामने नहीं आई थी।
20 दिसंबर 2025: राजधानी एक्सप्रेस से टकराकर 7 हाथियों की मौत
असम के होजाई जिले में सैरांग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के सामने हाथियों का एक झुंड आ गया था। ट्रेन की चपेट में आने से 7 हाथियों की मौत हो गई थी, जबकि एक हाथी का बच्चा घायल हो गया था।इस हादसे में ट्रेन का इंजन और 5 डिब्बे भी पटरी से उतर गए थे।








