Home » एक्सप्लनेर » बांग्लादेश की झुग्गियों को दिल्ली बता रहे 150 चीनी व्लॉगर्स, भारत को बदनाम करने की क्या है साजिश?

बांग्लादेश की झुग्गियों को दिल्ली बता रहे 150 चीनी व्लॉगर्स, भारत को बदनाम करने की क्या है साजिश?

दिल्ली के नाम पर बांग्लादेश के वीडियो वायरल
दिल्ली के नाम पर बांग्लादेश के वीडियो वायरल

China Propaganda: बांग्लादेश में कुछ चीनी इन्फ्लुएंसर्स पर भारत की छवि खराब करने के लिए एक खास तरह का अभियान चलाने का आरोप लगा है। ये लोग बांग्लादेश की झुग्गी-बस्तियों, गंदी सड़कों और नालों के वीडियो बनाकर उन्हें नई दिल्ली का बताकर चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि ढाका और उसके आसपास के इलाकों में करीब 150 चीनी व्लॉगर्स सक्रिय हैं।मामला सामने आने के बाद बांग्लादेश पुलिस ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं, भारत के विदेश मंत्रालय ने भी इस पर कड़ा विरोध जताया है। मंत्रालय का कहना है कि इस मुद्दे को चीन और बांग्लादेश दोनों के सामने उठाया जाएगा। इस पूरे मामले का खुलासा बांग्लादेशी मीडिया की एक रिपोर्ट में हुआ है।

China Propaganda: क्या कर रहे हैं चीनी इन्फ्लुएंसर्स?

बांग्लादेश में सक्रिय चीनी इन्फ्लुएंसर्स अपने साथ दो मोबाइल फोन लेकर ढाका की सड़कों पर घूमते हैं। जहां उन्हें गंदगी या झुग्गी-बस्तियां दिखाई देती हैं, वहां वे एक फोन से लाइव वीडियो बनाने लगते हैं। वहीं, दूसरे मोबाइल की स्क्रीन पर कुछ लिखा होता है, जिसे देखकर वे वीडियो रिकॉर्ड करते हैं।ढाका के उत्तरा सेक्टर-12 और टेकपारा इलाके में इस तरह की गतिविधियां सबसे ज्यादा देखने को मिल रही हैं। स्थानीय लोगों को चीनी भाषा समझ नहीं आती, लेकिन इन वीडियो के दौरान उन्हें बार-बार ‘न्यू दिल्ली’ और ‘इंडिया’ जैसे शब्द सुनाई देते हैं। इससे वे भी असमंजस में रहते हैं कि आखिर ये लोग क्या कर रहे हैं।बांग्लादेश के प्रमुख अखबार ‘प्रोथोम आलो’ की रिपोर्ट के मुताबिक, इस समय ढाका के उत्तरा और टेकपारा में 150 से ज्यादा चीनी इन्फ्लुएंसर्स और व्लॉगर्स सक्रिय हैं। ये लोग कैमरे लेकर सड़कों पर घूमते हैं, दुकानों में जाते हैं और कई बार बिना अनुमति लोगों के घरों में भी प्रवेश कर जाते हैं।इनकी गतिविधियों के पीछे असली मकसद क्या है, यह स्थानीय लोगों को समझ नहीं आता। जब कोई उनसे सवाल करता है तो वे वहां से चले जाते हैं। बताया जा रहा है कि बांग्लादेश की दुकानों में भारतीय सामान रखकर उसका वीडियो बनाया जाता है और फिर उसे चीन में लाइव दिखाया जाता है।

भारत को लेकर झूठा नैरेटिव बनाने का आरोप

जब चीनी व्लॉगर्स की ये गतिविधियां लगातार बढ़ने लगीं तो बांग्लादेशी अखबार ‘प्रोथोम आलो’ ने मामले की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि ये इन्फ्लुएंसर्स कथित तौर पर जानबूझकर भारत की गलत तस्वीर पेश कर रहे हैं।ये लोग ऐसे इलाकों में जाते हैं, जहां आबादी ज्यादा है और गरीब परिवारों की बस्तियां मौजूद हैं। वहां पहुंचकर वे वीडियो रिकॉर्ड करते हैं और उन्हें भारत से जोड़कर दिखाते हैं।कुछ दुकानदारों ने बताया कि चीनी नागरिक उनसे चीनी भाषा में वीडियो बनवाते हैं। इसके बदले उन्हें पैसे भी दिए जाते हैं। दुकानदारों के मुताबिक, चीनी इन्फ्लुएंसर्स अपनी पसंद के कुछ सामान दुकानों में रखवाते हैं और उनका वीडियो बनाते हैं। इसके बदले दुकानदारों को 500 से 1000 टका तक दिए जाते हैं।हालांकि, दुकानदारों को यह जानकारी नहीं होती कि इन वीडियो का इस्तेमाल कहां और किस मकसद से किया जा रहा है। वे सिर्फ पैसे मिलने के कारण उनकी बात मान लेते हैं।

China Propaganda: बांग्लादेश के बाजार को दिल्ली का बताकर दिखाते हैं

बताया जा रहा है कि चीनी इन्फ्लुएंसर्स दुकानदारों को पैसे देकर अपनी योजना के मुताबिक वीडियो तैयार करवाते हैं। इसके लिए वे कुछ भारतीय उत्पाद अपने साथ लाते हैं और उन्हें बांग्लादेश की दुकानों में रखवा देते हैं।इसके बाद सबसे पहले उन उत्पादों को कैमरे में दिखाया जाता है और दावा किया जाता है कि यह दिल्ली का बाजार है। फिर वे आसपास की गंदी सड़कों, नालों और झुग्गी-बस्तियों की लाइव स्ट्रीमिंग करते हैं।इस तरह वीडियो में पहले भारतीय सामान दिखाकर जगह को दिल्ली का बाजार बताया जाता है। इसके बाद गंदगी और खराब हालात वाले इलाकों को दिखाया जाता है, ताकि दर्शकों को यह लगे कि ये तस्वीरें वास्तव में नई दिल्ली की हैं।

चीनी नागरिकों का दावा- भारत में नहीं जा सकते

ढाका के कुछ दुकानदारों के मुताबिक, एक वीडियो बनवाने के बदले उन्हें करीब 500 टका मिलते हैं। इसी वजह से कई दुकानों में भारतीय उत्पाद रखे हुए हैं।वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद चीनी नागरिक उन उत्पादों को दुकानदारों के पास ही छोड़ देते हैं। बाद में कोई दूसरा व्यक्ति उन्हीं सामानों को दिखाकर एक नया वीडियो बना लेता है।चीनी भाषा समझ में नहीं आने के कारण दुकानदार उनसे बातचीत करने के लिए गूगल ट्रांसलेटर का इस्तेमाल करते हैं। एक दुकानदार ने बताया कि जब उसने अनुवाद की मदद से उनसे पूछा कि वे इस तरह के वीडियो क्यों बनाते हैं, तो उन्होंने जवाब दिया कि वे भारत नहीं जा सकते। इसलिए यहां आकर अपने उत्पादों के विज्ञापन शूट करते हैं।

China Propaganda: भारत को बदनाम करने में जुटे चीनी इन्फ्लुएंसर्स
भारत को बदनाम करने में जुटे चीनी इन्फ्लुएंसर्स
China Propaganda: चीनी व्लॉगर्स की गतिविधियों से स्थानीय लोग परेशान

इन चीनी नागरिकों की वजह से दुकानदारों को भले ही कुछ कमाई हो रही हो, लेकिन स्थानीय निवासी उनकी गतिविधियों से परेशान हैं। लोगों का कहना है कि ये इन्फ्लुएंसर्स लगातार गलियों और झुग्गी-बस्तियों में कैमरा लेकर घूमते रहते हैं, जिससे उनकी रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।शुरुआत में स्थानीय लोगों को उनके आने और वीडियो बनाने से कोई खास परेशानी नहीं थी। लेकिन धीरे-धीरे ये लोग घरों के अंदर तक जाने लगे। वे लोगों के खानपान, कपड़ों और निजी जिंदगी से जुड़ी चीजों को भी कैमरे में रिकॉर्ड करने लगे। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई।कुछ लोगों ने इसका विरोध भी किया, लेकिन आरोप है कि चीनी नागरिकों ने उन्हें पैसे देकर शांत करा दिया।स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ही तरह के वीडियो कई महीनों तक लगातार बनाना सामान्य बात नहीं है। उन्हें शक है कि इन गतिविधियों के पीछे विज्ञापन बनाने के अलावा कोई दूसरा मकसद भी हो सकता है।

पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत

जब स्थानीय लोगों को इन गतिविधियों के पीछे भारत विरोधी प्रचार की जानकारी मिली तो ढाका के कई निवासियों ने नाराजगी जताई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।पुलिस अधिकारी भी यह जानकर हैरान रह गए कि उनके देश के इलाकों का इस्तेमाल कथित तौर पर भारत विरोधी प्रचार के लिए किया जा रहा है।स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि वे इस मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाएंगे। साथ ही, जल्द से जल्द इन गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कदम उठाए जाएंगे।

China Propaganda: चीन ऐसा प्रोपेगेंडा क्यों कर रहा है?

चीन की ओर से भारत के खिलाफ इस तरह का प्रचार पहली बार नहीं किया जा रहा है। चीन के मामलों पर नजर रखने वाले जानकारों का मानना है कि बांग्लादेश की झुग्गियों और गंदगी को दिल्ली का बताकर दिखाने के पीछे एक खास रणनीति हो सकती है।इसके जरिए चीन दुनिया के सामने यह संदेश देना चाहता है कि एशिया में विकास के मामले में वह भारत से काफी आगे है और दोनों देशों की तुलना नहीं की जा सकती।जानकारों के मुताबिक, चीन भारत के तेजी से बढ़ते विकास को दिखावटी बताने की कोशिश कर रहा है। वह ऐसा नैरेटिव तैयार करना चाहता है, जिससे दुनिया को लगे कि भारत की विकास संबंधी तस्वीर और जमीनी हकीकत में काफी अंतर है।

China Propaganda: चीनी इन्फ्लुएंसर्स के निशाने पर भारत क्यों?
चीनी इन्फ्लुएंसर्स के निशाने पर भारत क्यों?
पूर्व राजनयिक का दावा- इन्फ्लुएंसर्स नहीं, चीनी खुफिया एजेंसी के लोग

भारत के पूर्व राजनयिक दीपक वोहरा इस पूरे मामले को अलग नजरिए से देखते हैं। उनका मानना है कि बांग्लादेश की गलियों में घूम रहे ये लोग सामान्य सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स नहीं, बल्कि चीनी खुफिया एजेंसी से जुड़े लोग हो सकते हैं।उनके मुताबिक, ये गतिविधियां चीन की कम्युनिस्ट सरकार के पक्ष में माहौल बनाने और उसे राजनीतिक रूप से मजबूत बनाए रखने की कोशिश का हिस्सा हो सकती हैं।दीपक वोहरा का कहना है कि भारत की मजबूत होती अर्थव्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते प्रभाव के कारण चीन में शी जिनपिंग की लोकप्रियता प्रभावित हुई है। ऐसे में भारत के खिलाफ गलत जानकारी फैलाकर वे चीन में अपनी स्थिति और सत्ता बनाए रखना चाहते हैं।

भारत और दक्षिण एशिया के खिलाफ बढ़ रहे वीडियो

चीनी मामलों के विशेषज्ञ श्रीकांत कोंडापल्ली के मुताबिक, चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वीबो जैसे मंचों पर भारत और दक्षिण एशिया के दूसरे देशों के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री तेजी से बढ़ रही है।उनका कहना है कि नवंबर 2024 के बाद से इस तरह के वीडियो की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। इनका मकसद भारत और बांग्लादेश जैसे देशों की छवि को नुकसान पहुंचाना बताया जा रहा है।इन वीडियो में चीनी व्लॉगर्स भारत के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते और दक्षिण एशियाई देशों की गरीबी का मजाक उड़ाते दिखाई देते हैं। वे झुग्गी-बस्तियों, गंदी सड़कों और खराब रहन-सहन वाले इलाकों को कैमरे में रिकॉर्ड करके उनका मजाक बनाते हैं।ऐसे कई वीडियो चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मौजूद हैं। खासतौर पर नवंबर 2024 के बाद इनकी संख्या में तेजी से बढ़ोतरी देखी गई है।विशेषज्ञ के मुताबिक, चीनी व्लॉगर्स ज्यादातर ढाका के उत्तरी इलाकों में घूमते हैं। वहां की झुग्गी-बस्तियों के वीडियो बनाकर उन्हें भारत से जोड़ने और देश की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।

भारत ने चीन के सामने जताया कड़ा विरोध

बांग्लादेश की तस्वीरों को दिल्ली का बताकर भारत को बदनाम करने की कथित कोशिश पर भारत सरकार ने कड़ी नाराजगी जताई है।विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि सरकार भारत के खिलाफ बनाए जा रहे इन सभी वीडियो पर नजर रख रही है। इस मामले को लेकर चीन के अधिकारियों के सामने भी आपत्ति दर्ज कराई गई है।भारत ने चीन से मांग की है कि इस तरह के वीडियो बनाने और भारत के खिलाफ गलत जानकारी फैलाने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए। विदेश मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस मुद्दे को बांग्लादेश के सामने भी उठाया जाएगा।