Anant Singh: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी से पहले होने वाला तिलक समारोह इन दिनों चर्चा में है। इस भव्य आयोजन को यादगार बनाने के लिए पटना के दानापुर स्थित द ऑर्गेनो रिसॉर्ट में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। समारोह में करीब 5 हजार मेहमानों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए रिसॉर्ट में सजावट से लेकर खानपान और मेहमानों के स्वागत तक की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
Anant Singh: चार बीघा में फैला है पूरा रिसॉर्ट, 5 हजार मेहमानों के लिए व्यवस्था
दानापुर और सगुना मोड़ के बीच स्थित द ऑर्गेनो रिसॉर्ट करीब चार बीघा में फैला हुआ है। अपने विशाल परिसर और भव्य सुविधाओं के लिए पहचाने जाने वाले इस रिसॉर्ट में करीब 12 हजार वर्गफीट का बैंक्वेट हॉल है। इसके अलावा लॉन, गार्डन, स्विमिंग पूल और ओपन स्पेस सहित पूरे परिसर का क्षेत्रफल 1.60 लाख वर्गफीट से अधिक बताया जाता है। रिसॉर्ट में एक साथ करीब 4 से 5 हजार मेहमानों के शामिल होने की व्यवस्था है। यही वजह है कि बड़े स्तर पर होने वाले तिलक समारोह के लिए इसे चुना गया है।
Anant Singh: बिना पिलर का बैंक्वेट हॉल, सेंट्रलाइज्ड एसी की सुविधा
रिसॉर्ट के मैनेजर द्रोण कुमार ने लोकल 18 को बताया कि अनंत सिंह की बेटी के तिलक समारोह को देखते हुए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि रिसॉर्ट का बैंक्वेट हॉल बिना पिलर के बनाया गया है और इसमें सेंट्रलाइज्ड एसी की सुविधा भी उपलब्ध है।मैनेजर के मुताबिक, करीब 30 हजार वर्गफीट का लॉन एरिया भी मौजूद है। इसके अलावा स्विमिंग पूल और गार्डन रिसॉर्ट की खूबसूरती बढ़ाते हैं। उन्होंने दावा किया कि इतना बड़ा बैंक्वेट हॉल पूरे पटना में कहीं नहीं है।
मुख्य गेट से लेकर फूड स्टॉल तक को दिया जा रहा शाही लुक
तिलक समारोह को खास बनाने के लिए रिसॉर्ट के मुख्य गेट से लेकर बैंक्वेट हॉल तक को नए अंदाज में सजाया जा रहा है। इसके साथ ही फूड स्टॉल और मेहमानों के स्वागत की व्यवस्था भी तैयार की जा रही है। मैनेजर द्रोण कुमार के अनुसार, इतने बड़े आयोजन को देखते हुए रिसॉर्ट का रेनोवेशन भी कराया जा रहा है। कोशिश की जा रही है कि समारोह के दौरान मेहमानों को किसी तरह की परेशानी न हो और सभी व्यवस्थाएं आकर्षक रहें।
बिहटा से नजदीकी और 500 गाड़ियों की पार्किंग की व्यवस्था
रिसॉर्ट की लोकेशन भी इस आयोजन के लिए अहम मानी जा रही है। शादी में वर पक्ष का घर बिहटा में है, जबकि द ऑर्गेनो रिसॉर्ट दानापुर और सगुना मोड़ के बीच स्थित है। ऐसे में बिहटा से आने वाले मेहमानों के लिए यहां पहुंचना सुविधाजनक हो सकता है। वहीं, बड़ी संख्या में मेहमानों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पार्किंग की भी विशेष व्यवस्था की गई है। रिसॉर्ट में एक साथ करीब 400 से 500 गाड़ियां खड़ी की जा सकती हैं। इससे मेहमानों के वाहनों की पार्किंग में आसानी होगी।
साढ़े सात लाख रुपये से शुरू होती है बुकिंग, मेन्यू का खर्च अलग
द ऑर्गेनो रिसॉर्ट में किसी भी समारोह के आयोजन के लिए बुकिंग की शुरुआती कीमत करीब साढ़े सात लाख रुपये बताई गई है। हालांकि, इसमें मेन्यू, डेकोरेशन और अन्य सुविधाओं का खर्च शामिल नहीं है। इनके लिए अलग से भुगतान करना पड़ता है। मैनेजर द्रोण कुमार ने बताया कि रिसॉर्ट में बुकिंग के लिए अलग-अलग पैकेज उपलब्ध हैं। ऐसे में अनंत सिंह की बेटी के भव्य तिलक समारोह को देखते हुए प्रीमियम पैकेज के तहत बुकिंग कराए जाने की संभावना जताई जा रही है।
यह भी पढ़े- अदाणी की कच्छ कॉपर बनी ‘कॉपर मार्क’ हासिल करने वाली पहली भारतीय कंपनी, जानें किसे मिलता है यह सर्टिफिकेट








