Azam Khan Release: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान जेल से बाहर आ गए हैं। उनकी रिहाई को अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के लिए बड़ी राजनीतिक राहत माना जा रहा है। कहा जा रहा है कि आजम खान आगामी विधानसभा चुनाव में सपा के लिए मुस्लिम वोटरों को एकजुट करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आजम खान की वापसी से अखिलेश यादव को कितना फायदा होगा और क्या सपा एक बार फिर अपने पुराने मुस्लिम वोट बैंक को साधने में कामयाब हो पाएगी?
Azam Khan Release: आजम खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली जमानत
बता दें कि रामपुर की जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आजम खान को जमानत दे दी। इसके बाद बीती रात वह गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा होकर रामपुर पहुंचे। हालांकि, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उनकी जमानत को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देते हुए तत्काल सुनवाई की मांग की थी। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया। आजम खान की रिहाई को समाजवादी पार्टी के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। इसकी एक वजह यह भी है कि विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी को अपने पुराने और प्रभावशाली नेताओं की जरूरत है।
Azam Khan Release: रामपुर और आसपास के इलाकों में आजम खान का मजबूत प्रभाव
आजम खान समाजवादी पार्टी के सबसे पुराने और प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। खासकर रामपुर और उसके आसपास के इलाकों में उनका अच्छा खासा राजनीतिक प्रभाव है। सपा लंबे समय से मुस्लिम-यादव समीकरण के सहारे उत्तर प्रदेश की राजनीति में मजबूत रही है। हालांकि, इस बार अखिलेश यादव ने PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग का चुनावी फॉर्मूला सामने रखा है। ऐसे में आजम खान की वापसी इस रणनीति को मजबूती दे सकती है। पार्टी उन्हें मुस्लिम मतदाताओं के बीच अपने प्रभावशाली चेहरे के तौर पर पेश कर सकती है। वहीं, असदुद्दीन ओवैसी भी मुस्लिम राजनीति में सपा के प्रतिनिधित्व पर सवाल उठाते रहे हैं। ऐसे में आजम खान की सक्रियता ओवैसी की राजनीति का जवाब देने के लिए भी अहम हो सकती है।
जेल में आजम खान से दो बार मिले थे अखिलेश यादव
आजम खान की रिहाई से पहले अखिलेश यादव उनसे डासना जेल में दो बार मुलाकात कर चुके थे। इन मुलाकातों को आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति से जोड़कर देखा गया। बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच सपा के उम्मीदवारों, कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे और चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा हुई थी। इसके अलावा शिवपाल यादव भी जेल में आजम खान से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने आजम खान के साथ चुनाव प्रचार और पार्टी की आगामी रणनीति को लेकर बातचीत की थी। उत्तर प्रदेश में मुस्लिम मतदाताओं की आबादी करीब 20 प्रतिशत मानी जाती है। पिछले विधानसभा चुनाव में बड़ी संख्या में मुस्लिम मतदाताओं ने समाजवादी पार्टी का समर्थन किया था। ऐसे में अखिलेश यादव की कोशिश होगी कि आजम खान के जरिए इस वोट बैंक को फिर से अपने साथ जोड़ा जाए।
आजम खान की रिहाई से पहले क्या-क्या हुआ?
आजम खान की जेल से रिहाई का मामला भी काफी चर्चा में रहा। इससे पहले 31 अक्टूबर को दो पैन कार्ड मामले में जमानत मिलने के बाद वह रामपुर जेल से बाहर आए थे। हालांकि, जेल से बाहर आते ही प्रवर्तन निदेशालय ने उन्हें जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद आजम खान ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में अपनी गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए जमानत याचिका दाखिल की थी। हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद उनकी रिहाई का रास्ता साफ हुआ। इस मामले पर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने ED पर भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया था कि आजम खान को 70 से अधिक मामलों में जमानत मिल चुकी थी, लेकिन उन्हें जेल से बाहर आने से रोकने के लिए मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया गया। रिहाई के बाद आजम खान ने कहा था, “देश आजाद है, लेकिन संविधान कैद है। अब चुनाव नहीं इंकलाब होगा, बदलाव नहीं सैलाब आएगा। हम इंसान हैं और इंसानों की तरह ही जीना चाहते हैं।”
2027 के चुनाव में अखिलेश यादव को कितना फायदा होगा?
आजम खान की वापसी समाजवादी पार्टी के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उनके पास रामपुर के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी राजनीतिक पकड़ और समर्थकों का आधार है। ऐसे में वह पार्टी के चुनाव प्रचार और मुस्लिम मतदाताओं को जोड़ने में भूमिका निभा सकते हैं। हालांकि, केवल आजम खान की वापसी से मुस्लिम वोटों का पूरा समर्थन सपा को मिल जाएगा, यह कहना जल्दबाजी होगी। आगामी चुनाव में उम्मीदवारों का चयन, विपक्षी दलों की रणनीति, कांग्रेस के साथ गठबंधन और ओवैसी की सक्रियता जैसे कई मुद्दे अहम होंगे। कुल मिलाकर, आजम खान की रिहाई अखिलेश यादव के लिए एक बड़ा राजनीतिक अवसर है। अब देखना होगा कि वह इस मौके को 2027 के विधानसभा चुनाव में कितने प्रभावी तरीके से भुना पाते हैं।
यह भी पढ़ें- 135 अरब डॉलर का कर्ज होने पर भी पाक को चाहिए नया लोन, चीन के भरोसे चल रही नैया








