Home » ओपिनियन » Uttar Pradesh Assembly Elections 2027: योगी आदित्यनाथ को कब समझेंगे अखिलेश यादव ? संन्यासी की न कोई जाति होती है और न परिवार

Uttar Pradesh Assembly Elections 2027: योगी आदित्यनाथ को कब समझेंगे अखिलेश यादव ? संन्यासी की न कोई जाति होती है और न परिवार

UP Assembly Election 2027:

UP Assembly Election 2027: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर में अपने चुनावी अभियान के तहत राज्य के मुख्यमंत्री महंत योगी आदित्यनाथ पर व्यर्थ के जो कटाक्ष किये, वह उल्टे उन्हीं के लिए भारी पड़ेंगे।अखिलेश अच्छी तरह जान लें कि यदि योगी को सबसे सम्मानित लोगों की कृपा और आशीर्वाद मिला, तो वे इसके सुपात्र थे। योगी के हृदय में बहुत छोटी उम्र में दायित्व बोध की भावना जाग्रत हुई, तो वे तत्काल घर-परिवार छोड़कर देश और समाज की सेवा में जुट गये। राष्ट्र और समाज के लिए कुछ करने की भावना उन्हें पहाड़ की कंदराओं से निकालकर उस गोरखनाथ मठ तक ले आई, जिसका देश के स्वतंत्रता संग्राम से लेकर रामजन्मभूमि जैसे आंदोलनों में महत्वपूर्ण योगदान रहा।मठ ने विभिन्न धार्मिक-सामाजिक संगठनों को एक मंच से जोड़ने का कार्य किया। जब देश गुलामी की बेड़ियों में जकड़ा हुआ था, तब गोरखनाथ मठ शिक्षा व सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की चेतना जगाने में अहम भूमिका निभा रहा था। यदि मठ के प्रखर संतों का आशीर्वाद और स्नेह योगी आदित्यनाथ को मिला, तो वे स्वाभाविक रूप से इसके योग्य थे।

UP Assembly Election 2027: महंत अवैद्यनाथ ने योगी आदित्यनाथ को क्यों उत्तराधिकारी चुना?

दरअसल, अखिलेश यादव उस पार्टी का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिसकी बुनियादी राजनीति ही परिवारवाद पर टिकी हुई है।अखिलेश यदि सोचते हैं कि जैसे उन्हें उनके पिता मुलायम सिंह ने सपा के तमाम अनुभवी नेताओं को दरकिनार कर आसानी से सीएम की कुर्सी पर बिठा दिया, वैसा ही अवसर योगी आदित्नाथ को मिला, तो यह उनका भ्रम है। आखिर उनकी इस झूठी बात पर कोई कैसे विश्वास कर लेगा? योगी आदित्यनाथ को यदि महंत की गद्दी मिली तो वे इसके योग्य थे। गोरखनाथ पीठ (गोरक्षपीठ) के महंत या पीठाधीश्वर का चयन गुरु-शिष्य परंपरा के अनुसार होता है, जिसमें वर्तमान महंत अपने जीवनकाल में ही अपने योग्य उत्तराधिकारी को चुनते हैं। जब योगी के गुरु ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ को लगा कि उनका मूर्धन्य और कर्मठ शिष्य न सिर्फ गोरखनाथ मठ, बल्कि देश और समाज का नेतृत्व करने की क्षमताएं रखता है, तो उन्हें अपना उत्तराधिकारी चुना।योगी का अपने गुरु से कोई ऐसा नजदीकी पारिवारिक रिश्ता नहीं था जैसा कि समझा जाता है, बल्कि गुरु महंत अवैद्यनाथ राम जन्मभूमि आंदोलन में योगी आदित्यनाथ की सक्रियता और उनके राष्ट्र प्रेम से प्रसन्न थे।

UP Assembly Election 2027: संत समाज के प्रिय हैं योगी आदित्यनाथ

अखिलेश यादव को समझना चाहिए कि गोरखनाथ संप्रदाय के अनुयायी भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी बड़ी संख्या में हैं। यदि महंत अवैद्यनाथ ने योग्य संतों को पीछे कर योगी आदित्यनाथ को उत्तराधिकारी बनाया था, तो कहीं से भी इसका विरोध क्यों नहीं हुआ? कहीं से तो कोई विरोध की कोई चिंगारी उठती? अखिलेश संत परंपरा के बारे में कितना जानते हैं? क्या संत परंपराओं का निर्वाह उनके अनुसार होना चाहिए? विज्ञान स्नातक योगी आदित्यनाथ के कृतित्व एवं व्यक्त्तित्व से भारत ही नहीं, अपितु भारत के बाहर के देशों में भी जहाँ-जहाँ हिन्दू रहते हैं, सभी भलीभाँति परिचित हैं। उनकी व्यवहार कुशलता, दृढ़ता, कर्मठता और हिन्दुत्व निष्ठा में कहीं भी कोई संदेह नहीं है। योगी के युवा नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हिन्दुत्व का जो तेजोमय पुनर्जागरण हुआ है, वह युगान्तरकारी है।यही वजह है कि वे संत समाज, जनता और भाजपा संगठन के प्रिय हैं।

योगी का आकलन नहीं कर सकते अखिलेश

योगी आदित्यनाथ जैसे तेजस्वी, ऊर्जावान तथा अनन्त संभावनाओं से भरे करिश्माई व्यक्तित्व का आकलन करना अखिलेश के लिए बड़ा ही कठिन है, इसलिए अखिलेश उनसे अपनी तुलना न करें, तो बेहतर होगा। अपने परम पूज्य गुरुदेव गोरक्षपीठाधीश्वर महंत अवैद्यनाथ जी महाराज एवं उनके गुरु ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ जी महाराज को आदर्श एवं प्रेरणास्रोत मानने वाले महंत योगी आदित्यनाथ में राष्ट्रवाद और जन सेवा की भावना कूट-कूटकर भरी हुई है।उनकी कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। उन्होंने उत्तर प्रदेश को अपराध मुक्त कर उत्तम प्रदेश बनने की ठानी तो इसे अपनी संकल्प शक्ति से पूरा भी किया। आज उनके शासन में उत्तर प्रदेश निरंतर समग्र विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। राज्य में अपराध का कहीं नामोनिशान नहीं रहा।

योगी से अखिलेश की तुलना नहीं हो सकती

आज अखिलेश भले ही राम और कृष्ण को मानने की बात कर लें, लेकिन दुनिया देख रही है कि योगी राज में अयोध्या, मथुरा और काशी में कैसे करोड़ों रुपए के विकास कार्य हुए। रामजन्मभूमि में प्रकाश पर्व दीपावली के अवसर पर ‘दीपोत्सव’ की उनकी अनूठी सोच ने विश्व को भारत की सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई, तो राष्ट्र के आर्थिक विकास के नए रास्ते भी खोले। योगी यूपी के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने रामजन्मभूमि में अंतरराष्ट्रीय रामलीला एवं पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की पहल की। अब उनकी सोच श्रीकृष्ण जन्मभूमि में भव्य मंदिर बनाने की है। अखिलेश को क्यों नहीं कभी ऐसा विचार आया? अखिलेश यह भी भ्रम निकाल दें कि योगी को मुख्यमंत्री की कुर्सी विरासत में मिली। यूपी की जनता यदि उन्हें तीसरी बार मुख्यमंत्री देखने को उत्सुक है, तो स्पष्ट है कि योगी जातिवाद और क्षेत्रवाद की राजनीति के बजाय सबके विकास की सोच रखते हैं।योगी से अखिलेश की तुलना कदापि नहीं हो सकती है। अखिलेश राजनीति में परिवारवाद के प्रतिनिधि हैं, तो योगी हिंदुत्व, राष्ट्रवाद और विकास के रास्ते पर निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।

सुशील चौधरी
संपादक
khabarindia

यह भी पढ़े- पीएम मोदी ने FICCI के शताब्दी वर्ष सम्मेलन का किया उद्घाटन, बोले- 2047 तक भारत बनेगा विकसित राष्ट्र