Breaking News
Home » पंजाब » पंजाब के 24.86 लाख बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, 518 करोड़ का ब्याज और जुर्माना माफ करेगी मान सरकार

पंजाब के 24.86 लाख बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, 518 करोड़ का ब्याज और जुर्माना माफ करेगी मान सरकार

Punjab Electricity Bill Waiver:

Punjab Electricity Bill Waiver: पंजाब के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को बकाया बिलों पर बड़ी राहत मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 31 मार्च 2026 तक के बकाया बिजली बिलों पर 100 प्रतिशत ब्याज और जुर्माना माफ करने का ऐलान किया है। इसके लिए सरकार एकमुश्त निपटान योजना (OTS) लेकर आई है। इस योजना से राज्य के करीब 24.86 लाख उपभोक्ताओं को फायदा होगा। सरकार लगभग 518 करोड़ रुपये का ब्याज और जुर्माना माफ करेगी।

Punjab Electricity Bill Waiver: केवल मूल बिल की राशि चुकानी होगी

इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को बिजली बिल की केवल मूल बकाया राशि का भुगतान करना होगा। इसके लिए उन्हें कुल बकाया राशि का 25 प्रतिशत पहले जमा करना होगा। वहीं, बाकी 75 प्रतिशत रकम अधिकतम छह बराबर मासिक किस्तों में चुकाई जा सकेगी।इसके अलावा, आर्थिक परेशानी से जूझ रहे उपभोक्ताओं को भुगतान के लिए छह महीने का अतिरिक्त समय भी मिल सकता है। सरकार का कहना है कि इस कदम से उन परिवारों को राहत मिलेगी, जो आर्थिक तंगी के कारण अपने बिजली बिलों का भुगतान नहीं कर पाए हैं।

Punjab Electricity Bill Waiver: कटे हुए बिजली कनेक्शन भी होंगे बहाल

OTS योजना का लाभ केवल चालू बिजली कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को ही नहीं, बल्कि उन लोगों को भी मिलेगा जिनके बिजली कनेक्शन बकाया बिलों के कारण काट दिए गए हैं। ऐसे उपभोक्ता मूल बकाया राशि का भुगतान करके अपना बिजली कनेक्शन दोबारा चालू करवा सकेंगे। मुख्यमंत्री भगवंत मान के मुताबिक, करीब 2,516 करोड़ रुपये के बकाया बिजली बिलों वाले 24.86 लाख परिवार इस योजना के दायरे में आएंगे। सरकार का उद्देश्य ब्याज और जुर्माने के बढ़ते बोझ को कम करके आम परिवारों को राहत देना है।

45 दिनों तक उठा सकेंगे योजना का लाभ

सरकार के अनुसार, यह योजना 31 मार्च 2026 तक के बकाया बिजली बिलों पर लागू होगी। वाणिज्यिक सर्कुलर जारी होने के बाद उपभोक्ताओं को इसका लाभ लेने के लिए 45 दिनों का समय दिया जाएगा। योजना से संबंधित अधिसूचना 14 नवंबर को जारी की जानी थी। पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL) सात दिनों के भीतर पात्र उपभोक्ताओं को विशेष OTS बिल और नोटिस भेजेगी। इसमें कुल बकाया राशि, माफ किए गए ब्याज और जुर्माने के साथ भुगतान की जाने वाली मूल राशि की जानकारी दी जाएगी।

ऑनलाइन भुगतान करने पर अपने आप अपडेट होगी जानकारी

योजना के तहत ऑनलाइन भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं की संशोधित बकाया राशि बिजली विभाग के सिस्टम में अपने आप अपडेट हो जाएगी। इसकी जानकारी उपभोक्ताओं के ऑनलाइन अकाउंट और नए बिजली बिल में भी दिखाई देगी। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पात्र घरेलू बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 45 दिनों की निर्धारित अवधि के भीतर इस योजना का लाभ उठाएं और अपने बकाया बिजली बिलों का भुगतान करें।

यह भी पढ़े- EPFO पेंशनर्स को फिर लगा झटका! 7,500 रुपये न्यूनतम पेंशन पर नहीं हुआ फैसला, जानें अब कितना करना होगा इंतजार