IPS Jasvir Singh: उत्तर प्रदेश के चर्चित आईपीएस अधिकारी जसवीर सिंह का करीब आठ साल बाद सस्पेंशन खत्म कर दिया गया है। फरवरी 2019 में एक इंटरव्यू के बाद उन्हें निलंबित किया गया था। इस दौरान उनके खिलाफ विभागीय जांच भी चलती रही। जसवीर सिंह वही आईपीएस अधिकारी हैं, जिन्होंने बाहुबली नेता रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के खिलाफ खाद्यान्न घोटाले के आरोपों की जांच की थी और उन्हें गिरफ्तार किया था। आइए जानते हैं कौन हैं आईपीएस जसवीर सिंह और आखिर उन्हें इतने लंबे समय तक निलंबित क्यों रखा गया?
IPS Jasvir Singh: कौन हैं IPS जसवीर सिंह?
आईपीएस जसवीर सिंह मूल रूप से पंजाब के होशियारपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने यहां से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद वर्ष 1992 में यूपीएससी परीक्षा पास कर भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में शामिल हुए। वह 1992 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के अधिकारी हैं।पुलिस सेवा में आने के बाद उनकी तैनाती उत्तर प्रदेश के कई बड़े शहरों में हुई। अपने काम करने के अलग अंदाज और कई चर्चित मामलों के कारण वह अक्सर सुर्खियों में रहे। हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा पहचान वर्ष 2003 में मिली, जब उन्होंने बाहुबली नेता राजा भैया के खिलाफ कार्रवाई की थी।
IPS Jasvir Singh: राजा भैया को किया था गिरफ्तार
वर्ष 2003 में जसवीर सिंह यूपी पुलिस की फूड सेल में एसपी के पद पर तैनात थे। इसी दौरान उन्होंने राजा भैया के खिलाफ खाद्यान्न घोटाले से जुड़े आरोपों की जांच की थी। इस मामले में उन्होंने कार्रवाई करते हुए राजा भैया को गिरफ्तार भी किया था। उस समय यह मामला उत्तर प्रदेश की राजनीति और पुलिस महकमे में काफी चर्चा में रहा था। एक बाहुबली नेता के खिलाफ कार्रवाई करने के कारण जसवीर सिंह की पहचान एक सख्त और बेबाक पुलिस अधिकारी के रूप में बनी।
एक और घोटाले का किया था पर्दाफाश
जसवीर सिंह को जब एडीजी होमगार्ड्स की जिम्मेदारी सौंपी गई, तब उन्होंने विभाग से जुड़े एक बड़े घोटाले का पर्दाफाश किया था। इस कार्रवाई की पुलिस विभाग के भीतर और बाहर काफी चर्चा हुई थी। इसके बाद उन्हें एडीजी (रूल्स एंड मैनुअल्स) बनाया गया। हालांकि, एक इंटरव्यू के बाद उनका करियर विवादों में आ गया और फरवरी 2019 में उन्हें निलंबित कर दिया गया।
आखिर क्यों सस्पेंड हुए थे जसवीर सिंह?
जसवीर सिंह के निलंबन की वजह उनका एक इंटरव्यू बना था। इस इंटरव्यू में उन्होंने पुलिस व्यवस्था और उसके काम करने के तरीके पर सवाल उठाए थे। उन्होंने पुलिस के एनकाउंटर कल्चर पर भी अपनी राय रखी थी। इन बयानों के बाद उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, उन्होंने नोटिस का जवाब नहीं दिया और लंबी छुट्टी पर चले गए। इसके बाद फरवरी 2019 में उन्हें निलंबित कर दिया गया।
करीब 8 साल बाद हुई बहाली
निलंबन के बाद जसवीर सिंह के खिलाफ लंबे समय तक विभागीय जांच चलती रही। इस दौरान यूपीएससी और संबंधित विभागों की ओर से भी रिपोर्ट सौंपी गई। राज्य सरकार से भी मामले में रिपोर्ट मांगी गई थी। आखिरकार करीब आठ साल बाद उनका निलंबन समाप्त कर दिया गया है और उन्हें बहाल कर दिया गया। हालांकि, बहाली के बाद फिलहाल उन्हें कोई नई जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई है। उन्हें वेटिंग में रखा गया है। जसवीर सिंह की बहाली इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि वह उन अधिकारियों में गिने जाते हैं, जिन्होंने अपने कार्यकाल में बाहुबली नेता राजा भैया के खिलाफ कार्रवाई की थी और बाद में पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाने के कारण लंबे समय तक निलंबन झेला।








