Home » राजनीति » ‘महाभारत काल तक जाता है पुराने किले का इतिहास’, SCO फोरम में PM मोदी ने बताई भारत की ताकत, सामने बैठे रहे पाक मंत्री

‘महाभारत काल तक जाता है पुराने किले का इतिहास’, SCO फोरम में PM मोदी ने बताई भारत की ताकत, सामने बैठे रहे पाक मंत्री

SCO Civilisation Dialogue Forum:

SCO Civilisation Dialogue Forum: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार, 20 नवंबर को दिल्ली के ऐतिहासिक पुराने किले में पहले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सभ्यता संवाद मंच का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने भारत आए सभी अतिथियों का स्वागत और अभिनंदन किया। पीएम मोदी ने कहा कि ऐसे समय में, जब दुनिया में युद्ध और अशांति की चर्चा हावी है, भारत में सभ्यताओं के संवाद और सांस्कृतिक जुड़ाव पर मंथन हो रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक शांति की सबसे मजबूत गारंटी सांस्कृतिक जुड़ाव है। ऐसे में इस मंच का महत्व और बढ़ जाता है।

SCO Civilisation Dialogue Forum: SCO के 25 साल पूरे, सांस्कृतिक सहयोग पर दिया जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ महीने पहले ही शंघाई सहयोग संगठन ने अपनी स्थापना के 25 साल पूरे किए हैं। इन वर्षों में संगठन ने सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में सहयोग का विस्तार किया है। अब सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग इन रिश्तों को और मजबूत कर सकता है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह मंच नए विचारों को प्रोत्साहित करेगा और सांस्कृतिक सहयोग के नए अवसर तैयार करेगा। पीएम मोदी के मुताबिक, साझा सभ्यतागत अनुभव दुनिया को करीब लाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

SCO Civilisation Dialogue Forum: ‘महाभारत काल तक जाता है पुराने किले का इतिहास’

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में दिल्ली के पुराने किले के ऐतिहासिक महत्व का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘इस वक्त हम दिल्ली के पुराने किले में हैं। यह पुराना किला भारत की अद्भुत सांस्कृतिक धरोहर है। इसका इतिहास जितना आकर्षक है, उतनी ही दिलचस्प गाथाएं भी इसका हिस्सा हैं। विद्वानों के अनुसार, इस किले का इतिहास हजारों वर्ष पूर्व महाभारत काल तक जाता है।’ उन्होंने कहा कि इतने प्राचीन स्थान पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, वेद मंत्रों का पाठ, बौद्ध दर्शन की प्रस्तुति और हनुमान जी की यात्रा के जरिए भारत की संस्कृति के दर्शन हुए। इन प्रस्तुतियों में मानवता के लिए प्रेम और एकता का संदेश भी था। पीएम मोदी ने कहा कि ये विचार और शिक्षाएं जितनी प्राचीन हैं, उतनी ही सार्वभौमिक भी हैं। ये भौगोलिक और राजनीतिक सीमाओं से परे लोगों को एक-दूसरे से जोड़ती हैं। यही इस समिट का उद्देश्य और समय की मांग है। इस दौरान पाकिस्तान के मंत्री मुसद्दिक मलिक भी कार्यक्रम में मौजूद थे।

सिंधु घाटी और मेसोपोटामिया के बीच थे व्यापारिक संबंध

SCO सभ्यता संवाद मंच को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने भारत के प्राचीन व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंधों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया में अंतरराष्ट्रीय सहयोग और लोगों के बीच संपर्क की काफी चर्चा होती है, लेकिन इस दृष्टिकोण को हमारे पूर्वजों ने सदियों पहले ही समृद्ध किया था। पीएम मोदी ने बताया कि करीब 5 हजार साल पहले सिंधु घाटी सभ्यता और मेसोपोटामिया के बीच व्यापारिक संबंध थे। बाद में दूसरे व्यापार मार्गों ने इन संपर्कों को और विस्तार दिया। भारत, चीन, मध्य एशिया और यूरेशिया के कई क्षेत्र इन प्राचीन व्यापारिक नेटवर्क से जुड़े थे। उन्होंने कहा कि इन रास्तों से केवल व्यापारी ही नहीं, बल्कि विद्वान और बौद्ध भिक्षु भी यात्रा करते थे। इन यात्राओं के माध्यम से विचारों, भाषाओं और परंपराओं का आदान-प्रदान हुआ।

‘जिन रास्तों पर महीनों लगते थे, वहां अब सेकंडों में जुड़ सकते हैं’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि साम्राज्यों ने दुनिया के नक्शे जरूर बदले हैं, लेकिन सभ्यताओं के संवाद ने दुनिया के विचारों को बदला और उन्हें समृद्ध किया है। इसलिए SCO सिविलाइजेशन समिट केवल एक समारोह का मंच नहीं है, बल्कि यह दुनिया को दिशा देने वाला मंच बन सकता है। उन्होंने 21वीं सदी की तकनीक और डिजिटल प्लेटफॉर्म की भूमिका पर भी जोर दिया। पीएम मोदी ने कहा कि जिन रास्तों पर कभी पूर्वजों को महीनों यात्रा करनी पड़ती थी, आज उन्हीं देशों के लोग कुछ ही सेकंड में एक-दूसरे से जुड़ सकते हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म ने ज्ञान साझा करना, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पहले से आसान बना दिया है। उन्होंने SCO सदस्य देशों से इन नई तकनीकों का पूरा लाभ उठाने की अपील की।

प्राचीन पांडुलिपियों और ऐतिहासिक दस्तावेजों के डिजिटलीकरण पर जोर

पीएम मोदी ने कहा कि SCO देशों के संग्रहालय, पुस्तकालय और अभिलेखागार हजारों वर्षों की अमूल्य विरासत को संजोकर रखते हैं। प्राचीन पांडुलिपियां, दुर्लभ ग्रंथ, ऐतिहासिक दस्तावेज और कलाकृतियां आपसी सांस्कृतिक जुड़ाव के कई पहलुओं को उजागर करती हैं। उन्होंने कहा कि तकनीक के जरिए इस विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के बेहतरीन अवसर हैं। सदस्य देश प्राचीन ग्रंथों के डिजिटलीकरण और अनुवाद के लिए मिलकर काम कर सकते हैं। संयुक्त शोध परियोजनाओं के माध्यम से साझा इतिहास के नए पहलुओं को भी सामने लाया जा सकता है। पीएम मोदी के मुताबिक, इससे दुनिया के किसी भी कोने में रहने वाला युवा दूसरे देश की सांस्कृतिक विरासत को बेहतर ढंग से समझ सकेगा।

यह भी पढ़े- संन्यासी बेटे को देखकर मां रो पड़ी थीं, अब मां को देख योगी की आंखें हुईं नम