Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की कवायद तेज हो गई है। कांग्रेस ने प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। इसके बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव 2022 के विधानसभा चुनाव में अपनाए गए सीट बंटवारे के फॉर्मूले को आधार बनाकर कांग्रेस के साथ बातचीत आगे बढ़ाने की तैयारी में हैं। सूत्रों के मुताबिक, सपा फिलहाल कांग्रेस को 50 से 60 सीटें देने के पक्ष में है।
2022 के फॉर्मूले पर होगी बातचीत
सपा के प्रस्तावित फॉर्मूले में 2022 के विधानसभा चुनाव का आधार लिया जा रहा है। उस चुनाव में अखिलेश यादव ने कई छोटे दलों के साथ गठबंधन किया था और सहयोगी दलों के लिए कुल 56 सीटें छोड़ी थीं। अब कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे में भी इसी तरह के मॉडल को अपनाने की तैयारी है।
Akhilesh Yadav: कांग्रेस को 50-60 सीटों का ऑफर
सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी कांग्रेस को शुरुआती तौर पर 50 से 60 सीटें देने के मूड में है। अगर कांग्रेस ज्यादा सीटों की मांग पर जोर देती है तो 10 से 20 अतिरिक्त सीटों का विकल्प भी रखा जा सकता है। हालांकि इन अतिरिक्त सीटों पर उम्मीदवार समाजवादी पार्टी के हो सकते हैं।
कांग्रेस ने मांगी हैं 181 सीटें
सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों की मांग में बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है। अखिलेश यादव के मुताबिक कांग्रेस ने 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। कांग्रेस की मांग में कुछ ऐसी सीटें भी शामिल हैं, जहां 2022 में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार जीत चुके हैं।
Akhilesh Yadav: जीत की क्षमता पर रहेगा जोर
अखिलेश यादव पहले ही कह चुके हैं कि गठबंधन में सीट का फैसला जीतने की क्षमता को ध्यान में रखकर किया जाएगा। सपा का जोर ऐसे उम्मीदवारों और सीटों पर है, जहां गठबंधन की जीत की संभावना ज्यादा हो। 2022 में कांग्रेस ने प्रदेश में केवल दो विधानसभा सीटें जीती थीं, जबकि सपा के खाते में 111 सीटें आई थीं।
सात सदस्यीय टीम करेगी बातचीत
कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे की बातचीत के लिए सपा ने सात सदस्यीय टीम तैयार की है। इस टीम की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव करेंगे। टीम में सांसद राजीव राय, सांसद धर्मेंद्र यादव, पूर्व नौकरशाह आलोक रंजन और पूर्व एमएलसी उदयवीर सिंह समेत अन्य सदस्य शामिल हैं। यही टीम कांग्रेस के साथ सीटों और उम्मीदवारों को लेकर बातचीत आगे बढ़ाएगी।








