CMYogi: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह इन दिनों भारत की यात्रा पर हैं। इस दौरान भारत और नेपाल के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल सेवा शुरू की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखा रहे हैं।अयोध्या धाम और माता जानकी की जन्मस्थली जनकपुर धाम को जोड़ने वाली इस रेल सेवा के शुभारंभ के अवसर पर अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए।
CMYogi: दो प्राचीन संस्कृतियों को जोड़ेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस रेल सेवा की शुरुआत को अयोध्या और मिथिला की दो प्राचीन संस्कृतियों का ऐतिहासिक मिलन बताया। उन्होंने कहा कि सरयू-कमला एक्सप्रेस के माध्यम से अयोध्या और जनकपुर के बीच सदियों पुराने धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को एक बार फिर मजबूती मिलेगी।सीएम योगी के मुताबिक, मां सरयू की पवित्र धारा से जुड़े अयोध्या धाम और मां कमला के जल से पवित्र जनकपुर धाम को जोड़ने वाली यह ट्रेन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरासत और विकास को साथ लेकर चलने के प्रयास का उदाहरण है।उन्होंने कहा कि इस रेल सेवा के शुरू होने से नेपाल के श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या आकर रामलला के दर्शन करना आसान हो जाएगा। वहीं, भारत के श्रद्धालु भी सीधे जनकपुर धाम पहुंचकर माता जानकी के दर्शन कर सकेंगे।इस ऐतिहासिक पहल के लिए सीएम योगी ने भारत और नेपाल के नागरिकों को बधाई दी। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संतों, श्रद्धालुओं और आम लोगों की ओर से आभार जताया।
भारत और नेपाल का रिश्ता हजारों साल पुराना- सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच संबंध आज के नहीं, बल्कि हजारों वर्षों पुराने हैं। दोनों देश आस्था, परंपरा, साझा नदियों और पारिवारिक रिश्तों से जुड़े हुए हैं। आम भाषा में इस रिश्ते को रोटी-बेटी का संबंध कहा जाता है।उन्होंने रामायण के प्रसंग का जिक्र करते हुए बताया कि महर्षि विश्वामित्र के साथ भगवान राम और लक्ष्मण मिथिला गए थे। इसके बाद अयोध्या के राजा दशरथ बारात लेकर जनकपुर पहुंचे थे। भारत और नेपाल के मिथिला क्षेत्र में इस परंपरा को आज भी विवाह पंचमी और दूसरे धार्मिक आयोजनों के दौरान उत्सव के रूप में मनाया जाता है।सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या के लोग आज भी जनकपुर को अपना ससुराल मानते हैं। वहीं, मिथिला के लोग भगवान राम को पाहुन यानी दामाद के रूप में सम्मान देते हैं।विवाह पंचमी के अवसर पर जनकपुर के राम-जानकी विवाह मंडप में जब उत्सव मनाया जाता है, तब अयोध्या में भी मंगल गीत गाए जाते हैं। यह दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंधों को दर्शाता है।

CMYogi: पशुपतिनाथ और काशी विश्वनाथ का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री योगी ने भारत और नेपाल के धार्मिक संबंधों की चर्चा करते हुए भगवान पशुपतिनाथ और बाबा विश्वनाथ का भी उल्लेख किया।उन्होंने कहा कि पिछले साल विवाह पंचमी के दिन ही अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा स्थापित की गई थी। राम जन्मभूमि आंदोलन के 500 वर्षों के लंबे संघर्ष को याद करते हुए उन्होंने कहा कि इस दौरान नेपाल के संतों, युवाओं, महिलाओं और आम श्रद्धालुओं का सहयोग और त्याग हमेशा याद रखा जाएगा।सीएम योगी ने बताया कि राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के समय माता जानकी के मायके जनकपुर धाम से सैकड़ों श्रद्धालु मंगल उपहार लेकर अयोध्या पहुंचे थे।उन्होंने कहा कि नेपाल का पशुपतिनाथ मंदिर और वाराणसी का काशी विश्वनाथ धाम दोनों देशों के बीच आध्यात्मिक संबंधों को मजबूत करते हैं। उत्तर प्रदेश के श्रद्धालु कई पीढ़ियों से मुक्तिनाथ और पशुपतिनाथ मंदिरों में दर्शन के लिए जाते रहे हैं।इसके अलावा, दोनों देशों के बीच कई धार्मिक परंपराएं भी प्रचलित हैं। हर साल मकर संक्रांति पर नेपाल से भेजी गई खिचड़ी गोरखनाथ मंदिर में चढ़ाई जाती है। वहीं, वासंतिक नवरात्रि के दौरान नेपाल से एक धार्मिक यात्रा देवीपाटन शक्तिपीठ पहुंचती है।
सीएम योगी ने भगवान बुद्ध से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों को भी याद किया
अपने संबोधन में सीएम योगी ने भगवान बुद्ध और भारत-नेपाल के बीच उनके जीवन से जुड़े ऐतिहासिक संबंधों का भी जिक्र किया।उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध का जन्म नेपाल के लुंबिनी में हुआ था, लेकिन उनके जीवन, साधना और धम्म से जुड़े कई महत्वपूर्ण स्थान उत्तर प्रदेश में स्थित हैं। इनमें पिपरहवा यानी कपिलवस्तु, श्रावस्ती, सारनाथ और कुशीनगर प्रमुख हैं। ये सभी स्थान आज भी भगवान बुद्ध की विरासत को संजोए हुए हैं।सीएम योगी ने बताया कि जुलाई 2025 में भगवान बुद्ध के पवित्र पिपरहवा अवशेष 127 साल बाद हांगकांग से भारत वापस लाए गए थे। यह देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इन अवशेषों का उद्गम स्थल पिपरहवा उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में भारत-नेपाल सीमा के पास स्थित है।उन्होंने दोनों देशों के बीच नदियों के पुराने संबंधों को भी समझाया। सीएम योगी के अनुसार, हिमालय से निकलने वाली नेपाल की कर्णाली, गंडकी, राप्ती और महाकाली नदियां उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में पहुंचकर घाघरा यानी सरयू, गंडक, राप्ती और शारदा के रूप में बहती हैं।
CMYogi: जनकपुर की परंपराओं में भी बसता है अयोध्या का नाम
सीएम योगी ने कहा कि सरयू नदी की लहरों में नेपाल की सांस्कृतिक विरासत की झलक मिलती है, वहीं जनकपुर के मंगल गीतों में अयोध्या का नाम सुनाई देता है। उन्होंने भारत और नेपाल की खुली सीमा को दोनों देशों के बीच आपसी विश्वास का अनूठा उदाहरण बताया।उन्होंने कहा कि हर दिन हजारों लोग व्यापार, रोजगार, शिक्षा, इलाज और अपने परिवार व रिश्तेदारों से मिलने के लिए दोनों देशों के बीच बिना किसी रुकावट के आते-जाते हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत हर सुख-दुख के समय नेपाल के साथ खड़ा रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार की नीति स्पष्ट है और वह पड़ोसी देशों को प्राथमिकता देने यानी ‘पड़ोसी प्रथम’ के सिद्धांत पर आधारित है।








