India Nepal Air Route: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह भारत के दौरे पर हैं। इस दौरान भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से चले आ रहे महेंद्रनगर एयर रूट विवाद पर बातचीत होने की उम्मीद है। नेपाल चाहता है कि पश्चिमी सीमा से आने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को सीधे उसके हवाई क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति मिले। हालांकि, भारत ने अब तक इस रूट को केवल नेपाल से बाहर जाने वाली उड़ानों के लिए ही मंजूरी दी है।दुबई और दोहा जैसे शहरों से नेपाल आने वाले विमान पश्चिमी सीमा के ऊपर से गुजरते जरूर हैं, लेकिन उन्हें वहां से सीधे नेपाल में प्रवेश करने की अनुमति नहीं है। इसके लिए विमानों को पहले पूर्वी हिस्से में स्थित सिमरा एंट्री पॉइंट तक जाना पड़ता है। इसी वजह से नेपाल महेंद्रनगर L626 एयर रूट को दोतरफा यानी टू-वे करने की मांग कर रहा है।आखिर भारत और नेपाल के बीच यह विवाद कब शुरू हुआ? भारत इस रूट को मंजूरी देने से क्यों बचता रहा है? इससे नेपाल को क्या नुकसान हो रहा है और समझौता होने पर दोनों देशों को क्या फायदा मिल सकता है? आइए समझते हैं।
India Nepal Air Route: 17 साल से क्यों अटका है महेंद्रनगर एयर रूट का विवाद?
भारत और चीन के बीच स्थित नेपाल एक लैंडलॉक्ड देश है। इसका मतलब है कि नेपाल चारों तरफ से जमीन से घिरा हुआ है और उसकी कोई समुद्री सीमा नहीं है। ऐसे में नेपाल आने-जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को दूसरे देशों के हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल करना पड़ता है।इसी जरूरत को देखते हुए सितंबर 2009 में भारत और नेपाल के बीच नागरिक विमानन से जुड़ा एक समझौता ढांचा तैयार किया गया था। इसके बाद 19 नवंबर 2009 को नेपाल ने अपने पश्चिमी हिस्से में L626 एयर रूट यानी काठमांडू-महेंद्रनगर मार्ग शुरू किया।हालांकि, भारत ने इस रूट को केवल वन-वे एग्जिट रूट के तौर पर मंजूरी दी। इसका मतलब है कि नेपाल से दिल्ली, मध्य पूर्व और यूरोप जाने वाले विमान इस रास्ते से बाहर निकल सकते हैं, लेकिन विदेश से नेपाल आने वाले विमानों को इसी रास्ते से प्रवेश की अनुमति नहीं है। नेपाल लंबे समय से इसे टू-वे करने की मांग कर रहा है।दरअसल, 2009 से पहले नेपाल में केवल एक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा था, जो काठमांडू में स्थित त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है। उस समय ज्यादातर अंतरराष्ट्रीय उड़ानें इसी एयरपोर्ट पर आती थीं। भारत के हवाई क्षेत्र से नेपाल पहुंचने वाली उड़ानों के लिए सिमरा एंट्री पॉइंट पर्याप्त था।बाद में पर्यटन और हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए नेपाल ने पोखरा और भैरहवा में दो नए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे बनाए। इन एयरपोर्ट्स तक पहुंचने के लिए महेंद्रनगर L626 रूट सबसे सुविधाजनक माना जाता है। लेकिन पश्चिमी देशों से आने वाले विमानों को अब भी लंबा रास्ता तय करके सिमरा के रास्ते नेपाल में प्रवेश करना पड़ता है।
कब-कब हुई विवाद सुलझाने की कोशिश?
भारत और नेपाल के बीच पिछले 17 सालों में कई बार इस मुद्दे को सुलझाने के लिए बातचीत हुई, लेकिन अब तक कोई अंतिम समझौता नहीं हो सका है।
अगस्त 2014: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेपाल दौरे पर गए थे। इस दौरान उन्होंने नेपाल के तत्कालीन प्रधानमंत्री सुशील कोइराला से मुलाकात की। दोनों देशों के साझा बयान में जनकपुर, भैरहवा और नेपालगंज से नए एयर रूट खोलने पर सहमति बनाने की बात कही गई। इस मुद्दे को छह महीने के भीतर सुलझाने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन बातचीत आगे नहीं बढ़ पाई।
2016: इस साल भारत और नेपाल महेंद्रनगर एयर रूट को दोतरफा करने पर सहमत हो गए थे। हालांकि, भारत ने इस मामले में और विचार-विमर्श की जरूरत बताते हुए अंतिम फैसला टाल दिया।
जून 2018: भारत ने चार एयर रूट को दोतरफा करने पर सहमति जताई। इनमें काठमांडू-बिराटनगर-ढाका, काठमांडू-जनकपुर-कोलकाता, काठमांडू-जनकपुर-पटना और काठमांडू-महेंद्रनगर-दिल्ली (L626) रूट शामिल थे। हालांकि, महेंद्रनगर रूट को लेकर सहमति नहीं बन पाई।
सितंबर 2018: नेपाल को पुणे में BIMSTEC देशों के संयुक्त सैन्य अभ्यास में शामिल होना था। इस संगठन में बांग्लादेश, भूटान, भारत, म्यांमार, नेपाल, श्रीलंका और थाईलैंड शामिल हैं। लेकिन नेपाल इस अभ्यास से पीछे हट गया और चीन के साथ सैन्य अभ्यास में शामिल हो गया। इससे भारत और नेपाल के रिश्तों में तनाव बढ़ा। इसके बाद अक्टूबर में ‘काठमांडू पोस्ट’ ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया कि भारत ने L626 और नेपालगंज से नेपाल में प्रवेश के लिए नए एयर रूट देने की मांग से कदम पीछे खींच लिए हैं।
जून 2023: नेपाल के तत्कालीन प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल के भारत दौरे के दौरान भी यह मुद्दा उठा। भारत ने महेंद्रनगर रूट से 15 हजार से 24 हजार फीट की ऊंचाई पर विमानों को नेपाल में प्रवेश की अनुमति देने का प्रस्ताव दिया। हालांकि, विमानन विशेषज्ञों ने इसे जेट विमानों के लिए काफी कम ऊंचाई बताया। इसी वजह से इस प्रस्ताव पर कोई औपचारिक समझौता नहीं हो सका।
अब करीब तीन साल बाद एक बार फिर इस विवाद के सुलझने की उम्मीद जगी है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री बालेन शाह के दिल्ली दौरे के दौरान 17 साल पुराने इस मुद्दे पर कोई रास्ता निकल सकता है।

India Nepal Air Route: भारत महेंद्रनगर रूट को मंजूरी देने से क्यों बचता रहा?
भारत की ओर से इस एयर रूट को पूरी तरह खोलने में हिचकिचाहट के पीछे मुख्य रूप से तीन बड़ी वजहें मानी जाती हैं।
गोरखपुर एयरबेस की सुरक्षा: नेपाल की पश्चिमी सीमा से सटे भारतीय क्षेत्र में भारतीय वायुसेना के कई महत्वपूर्ण सैन्य ठिकाने हैं। इनमें गोरखपुर एयरबेस भी शामिल है, जहां नियमित रूप से लड़ाकू विमानों का अभ्यास होता रहता है। भारतीय वायुसेना को आशंका है कि इस क्षेत्र में नागरिक विमानों की आवाजाही बढ़ने से सैन्य गतिविधियों पर असर पड़ सकता है।
सैन्य और नागरिक विमानों के बीच टकराव का खतरा: आमतौर पर व्यावसायिक विमान ईंधन बचाने और सुरक्षित उड़ान के लिए 29 हजार से 35 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ते हैं। भारत ने पहले कम ऊंचाई वाले रूट पर सहमति जताई थी, लेकिन ज्यादा ऊंचाई वाला हवाई रास्ता खोलने से सैन्य और नागरिक विमानों के उड़ान मार्ग आपस में मिल सकते हैं। इससे विमानों के बीच टकराव का खतरा बढ़ सकता है। साथ ही भारत के संवेदनशील सैन्य ठिकानों की निगरानी से जुड़ी चिंताएं भी बढ़ सकती हैं।
नेपाल में चीन का बढ़ता प्रभाव: भारत की एक बड़ी चिंता नेपाल में चीन की बढ़ती मौजूदगी भी है। पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण चीन की मदद से हुआ है, जबकि भैरहवा एयरपोर्ट का निर्माण एक चीनी कंपनी ने किया है। ऐसे में भारत इन हवाई अड्डों से जुड़ी रणनीतिक गतिविधियों को लेकर सतर्क है। इसके अलावा भारत ने नेपाल की निजी एयरलाइन कंपनी हिमालय एयरलाइंस को 2015 से दिल्ली में उतरने की अनुमति नहीं दी है, क्योंकि इस कंपनी का मालिकाना हक एक चीनी कंपनी के पास है।
भारत और नेपाल के रिश्तों में समय-समय पर तनाव भी देखने को मिला है। साल 2018 में नेपाल का BIMSTEC सैन्य अभ्यास से पीछे हटकर चीन के साथ अभ्यास में शामिल होना और 2020 में भारत के कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा को अपने नए नक्शे में शामिल करना भी दोनों देशों के बीच मतभेद की वजह रहे हैं।
नेपाल को टू-वे एयर रूट नहीं मिलने से क्या नुकसान हो रहा है?
महेंद्रनगर L626 एयर रूट काठमांडू को महेंद्रनगर और भारत के पंतनगर होते हुए दिल्ली से जोड़ता है। लेकिन इस रूट पर केवल नेपाल से बाहर जाने वाले विमानों को अनुमति मिलने और सिमरा के एकमात्र एंट्री पॉइंट पर निर्भरता के कारण नेपाल को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विमानों का सफर लंबा और महंगा: पश्चिमी देशों से नेपाल आने वाले विमानों को सीधे पश्चिमी सीमा से प्रवेश करने के बजाय सिमरा तक लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। इससे उड़ान में करीब 20 मिनट का अतिरिक्त समय लगता है। ज्यादा दूरी तय करने के कारण विमानों में ईंधन की खपत भी बढ़ जाती है। इसका असर हवाई यात्रा के खर्च और टिकटों की कीमत पर पड़ता है।
नए अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का पूरा इस्तेमाल नहीं: नेपाल ने पोखरा और भैरहवा में दो नए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे बनाने पर करीब 6 हजार करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इसके बावजूद इनका पूरी क्षमता से इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है। भैरहवा स्थित गौतम बुद्ध अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हर साल करीब 10 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता है। लेकिन पश्चिमी दिशा से सीधा एयर रूट नहीं होने के कारण विदेशी एयरलाइंस यहां अपनी उड़ानें शुरू करने से हिचकिचाती हैं।
एयरस्पेस से होने वाली कमाई का नुकसान: जब किसी देश के हवाई क्षेत्र से दूसरे देश के विमान गुजरते हैं, तो उन्हें ओवरफ्लाइट और नेविगेशन फीस देनी पड़ती है। फिलहाल पश्चिमी देशों से नेपाल आने वाली उड़ानें भारतीय हवाई क्षेत्र में ज्यादा समय बिताती हैं और आखिरी हिस्से में नेपाल में प्रवेश करती हैं।
अगर महेंद्रनगर रूट को दोनों दिशाओं में खोल दिया जाता है, तो विदेशी विमान नेपाल के हवाई क्षेत्र में ज्यादा समय तक उड़ान भर सकेंगे। इससे नेपाल को अतिरिक्त कमाई होगी। नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के मुताबिक, इस व्यवस्था से हर विमान के लिए नेपाल को 250 से 500 डॉलर तक की कमाई हो सकती है।
India Nepal Air Route: नेपाल को नए एंट्री रूट की जरूरत क्यों है?
नेपाल के पास अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए देश से बाहर निकलने के सात एग्जिट पॉइंट हैं। इसके बावजूद पश्चिमी दिशा से आने वाले विमानों को पश्चिमी सीमा से सीधे नेपाल में प्रवेश करने की अनुमति नहीं है। उन्हें पहले पूर्वी हिस्से में मौजूद सिमरा एंट्री पॉइंट तक जाना पड़ता है।’काठमांडू पोस्ट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, नेपाल की करीब 90% अंतरराष्ट्रीय उड़ानें सिमरा के इसी एक एंट्री रूट से आती हैं। इस वजह से यहां हवाई यातायात का दबाव बढ़ जाता है। कई बार विमानों को एयर ट्रैफिक की वजह से आसमान में ही चक्कर लगाने पड़ते हैं।काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए यह व्यवस्था किसी तरह काम कर रही है, लेकिन भैरहवा और पोखरा के नए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों के लिए यह परेशानी बन गई है। इन दोनों एयरपोर्ट पर आने वाले विमानों को सिमरा के रास्ते पहुंचने के लिए हर बार करीब 20 से 25 मिनट का अतिरिक्त समय और ईंधन खर्च करना पड़ता है।नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के उप महानिदेशक प्रताप बाबू तिवारी के मुताबिक, अगर विमानों को पश्चिमी सीमा से सीधे प्रवेश की अनुमति मिलती है, तो भैरहवा पहुंचने वाली उड़ानों की दूरी करीब 350 किलोमीटर और पोखरा जाने वाली उड़ानों की दूरी करीब 270 किलोमीटर तक कम हो सकती है।
समझौता होने पर भारत और नेपाल को क्या फायदा होगा?
प्रधानमंत्री बालेन शाह के भारत दौरे से पहले नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने उम्मीद जताई है कि दोनों देशों के बीच कम से कम एक अतिरिक्त एयर रूट खोलने पर सहमति बन सकती है।अगर महेंद्रनगर L626 रूट को दोतरफा करने पर समझौता होता है, तो नेपाल को पश्चिमी सीमा से अंतरराष्ट्रीय विमानों के प्रवेश का एक नया रास्ता मिल जाएगा। इससे भैरहवा और पोखरा के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर उड़ानों की संख्या बढ़ सकती है। साथ ही नेपाल में पर्यटन और क्षेत्रीय हवाई संपर्क को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस समझौते से भारत को भी दो बड़े फायदे हो सकते हैं।
बागडोगरा एयरपोर्ट के लिए हवाई रास्ता: भारत पूर्वोत्तर क्षेत्र का प्रवेश द्वार माने जाने वाले पश्चिम बंगाल के बागडोगरा एयरपोर्ट के लिए नेपाल के पूर्वी हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल करना चाहता है। इससे इस एयरपोर्ट पर आने और यहां से उड़ान भरने वाले विमानों की आवाजाही आसान हो सकती है। इसके लिए भारत को नेपाल के हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल की अनुमति मिल जाएगी।
रक्सौल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी: भारत ने बिहार के रक्सौल से संचालित होने वाली उड़ानों के लिए भी नेपाल के हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल करने की मांग रखी है। अगर नेपाल इसकी अनुमति देता है, तो भारत के सीमावर्ती इलाकों में हवाई कनेक्टिविटी बेहतर हो सकती है।
India Nepal Air Route: दोनों देशों के बीच नियर-बॉर्डर ऑपरेशन समझौते का प्रस्ताव
इस मामले में भारत चाहता है कि नेपाल जल्द से जल्द अपनी सहमति दे। वहीं नेपाल का कहना है कि इतने महत्वपूर्ण मुद्दे पर जल्दबाजी में फैसला नहीं लिया जा सकता।इसके साथ ही दोनों देशों ने ‘नियर-बॉर्डर ऑपरेशन’ समझौते का एक मसौदा भी पेश किया है। इसके तहत मौसम खराब होने या किसी अन्य आपात स्थिति में भारत और नेपाल एक-दूसरे के हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल कर सकेंगे।इस तरह महेंद्रनगर L626 एयर रूट का विवाद केवल उड़ानों के आने-जाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह दोनों देशों की हवाई कनेक्टिविटी, पर्यटन, आर्थिक कमाई और रणनीतिक हितों से भी जुड़ा हुआ है। बालेन शाह के भारत दौरे में इस पर होने वाली बातचीत आने वाले समय में दोनों देशों के विमानन संबंधों की दिशा तय कर सकती है।








