UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार महिला सुरक्षा, महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सहायता जैसे मुद्दों को उठा रहे हैं। वहीं, उनके राम मंदिर जाने के ऐलान और भगवा वस्त्रों में नजर आने को लेकर भी सियासी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। दूसरी ओर, असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन ने प्रदेश की राजनीति में नए समीकरणों की चर्चा तेज कर दी है। इन मुद्दों पर ख़बर इंडिया की ग्राउंड रिपोर्ट में बीजेपी की एक महिला प्रतिनिधि ने अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भी उत्तर प्रदेश की सत्ता में योगी आदित्यनाथ की वापसी होगी।
UP Election 2027: 2027 में योगी आदित्यनाथ ही होंगे मुख्यमंत्री?
2027 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने साफ कहा कि बीजेपी की पहली पसंद योगी आदित्यनाथ ही हैं। उनके मुताबिक, अगले चुनाव में भी योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बनेंगे और इस पद के लिए पार्टी के पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है।उन्होंने कहा कि प्रदेश में योगी सरकार के कामकाज और विकास योजनाओं का असर दिखाई दे रहा है। विकास की रफ्तार के सामने विपक्षी दलों के गठबंधन टिक नहीं पाएंगे।
महिला सुरक्षा को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना
महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर अखिलेश यादव के बयानों पर उन्होंने सवाल उठाए। उनका आरोप था कि समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार में महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार की घटनाएं होती थीं और उनके सम्मान को पर्याप्त महत्व नहीं दिया जाता था।उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ की सरकार आने के बाद उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति में सुधार हुआ है। आज महिलाएं रात में भी घर से बाहर निकलने और यात्रा करने में पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित महसूस करती हैं।उनका कहना था कि पहले महिलाएं रात 8 बजे के बाद घर से बाहर निकलने से डरती थीं, लेकिन अब रात 2 बजे तक भी यात्रा कर सकती हैं। यमुना एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे समेत प्रदेश के दूसरे एक्सप्रेसवे पर भी सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हुई है।
UP Election 2027: सपा सरकार के पुराने कार्यकाल का किया जिक्र
समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय महिलाओं के खिलाफ कई आपत्तिजनक घटनाएं सामने आती थीं। महिलाओं के चरित्र पर सवाल उठाना और उनके खिलाफ गलत टिप्पणियां करना उस समय आम बात थी।उन्होंने राम मंदिर आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि कारसेवकों पर गोली चलाने की घटना से कई परिवार प्रभावित हुए थे। इस घटना में किसी ने अपना बेटा खोया तो किसी ने भाई या पति। उनके मुताबिक, इस घटना का असर महिलाओं और परिवारों पर भी पड़ा था।इसके विपरीत उन्होंने योगी सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार घर-घर शौचालय और राशन पहुंचाने के साथ बेटियों की शिक्षा और शादी तक की चिंता कर रही है। यही दोनों सरकारों के कामकाज में बड़ा अंतर है।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी सपा को घेरा
महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव को निशाने पर लिया गया। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण से जुड़ा विधेयक 2023 में पारित हो चुका था, लेकिन इसे लागू करने के मुद्दे पर विपक्ष की ओर से कई सवाल और अड़चनें खड़ी की गईं।उन्होंने सवाल उठाया कि जब अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव खुद सांसद हैं, तो फिर उनकी पार्टी ने महिलाओं के आरक्षण के समर्थन में मजबूती से भूमिका क्यों नहीं निभाई?उनका कहना था कि जो पार्टी महिला आरक्षण के मुद्दे पर सकारात्मक रुख नहीं रखती, वह अब महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान की बात कैसे कर सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि अखिलेश यादव को लगता है कि आने वाले चुनाव में उनकी पार्टी को इसका फायदा मिलेगा, लेकिन यह उनकी गलतफहमी है।
UP Election 2027: महिलाओं को 400 रुपये देने के वादे पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव की ओर से महिलाओं को 400 रुपये देने के वादे पर भी सवाल उठाए गए। उन्होंने इसे चुनावी वादा बताते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आते ही इस तरह की घोषणाएं और दावे सामने आने लगते हैं।उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर केवल 400 रुपये देने के वादे से महिलाओं का समर्थन हासिल किया जा सकता, तो सभी महिलाएं अपनी नौकरी छोड़कर उसी पार्टी के साथ जुड़ जातीं। उनके मुताबिक, ऐसे वादे केवल कागजों और भाषणों तक सीमित रहते हैं।उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के इन वादों पर उसकी अपनी महिला कार्यकर्ता या डिंपल यादव ही भरोसा करेंगी, लेकिन आम महिलाएं इस तरह के दावों के झांसे में नहीं आएंगी।
डिंपल यादव के सम्मान का मुद्दा उठाया
महिलाओं के सम्मान की बात करने पर अखिलेश यादव को उनकी पत्नी डिंपल यादव से जुड़े एक मामले की याद दिलाई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि जब एक मौलाना ने डिंपल यादव को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, तब अखिलेश यादव ने खुलकर उसका विरोध नहीं किया।उनका सवाल था कि जो व्यक्ति अपनी पत्नी के सम्मान के लिए आवाज नहीं उठा सकता, वह आम महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए कैसे खड़ा होगा? उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव महिलाओं के मुद्दों को केवल राजनीतिक फायदे के लिए उठा रहे हैं।
UP Election 2027: राम मंदिर जाने और भगवा वस्त्र पहनने पर टिप्पणी
अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने के ऐलान और भगवा वस्त्रों में नजर आने को लेकर भी सवाल उठाए गए। उन्होंने कहा कि केवल भगवा वस्त्र पहनने से किसी व्यक्ति की विचारधारा नहीं बदल जाती। जो लोग पहले राम मंदिर का विरोध करते थे, वे अब राजनीतिक लाभ के लिए भगवान राम की बात कर रहे हैं।उन्होंने मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के कार्यकाल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार में राम भक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं। उन्होंने कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दलों पर भी राम मंदिर निर्माण का विरोध करने का आरोप लगाया।उनका कहना था कि राम, शिव और कृष्ण का नाम लेने से कोई सच्चा भक्त नहीं बन जाता। जनता नेताओं के पुराने बयानों और उनके कामकाज को याद रखती है। इसलिए केवल मंदिर जाने या भगवा वस्त्र पहनने से लोगों का भरोसा नहीं जीता जा सकता।
बुलंदशहर की घटना का जिक्र कर महिला सुरक्षा पर सवाल
उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने 2017 में बुलंदशहर हाईवे पर हुई घटना का जिक्र किया।उन्होंने कहा कि उस समय हाईवे पर एक परिवार को निशाना बनाया गया था। बदमाशों ने पिता और बेटे के सामने मां और बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। उनके मुताबिक, प्रदेश की जनता आज भी इस घटना को नहीं भूली है।उन्होंने समाजवादी पार्टी के पुराने बयानों पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि दुष्कर्म जैसी गंभीर घटनाओं को लड़कों की गलती बताकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यह अपराध है और इसके लिए सजा मिलनी चाहिए।उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा के मुद्दे पर अखिलेश यादव को अपनी पिछली सरकार के कार्यकाल का भी जवाब देना चाहिए।
UP Election 2027: पीडीए के पोस्टर और अखिलेश यादव के भगवा चोले पर सवाल
समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर लगे एक पोस्टर को लेकर भी राजनीतिक टिप्पणी की गई। इस पोस्टर में अखिलेश यादव भगवा वस्त्रों में नजर आ रहे हैं। इसके साथ पीडीए का फुल फॉर्म और ‘पहले दर्शन, आशीर्वाद’ जैसे शब्द लिखे गए हैं।इस पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि पीडीए का मतलब बार-बार क्यों बदला जा रहा है? उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी राजनीतिक फायदे के हिसाब से अपनी पहचान और पहनावा बदलती रहती है।उनका कहना था कि जब किसी खास समुदाय को खुश करने की जरूरत होती है, तब अलग तरह की टोपी पहन ली जाती है और जब भगवा पहनने से फायदा नजर आता है, तब भगवा वस्त्र धारण कर लिए जाते हैं। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता विपक्ष की इस राजनीति को समझ चुकी है।
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर क्या कहा?
असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम और चंद्रशेखर आजाद के बीच हुए गठबंधन को लेकर भी सवाल किया गया। उनसे पूछा गया कि क्या इस नए गठबंधन से अखिलेश यादव के मुस्लिम वोट बैंक पर असर पड़ सकता है और क्या इसका फायदा बीजेपी को मिलेगा?इस पर उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनावों में भी कई विपक्षी गठबंधन बने थे। उस समय भी बीजेपी की जीत को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही थीं, लेकिन पार्टी के कार्यकर्ता अपने काम और सरकार की योजनाओं को लेकर आश्वस्त थे।उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचा है। विकास कार्यों को जमीन पर उतारा गया है और इसी वजह से बीजेपी को भरोसा है कि विपक्षी गठबंधन चुनाव में उसे रोक नहीं पाएंगे।
UP Election 2027: डबल इंजन सरकार पर अखिलेश यादव के बयान का जवाब
कुछ समय पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के लखनऊ दौरे और बीजेपी प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर डबल इंजन सरकार को खटारा बताया था। उन्होंने दावा किया था कि केंद्र और प्रदेश सरकार के बीच तालमेल ठीक नहीं है।इस बयान पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को दुनिया की आर्थिक महाशक्ति बनाने का लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए पूरी ताकत से काम कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के विकास में एक महत्वपूर्ण ग्रोथ इंजन के रूप में उभर रहा है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर विकास योजनाओं को आगे बढ़ा रही हैं। ऐसे में विपक्ष के आरोपों का कोई आधार नहीं है।
2027 में फिर भगवा सरकार बनने का दावा
अंत में उन्होंने कहा कि बीजेपी की नीतियां गरीबों, महिलाओं, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ इन सभी वर्गों तक पहुंच रहा है।उन्होंने दावा किया कि महिला सुरक्षा और विकास के क्षेत्र में योगी सरकार ने कई काम किए हैं, जिससे महिलाओं का भरोसा बीजेपी के साथ है। इसी आधार पर उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बनेंगे।उन्होंने दोहराया कि मुख्यमंत्री पद के लिए बीजेपी की पहली पसंद भगवा यानी योगी आदित्यनाथ ही हैं और इस पद के लिए कोई दूसरी वैकेंसी खाली नहीं है।








