Pakistan Netflix Series Ban: पाकिस्तान की पहली नेटफ्लिक्स ओरिजिनल वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की रिलीज से पहले ही भारत में इसे बैन करने की मांग उठने लगी है। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है कि इस पाकिस्तानी सीरीज को भारतीय OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने से रोका जाए। यह सीरीज 4 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने वाली है। इस वेब सीरीज में पाकिस्तान के एक-दो नहीं, बल्कि 12 बड़े कलाकार नजर आने वाले हैं। सीरीज को लेकर भारत में विवाद उस समय शुरू हुआ, जब AICWA ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर इसके भारत में प्रसारण पर रोक लगाने की मांग की।
Pakistan Netflix Series Ban: AICWA ने पाकिस्तानी सीरीज पर बैन लगाने की उठाई मांग
ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पाकिस्तानी वेब सीरीज को भारत में बैन करने की अपील की है। एसोसिएशन ने अपने पोस्ट में पाकिस्तान को आतंकवाद से जोड़ते हुए कहा कि पाकिस्तानी फिल्मों, सीरीज, गानों, पॉडकास्ट और किसी भी तरह के कंटेंट के लिए भारतीय स्क्रीन पर कोई जगह नहीं होनी चाहिए। AICWA ने इस मामले में सख्त और स्थायी कानून बनाने की मांग भी की है। एसोसिएशन का कहना है कि ऐसे नियम बनाए जाने चाहिए, जिनमें उल्लंघन करने वालों के लिए कड़ी सजा का प्रावधान हो। इसके अलावा AICWA ने नेटफ्लिक्स इंडिया समेत सभी OTT प्लेटफॉर्म से अपील की है कि वे भारत में पाकिस्तानी कंटेंट स्ट्रीम न करें।
Pakistan Netflix Series Ban: पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तानी कंटेंट पर लगी थी रोक
बता दें कि अप्रैल 2025 में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत में पाकिस्तानी कंटेंट को लेकर सख्त रुख अपनाया गया था। इसके बाद पाकिस्तानी कलाकारों और कंटेंट से जुड़े कई प्रतिबंध सामने आए। हालांकि, भारतीय दर्शक यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर अब भी कुछ पाकिस्तानी कंटेंट देख सकते हैं। पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तानी कलाकारों मावरा हुसैन, दानिश तैमूर, सबा कमर और हानिया आमिर के इंस्टाग्राम अकाउंट भी भारत में सस्पेंड किए जाने की खबरें सामने आई थीं। अब ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की रिलीज से पहले AICWA की मांग ने पाकिस्तानी कंटेंट की भारत में स्ट्रीमिंग को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है।
यह भी पढ़े- बाबा रामदेव ने फिर लगाई धीरेंद्र शास्त्री को फटकार, बोले- सनातन के नाम पर न फैलाएं तनातनी








