Sheikh Hasina: बांग्लादेश की राजनीति में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। अगस्त 2024 में सत्ता से हटाए जाने के बाद से भारत में रह रहीं पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 16 दिसंबर को अपने देश लौटने का ऐलान किया है। उन्होंने बांग्लादेश सरकार से अपनी वापसी के लिए सरकारी विमानन कंपनी ‘बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस’ का विमान भेजने की मांग भी की है।हसीना के इस ऐलान ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान की सरकार के सामने नई राजनीतिक और कूटनीतिक मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। अब सवाल यह है कि शेख हसीना ने वापसी के लिए 16 दिसंबर की तारीख ही क्यों चुनी? उनकी वापसी से तारिक रहमान की सरकार के सामने कौन-सी चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं? आइए समझते हैं।
Sheikh Hasina: 16 दिसंबर को ही बांग्लादेश लौटना क्यों चाहती हैं हसीना?
शेख हसीना ने वापसी के लिए 16 दिसंबर का दिन चुनकर एक खास राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की है। यह तारीख बांग्लादेश के इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।दरअसल, 16 दिसंबर 1971 को पाकिस्तानी सेना ने आत्मसमर्पण किया था। इसी के साथ बांग्लादेश एक स्वतंत्र देश बना था। उस समय देश का नेतृत्व शेख हसीना के पिता शेख मुजीबुर रहमान कर रहे थे। इसी ऐतिहासिक घटना की याद में हर साल 16 दिसंबर को बांग्लादेश में विजय दिवस मनाया जाता है।ऐसे में इस खास दिन पर स्वदेश लौटने का ऐलान करके हसीना खुद को बांग्लादेश की आजादी और उसके ऐतिहासिक संघर्ष की विरासत से जोड़ना चाहती हैं। इसके जरिए वह जनता के बीच भावनात्मक समर्थन हासिल करने की कोशिश भी कर सकती हैं।हसीना की इच्छा है कि वह 16 दिसंबर को सरकारी विमान से ढाका पहुंचें। यह वही दिन है, जब 1971 में बांग्लादेश का मुक्ति संग्राम समाप्त हुआ था।
हसीना के ऐलान के बाद सक्रिय हुए तारिक रहमान, NCP नेताओं से की मुलाकात
शेख हसीना की वापसी की घोषणा के बाद बांग्लादेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इसी बीच प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) के नेताओं के साथ बैठक की है।यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब बांग्लादेश के अलग-अलग हिस्सों में बम धमाकों, आगजनी और हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। इन घटनाओं के चलते देश में तनाव का माहौल बना हुआ है।NCP के संयोजक नाहिद इस्लाम के नेतृत्व में पार्टी के चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने ढाका में प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात की। करीब 40 मिनट तक चली इस बैठक में पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
Sheikh Hasina: सरकार ने क्या कहा?
बैठक के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता महदी अमीन ने कहा कि देश की लोकतंत्र समर्थक और तानाशाही विरोधी ताकतें एक साथ हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिशों का सभी मिलकर सामना करेंगे।वहीं, नाहिद इस्लाम ने कहा कि उनकी पार्टी केवल बातचीत तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि सरकार से ठोस कार्रवाई की उम्मीद करती है। उन्होंने यह भी कहा कि देश में राष्ट्रीय एकता बनाए रखने और राजनीतिक संवाद जारी रखने की जरूरत है।गौरतलब है कि NCP का गठन 2024 में शेख हसीना सरकार के खिलाफ हुए छात्र आंदोलन के बाद हुआ था। ऐसे में हसीना की दिसंबर में प्रस्तावित वापसी और देश में बढ़ती हिंसा के बीच तारिक रहमान और NCP नेताओं की यह मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है।

तारिक रहमान सरकार के सामने कौन-सी चुनौतियां हैं?
बांग्लादेश के मौजूदा प्रधानमंत्री तारिक रहमान के लिए शेख हसीना की वापसी का मुद्दा काफी मुश्किल साबित हो सकता है। दिलचस्प बात यह है कि हसीना के शासनकाल में तारिक रहमान को भी कई साल तक लंदन में निर्वासन में रहना पड़ा था।अब प्रधानमंत्री बनने के बाद उनके सामने एक तरफ छात्र नेताओं और कट्टरपंथी संगठनों का दबाव है, तो दूसरी तरफ देश में राजनीतिक स्थिरता बनाए रखने की चुनौती है।नाहिद इस्लाम समेत कई छात्र नेता चाहते हैं कि शेख हसीना को किसी भी कीमत पर मौत या उम्रकैद की सजा मिले।
नवंबर 2025 में बांग्लादेश की युद्ध अपराध अदालत हसीना की गैरमौजूदगी में उन्हें मौत की सजा सुना चुकी है।इसी बीच, हसीना के पासपोर्ट और स्वदेश वापसी की चर्चाओं के बाद अवामी लीग के समर्थक भी सड़कों पर उतरने लगे हैं। बता दें कि अवामी लीग पर अप्रैल 2026 से कानूनी प्रतिबंध लगा हुआ है।गोपालगंज से लेकर ढाका तक आगजनी और हिंसक झड़पों की खबरें सामने आई हैं। ऐसे में अगर शेख हसीना सीधे ढाका पहुंचती हैं, तो देश में बड़े स्तर पर हिंसा भड़कने की आशंका है। यही वजह है कि तारिक रहमान के लिए उनकी वापसी का फैसला लेना आसान नहीं होगा।
Sheikh Hasina: तारिक रहमान के पास क्या हैं 3 विकल्प?
शेख हसीना की वापसी को लेकर तारिक रहमान सरकार के सामने मुख्य रूप से तीन रास्ते हो सकते हैं।
1. दस्तावेजों की कमी का हवाला देकर वापसी रोकना
तारिक रहमान सरकार पहले ही शेख हसीना को नया पासपोर्ट और नेशनल आईडी कार्ड जारी करने से इनकार कर चुकी है। ऐसे में सरकार उनके लिए सरकारी विमान भेजने की मांग भी ठुकरा सकती है।वैध यात्रा दस्तावेज नहीं होने की स्थिति में हसीना के लिए भारत से बांग्लादेश पहुंचना बेहद मुश्किल हो जाएगा। इस तरह तारिक रहमान सरकार बिना किसी सीधे राजनीतिक टकराव के उनकी वापसी रोक सकती है।
2. एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर जेल भेजना
तारिक रहमान सरकार के एक मंत्री पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि अगर शेख हसीना किसी भी तरह बांग्लादेश की सीमा में प्रवेश करती हैं, तो उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। मंत्री के मुताबिक, इस मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।हालांकि, यह कदम तारिक रहमान के लिए राजनीतिक रूप से नुकसानदायक भी हो सकता है। हसीना को जेल भेजने से उन्हें राजनीतिक पीड़ित के तौर पर सहानुभूति मिल सकती है। इससे उनके समर्थकों को फिर से एकजुट होने और अवामी लीग को दोबारा सक्रिय करने का मौका मिल सकता है।
3. नए सिरे से निष्पक्ष सुनवाई का विकल्प
कूटनीतिक स्तर पर एक और संभावना पर चर्चा हो रही है। इसके मुताबिक, अगर शेख हसीना बांग्लादेश लौटती हैं, तो तारिक रहमान सरकार उनके खिलाफ नए सिरे से निष्पक्ष और पारदर्शी मुकदमा चलाने का रास्ता अपना सकती है।ऐसा करने के पीछे अंतरराष्ट्रीय दबाव और भारत की सुरक्षा से जुड़ी चिंताएं अहम हो सकती हैं। इससे तारिक रहमान सरकार यह संदेश देने की कोशिश कर सकती है कि हसीना के खिलाफ कार्रवाई किसी राजनीतिक बदले की भावना से नहीं, बल्कि कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है।
Sheikh Hasina: शेख हसीना की वापसी से भारत पर क्या असर पड़ेगा?
शेख हसीना की वापसी का मामला भारत के लिए भी काफी संवेदनशील है। भारत के सामने दो बड़ी चुनौतियां हैं। पहली, अपने पुराने सहयोगी शेख हसीना की सुरक्षा सुनिश्चित करना और दूसरी, बांग्लादेश की नई तारिक रहमान सरकार के साथ संबंधों को खराब होने से बचाना।भारत नहीं चाहता कि शेख हसीना की जान को कोई खतरा पहुंचे। साथ ही वह अपने पड़ोसी देश की मौजूदा सरकार के साथ कूटनीतिक रिश्ते भी बिगाड़ना नहीं चाहेगा।
हालांकि, शेख हसीना की ओर से खुद बांग्लादेश लौटने की पहल करने से भारत को कुछ राहत मिल सकती है। अगर ढाका सरकार उन्हें जरूरी यात्रा दस्तावेज देने या सरकारी विमान भेजने से इनकार करती है, तो भारत के पास अपना पक्ष रखने का आधार होगा।ऐसी स्थिति में भारत यह कह सकता है कि शेख हसीना खुद अपने देश लौटना चाहती थीं, लेकिन बांग्लादेश सरकार ने उनकी वापसी का रास्ता रोक दिया। इस तरह भारत इस पूरे मामले में अपनी कूटनीतिक जिम्मेदारी और भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट कर सकता है।








