Delimitation Bill: परिसीमन विधेयक को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि INDIA गठबंधन केंद्र सरकार के परिसीमन बिल का विरोध करेगा। उन्होंने इस विधेयक को लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा बताया है। वहीं, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से राजनीति से ऊपर उठकर विधेयक का समर्थन करने की अपील की है।
Delimitation Bill: परिसीमन बिल लोकतंत्र के लिए खतरा- खरगे
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि INDIA गठबंधन के सभी नेताओं ने मिलकर परिसीमन संविधान संशोधन विधेयक का विरोध करने का फैसला किया है। उनके मुताबिक, यह विधेयक लोकतंत्र को कमजोर करने और पूरी सत्ता केंद्र सरकार के हाथों में रखने की कोशिश है।खरगे ने कहा कि पहले बीजेपी ने 400 पार का नारा दिया था, लेकिन अब 800 पार की बात की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा की सीटें बढ़ाकर बीजेपी लंबे समय तक सत्ता में बने रहना चाहती है।
Delimitation Bill: SC-ST के हितों को नजरअंदाज करने का लगाया आरोप
खरगे ने परिसीमन विधेयक पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसमें अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के हितों का ध्यान नहीं रखा गया है। उन्होंने दावा किया कि संविधान के अनुसार SC-ST वर्ग के लिए सीटें बढ़नी चाहिए, लेकिन प्रस्तावित विधेयक में इसका कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है। उन्होंने कहा कि देश में जल्द ही नई जनगणना होने वाली है। ऐसे में परिसीमन की प्रक्रिया नई जनगणना के आधार पर होनी चाहिए, ताकि SC-ST वर्ग को उनकी बढ़ी हुई आबादी के अनुसार प्रतिनिधित्व मिल सके। खरगे ने आरोप लगाया कि बीजेपी नहीं चाहती कि इन वर्गों को उनका उचित अधिकार मिले।
चुनाव आयोग को जिम्मेदारी देने पर भी उठाए सवाल
कांग्रेस अध्यक्ष ने परिसीमन की जिम्मेदारी चुनाव आयोग को सौंपे जाने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने 10 करोड़ से अधिक लोगों को मतदाता सूची से हटाया है और अब उसी संस्था को परिसीमन की जिम्मेदारी दी जा रही है। खरगे ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि असम और जम्मू-कश्मीर में हुए परिसीमन के उदाहरण सामने हैं, जहां राजनीतिक फायदे के लिए भौगोलिक क्षेत्रों में बदलाव किए गए। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि बीजेपी ने विपक्षी दलों को तोड़कर अपना संख्याबल बढ़ाने की कोशिश की है। खरगे के मुताबिक, पहले TMC, NCP और शिवसेना जैसी पार्टियों में टूट हुई और अब सरकार विधेयक पारित कराने के लिए संसद का विशेष सत्र बुला रही है।
किरेन रिजिजू की विपक्ष से अपील, राजनीति से ऊपर उठकर करें समर्थन
दूसरी ओर, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों से विधेयक का समर्थन करने की अपील की है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद कांग्रेस को अपना पुराना रुख और सोच बदलनी चाहिए। रिजिजू ने विपक्ष से राजनीति को एक तरफ रखकर संसद में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए मिलकर काम करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि परिसीमन विधेयक का उद्देश्य लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देना और जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाना है।
महिलाओं के आरक्षण और राज्यों के हितों का दिया हवाला
किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रस्ताव रखा है। इसमें हर राज्य की चिंताओं को ध्यान में रखा गया है। उन्होंने दावा किया कि विधेयक में सभी राज्यों और समुदायों, जिसमें SC, ST और महिलाएं शामिल हैं, के हितों का ध्यान रखा गया है। रिजिजू ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई इस पहल का विरोध करता है, तो देश की महिलाएं और जनता उसे माफ नहीं करेगी। उन्होंने विपक्षी दलों से विधेयक को पारित कराने में सहयोग करने की अपील की।
यह भी पढ़े- परिसीमन पर विपक्षी दलों में बढ़ी तकरार, शरद पवार की पार्टी और DMK ने किया समर्थन का ऐलान








