Home » एक्सप्लनेर » फिर बढ़ी बिसलेरी की मुश्किलें, पश्चिम बंगाल टेस्ट में भी हुई फेल, मिले कोलीफॉर्म बैक्टीरिया, एक्सप्लेनर में जानिए पूरा मामला-

फिर बढ़ी बिसलेरी की मुश्किलें, पश्चिम बंगाल टेस्ट में भी हुई फेल, मिले कोलीफॉर्म बैक्टीरिया, एक्सप्लेनर में जानिए पूरा मामला-

Bisleri Coliform Bacteria:

Bisleri Coliform Bacteria: देश की जानी-मानी पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर कंपनी बिसलेरी की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा गांव स्थित बिसलेरी प्लांट के बोतलबंद पानी में से कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पाया गया है। जिसकी वजह से कंपनी को एक बार फिर रेगुलेटरी कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है। कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिलने के बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य सुरक्षा नियमों के कथित उल्लंघन के लिए कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। इस घटना के बाद FSSAI ने बाकी पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांडों की जांच तेज कर दी है। खबर इंडिया के एक्सप्लेनर में जानिए यह पूरा मामला।

Bisleri Coliform Bacteria: पश्चिम बंगाल प्लांट में मिला कोलीफॉर्म बैक्टीरिया


पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा गांव स्थित बिसलेरी प्लांट के बोतलबंद पानी में से कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिले हैं। शुरुआती जांच करने वाली प्राइमरी और रेफरल लैब ने इस बैक्टीरिया की पुष्टि की है। बोतलबंद पानी में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिलने के पीछे कई कारण हो सकते हैं।

कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिलने के संभावित कारण

सीवेज के संपर्क में आना-

कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिलने का प्रमुख कारण हो सकता है कि पानी सीवेज के संपर्क में आया हो।

पाइपलाइनों में खराबी-

इसके अलावा दूसरा मुख्य कारण हो सकता है कि बिसलेरी प्लांट की पाइपलाइन में लीकेज होने पर बाहर का दूषित पानी पेयजल में मिल सकता है।

सफाई में लापरवाही-

पानी की टंकियों, स्टोरेज टैंकों या बॉटलिंग मशीनों की ठीक से सफाई नहीं होने पर संदूषण हो सकता है।

Bisleri Coliform Bacteria: गोवा प्लांट का सैंपल भी था असुरक्षित

पश्चिम बंगाल प्लांट के मामले से पहले भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने गोवा के वर्ना स्थित बिसलेरी प्लांट के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर को पीने के लिए असुरक्षित बताया था। प्रारंभिक जांच में FSSAI को सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा अधिक मिली। जानकारी के अनुसार, ब्रोमेट की मात्रा प्रति लीटर 12 माइक्रोग्राम थी, जबकि निर्धारित अधिकतम सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर थी। इसके बाद दोबारा जांच रेफरल लैब में हुई, जहां पानी में पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) पाए गए। PAHs के पाए जाने पर रेफरल लैब ने सैंपल को पीने के लिए असुरक्षित घोषित किया था।

FSSAI ने बढ़ाया जांच का दायरा

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी, किनले, एक्वाफिना सहित पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांडों की जांच तेज कर दी है। CEO रजित पुनहानी ने बताया कि देशभर में सैंपल इकट्ठा करने और प्रयोगशाला में जांच का काम चल रहा है, जिसके नतीजे 1 से 2 महीने के भीतर आने की उम्मीद है। रजित पुनहानी ने यह साफ कहा कि इस प्रवर्तन अभियान का मकसद जनता के बीच घबराहट पैदा करना नहीं, बल्कि नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।

कई विवादों से घिरा रहा है बिसलेरी का सफर

साल 2000: दिल्ली प्लांट का लाइसेंस रद्द

बिसलेरी का सफर कई विवादों से घिरा रहा है। साल 2000 में बिसलेरी को दिल्ली स्थित अपने बॉटलिंग प्लांट को लेकर कार्रवाई का सामना करना पड़ा था। दरअसल, प्लांट से सप्लाई की गई कुछ बोतलों पर ISI मार्क नहीं था। इसके बाद ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (BIS) ने प्लांट का लाइसेंस रद्द कर दिया था। हालांकि, करीब डेढ़ महीने बाद कंपनी का लाइसेंस बहाल कर दिया गया था।

साल 2002: BIS ने फिर दिल्ली प्लांट पर की कार्रवाई

साल 2002 में BIS ने एक बार फिर बिसलेरी के दिल्ली प्लांट पर कार्रवाई की। 16 मई 2002 को लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन और गलत लेबलिंग के कारण प्लांट का लाइसेंस रद्द कर दिया गया था। इसके बाद मामले की अपील की गई, जिस पर अपीलीय प्राधिकरण ने BIS के आदेश को पलटते हुए तकनीकी ऑडिट कराने का निर्देश दिया। जून 2002 में प्लांट का निरीक्षण किया गया और सैंपल की जांच में निर्धारित मानकों के अनुरूप नतीजे मिलने के बाद 27 जून को लाइसेंस बहाल कर दिया गया।

साल 2003: बेंगलुरु और नोएडा प्लांट के लाइसेंस वापस लिए गए

साल 2003 में BIS ने बिसलेरी के बेंगलुरु और नोएडा स्थित प्लांटों के खिलाफ कार्रवाई की। 19 फरवरी को बेंगलुरु प्लांट से उत्पादित पानी पर ISI मार्क के इस्तेमाल की अनुमति वापस ले ली गई। इसके बाद 3 मार्च को नोएडा प्लांट का लाइसेंस भी वापस ले लिया गया। BIS के मुताबिक, निरीक्षण के दौरान लिए गए पानी के सैंपल निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे थे।

साल 2004: दिल्ली प्लांट में उत्पादन रोकने की नौबत

जुलाई 2004 में बिसलेरी के दिल्ली स्थित शिवाजी रोड प्लांट में उत्पादन रोकना पड़ा था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, BIS ने प्लांट का निरीक्षण करने के बाद बोतलों के लेबल पर आपत्ति जताई थी और ISI मार्क के इस्तेमाल पर रोक लगाने का आदेश दिया था। इसके चलते प्लांट में उत्पादन अस्थायी रूप से बंद रहा। हालांकि, बिसलेरी के चेयरमैन रमेश चौहान ने उस समय कहा था कि मामला पानी की गुणवत्ता से नहीं, बल्कि लेबलिंग से जुड़ा था।

यह भी पढ़े- ‘कुरान बड़ा या संविधान?’ राजभर के अखिलेश से सवाल के पीछे क्या है मुस्लिम आरक्षण का पूरा विवाद?