NCP: महाराष्ट्र की राजनीति में कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार के शरद पवार को लेकर दिए बयान के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। वडेट्टीवार की टिप्पणी के बाद शरद पवार की बेटी और NCP सांसद सुप्रिया सुले की नाराजगी सामने आई है। बताया जा रहा है कि इसी घटनाक्रम के बीच सुप्रिया सुले INDIA ब्लॉक की बैठक में ऑनलाइन भी शामिल नहीं हुईं। इससे विपक्षी गठबंधन के भीतर सहयोगी दलों के बीच रिश्तों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
विजय वडेट्टीवार ने शरद पवार पर बोला हमला
महाराष्ट्र सदन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने शरद पवार पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि शरद पवार ने अपना राजनीतिक जीवन प्रगतिशील आंदोलन के साथ बिताया, लेकिन उनका राजनीतिक इतिहास पीठ में खंजर घोंपने वाला रहा है। वडेट्टीवार ने यह भी कहा कि पवार सत्ता के बिना नहीं रह सकते और यही उनकी राजनीतिक भूमिका रही है।
NCP: लोकतंत्र को लेकर भी वडेट्टीवार ने साधा निशाना
वडेट्टीवार ने शरद पवार को लेकर लोकतंत्र से जुड़ा भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता था कि देश के लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश करने वालों में शरद पवार का नाम नहीं होना चाहिए, लेकिन अब ऐसी स्थिति बन रही है कि उनका नाम भी वहां आ सकता है। उन्होंने परिसीमन विधेयक को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा और इसे देश में तानाशाही लाने की कोशिश से जोड़ा।
सुप्रिया सुले INDIA बैठक से रहीं दूर
कांग्रेस नेता के बयान के बाद सुप्रिया सुले की नाराजगी की बात सामने आई। रिपोर्ट के मुताबिक, वह INDIA ब्लॉक की बैठक में शामिल नहीं हुईं। खास बात यह रही कि वह बैठक में ऑनलाइन भी नहीं जुड़ीं। उनके बैठक से दूर रहने को शरद पवार पर कांग्रेस नेता की टिप्पणी से जोड़कर देखा जा रहा है।
NCP सांसदों ने सुले से किया संपर्क
इस घटनाक्रम के बाद शरद पवार की NCP के सांसदों ने सुप्रिया सुले से फोन पर संपर्क किया। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के सभी सांसदों ने उन्हें अपना समर्थन दिया। सांसदों ने कहा कि शरद पवार और सुप्रिया सुले जो फैसला लेंगे, वही अंतिम होगा। पार्टी के भविष्य और आगे की रणनीति को लेकर भी सांसदों ने उनके साथ खड़े रहने की बात कही।
गठबंधन में रिश्तों को लेकर चर्चा तेज
विजय वडेट्टीवार के बयान और उसके बाद सुप्रिया सुले के INDIA ब्लॉक की बैठक से दूर रहने के घटनाक्रम ने महाराष्ट्र की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। एक तरफ कांग्रेस नेता का शरद पवार पर सीधा हमला सामने आया है, वहीं दूसरी ओर NCP सांसदों ने सुप्रिया सुले के समर्थन में एकजुटता दिखाई है। अब इस घटनाक्रम का असर INDIA ब्लॉक के भीतर सहयोगी दलों के संबंधों पर किस तरह पड़ता है, इस पर नजर बनी हुई है।








