Women Reservation: महिला आरक्षण कानून को लेकर देश की राजनीति में एक बार फिर चर्चा तेज है। आमतौर पर इस मुद्दे पर बात होती है कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण मिलेगा। लेकिन इसके साथ एक बड़ा सवाल भी जुड़ा है कि आखिर महिलाओं के लिए कौन-सी सीटें आरक्षित होंगी? क्या रायबरेली, वाराणसी और लखनऊ जैसी अहम सीटें भी महिला आरक्षित हो सकती हैं? यही वह सवाल है, जिसे लेकर नेताओं की चिंता बढ़ सकती है। महिला आरक्षण का मामला सिर्फ संसद तक सीमित नहीं है। इसका असर राज्यों की विधानसभाओं पर भी पड़ेगा। हर तीन में से एक सीट महिलाओं के लिए आरक्षित होनी है। ऐसे में कई मौजूदा सांसदों और विधायकों को अपनी सीट छोड़नी पड़ सकती है। यही वजह है कि महिला आरक्षण के साथ परिसीमन का मुद्दा भी बेहद अहम हो गया है।
Women Reservation: नेताओं को अपनी सीटों की चिंता क्यों?
महिला आरक्षण लागू होने के बाद सबसे बड़ा सवाल सीटों के आरक्षण का होगा। मान लीजिए रायबरेली सीट महिलाओं के लिए आरक्षित हो जाती है, तो वहां से मौजूदा पुरुष उम्मीदवार चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। इसी तरह वाराणसी या लखनऊ जैसी सीटों पर भी ऐसा हो सकता है। हालांकि, राजनीतिक दल अपने बड़े नेताओं के लिए दूसरी सीटों का विकल्प तलाश सकते हैं, लेकिन हर नेता के लिए ऐसा करना आसान नहीं होगा। कई नेताओं की राजनीतिक ताकत उनके अपने क्षेत्र में मजबूत पकड़ और स्थानीय समीकरणों पर निर्भर करती है। ऐसे में अगर उनकी सीट आरक्षित हो जाती है, तो उन्हें अपनी चुनावी रणनीति बदलनी पड़ सकती है।
Women Reservation: महिला आरक्षण में कई और पेच
इसका असर सिर्फ पुरुष सांसदों और विधायकों पर ही नहीं पड़ेगा। जिन सीटों से अभी महिला सांसद या विधायक चुनी गई हैं, अगर वे सीटें महिला आरक्षित नहीं रहतीं और सामान्य श्रेणी में चली जाती हैं, तो वहां भी टिकट को लेकर नए समीकरण बन सकते हैं। इसके अलावा अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित सीटों में भी महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण दिया जाना है। यानी किसी सीट के महिला आरक्षित होने के साथ यह भी तय होगा कि वह सामान्य वर्ग की महिला के लिए है या SC/ST श्रेणी की महिला के लिए।
अभी कैसे तय होती हैं SC-ST की आरक्षित सीटें?
लोकसभा और विधानसभा की सीटों का परिसीमन और आरक्षित सीटों का निर्धारण परिसीमन आयोग के जरिए किया जाता है। इसमें राज्यों की जनसंख्या और SC-ST आबादी के अनुपात को ध्यान में रखा जाता है। उदाहरण के तौर पर, अगर किसी राज्य की कुल आबादी में अनुसूचित जाति की हिस्सेदारी 10 फीसदी है, तो उस अनुपात के आधार पर राज्य की कुछ सीटें SC वर्ग के लिए आरक्षित की जाती हैं। इसी तरह अनुसूचित जनजाति की आबादी के अनुपात के आधार पर ST सीटें तय होती हैं। ये सीटें स्थायी नहीं होतीं। परिसीमन के दौरान इनके आरक्षण में बदलाव किया जा सकता है। इसलिए किसी चुनाव में आरक्षित रही सीट अगले परिसीमन के बाद सामान्य श्रेणी में भी जा सकती है।
परिसीमन आयोग क्या होता है और इसका काम क्या है?
परिसीमन आयोग का काम जनसंख्या के आधार पर लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाएं तय करना और आरक्षित सीटों का निर्धारण करना है। इसके गठन के बाद आयोग राज्यों और निर्वाचन क्षेत्रों की स्थिति का अध्ययन करता है और फिर सीटों की सीमाओं में बदलाव करता है। भारत में अब तक अलग-अलग समय पर परिसीमन आयोग बनाए गए हैं। 1952, 1963, 1973 और 2002 में परिसीमन आयोग का गठन हुआ। 2002 में बने आयोग ने अपना काम 2008 में पूरा किया था। इसके बाद 2009 के लोकसभा चुनाव नए परिसीमन के आधार पर हुए।
1976 में क्यों रोक दिया गया था सीटों का विस्तार?
परिसीमन को लेकर एक बड़ा विवाद जनसंख्या नियंत्रण से जुड़ा रहा है। आशंका थी कि जिन राज्यों की आबादी तेजी से बढ़ेगी, उन्हें लोकसभा में ज्यादा सीटें मिलेंगी। इससे जनसंख्या नियंत्रित रखने वाले राज्यों का प्रतिनिधित्व तुलनात्मक रूप से कम हो सकता था। इसी चिंता के चलते 1976 में संवैधानिक संशोधन के जरिए लोकसभा और विधानसभा की सीटों के राज्यों के बीच आवंटन को 2001 की जनगणना तक स्थगित कर दिया गया। बाद में इस अवधि को 2026 तक बढ़ाया गया। 2001 की जनगणना के आधार पर परिसीमन हुआ, लेकिन राज्यों के बीच कुल सीटों के आवंटन को नहीं बदला गया।
परिसीमन के बाद बदल सकता है लोकसभा का पूरा नक्शा
परिसीमन के साथ लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने की चर्चा भी हो रही है। सामने आए प्रस्तावों और चर्चाओं में सीटों की संख्या बढ़ाने के अलग-अलग विकल्पों पर बात हो रही है। एक संभावित मॉडल के तहत राज्यों की मौजूदा सीटों में करीब डेढ़ गुना बढ़ोतरी की बात कही जा रही है। उदाहरण के तौर पर, अगर उत्तर प्रदेश की लोकसभा सीटें 80 से बढ़कर 120 हो जाती हैं, तो केरल की सीटें भी 20 से बढ़कर 30 हो सकती हैं। हालांकि, सीटों की वास्तविक संख्या और राज्यों के बीच उनका बंटवारा परिसीमन की प्रक्रिया और अंतिम फैसले पर निर्भर करेगा। दक्षिण भारत के राज्यों की चिंता भी इसी मुद्दे से जुड़ी है। उनका तर्क है कि जिन राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन किया है, उन्हें नए परिसीमन में नुकसान नहीं होना चाहिए।
महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें कैसे तय होंगी?
महिला आरक्षण के तहत लोकसभा और विधानसभाओं की कुल सीटों में करीब एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। SC और ST वर्ग के लिए आरक्षित सीटों में भी एक-तिहाई सीटें संबंधित वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित की जाएंगी। महिलाओं की आबादी किसी एक खास क्षेत्र तक सीमित नहीं है। इसलिए महिला आरक्षित सीटों का निर्धारण पूरे राज्य में निर्वाचन क्षेत्रों के आधार पर करना होगा। इसके साथ ही सीटों का आरक्षण रोटेशन के आधार पर बदलता रहेगा। यानी कोई सीट हमेशा के लिए महिला आरक्षित नहीं रहेगी।
2029 के चुनाव से पहले क्या बदल सकता है?
महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर सबसे अहम सवाल इनके लागू होने की समयसीमा का है। चर्चा है कि सरकार जनगणना के आधार पर परिसीमन की प्रक्रिया जल्द पूरी कराना चाहती है, ताकि 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले सीटों की संख्या और आरक्षण की व्यवस्था में बदलाव हो सके। हालांकि, यह प्रक्रिया कब और किस तरह पूरी होगी, इसका फैसला संबंधित संवैधानिक प्रावधानों और सरकारी निर्णयों पर निर्भर करेगा। कुल मिलाकर, महिला आरक्षण का मुद्दा केवल संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तक सीमित नहीं है। इसके साथ परिसीमन, सीटों की संख्या, SC-ST आरक्षण और राजनीतिक दलों की चुनावी रणनीति जैसे कई सवाल जुड़े हैं। असली चुनौती यही होगी कि आखिर कौन-सी सीट किस श्रेणी के लिए आरक्षित होती है।
यह भी पढ़े- उत्तराखंड के पौड़ी में बड़ा हादसा, खाई में गिरी गाड़ी; 7 लोगों की मौत, PM मोदी और CM धामी ने जताया दुख








