दिल्ली में सर्दियों ने आधिकारिक तौर पर दस्तक दे दी है। शनिवार की सुबह लोगों ने ठंडी हवा और धुंध के साथ दिन की शुरुआत की। राजधानी का न्यूनतम तापमान गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो इस सीजन की सबसे ठंडी रात साबित हुई। मौसम विभाग ने बताया कि यह तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री कम रहा।
जिन लोगों ने सुबह-सुबह जॉगिंग या दफ्तर के लिए घर से निकलना चाहा, उन्होंने ठंडी हवा की पहली ‘चुभन’ महसूस की। सड़क किनारे चाय की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई और लोग कहने लगे, “अब तो लगता है सच में सर्दी आ गई!”
मैदानों में असर
उत्तर भारत में यह ठंड पहाड़ों से आ रही है। हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में पिछले 48 घंटे से बर्फबारी हो रही है। यही बर्फीली हवा अब मैदानों की ओर बढ़ रही है। इसका असर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक दिखने लगा है।
मौसम विभाग ने बताया है कि पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में शीतलहर जैसी स्थिति बनने लगी है। भरतपुर, अलवर, जयपुर, सवाई माधौपुर और टोंक जैसे जिलों में रात का तापमान लगातार नीचे जा रहा है।
दिल्ली की हवा फिर बनी खतरा
ठंड बढ़ने के साथ दिल्ली की हवा एक बार फिर खराब हो गई है। शनिवार शाम को जब AQI का स्तर ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंचा, तो सोशल मीडिया पर लोगों ने सुप्रीम कोर्ट से ‘हेल्थ इमरजेंसी’ घोषित करने की मांग शुरू कर दी। कई इलाकों में हवा इतनी जहरीली हो गई कि सांस लेना भी मुश्किल महसूस हुआ।
मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल हवा में नमी और ठंड दोनों मिलकर प्रदूषण को नीचे दबा रहे हैं। अगले कुछ दिन हवा की स्थिति और बिगड़ सकती है।
आगे क्या रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में दिल्ली-एनसीआर में तापमान और नीचे जा सकता है। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री या उससे नीचे भी पहुंचने की संभावना है।
वहीं राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की शीतलहर का असर बढ़ेगा। दूसरी ओर दक्षिण भारत में बारिश अगले हफ्ते तक जारी रहने की संभावना है।
लोगों के लिए सलाह
मौसम विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि सुबह-शाम बाहर निकलते वक्त गर्म कपड़ों का इस्तेमाल शुरू कर दें। खासकर बुजुर्ग और बच्चे ठंड से बचाव के उपाय करें। वहीं दक्षिण भारत में लोगों को बिजली कड़कने के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
Read More: नवंबर में बदलेंगे कई ग्रह, जानिए किस राशि की खुलेगी किस्मत और कौन रहेगा संभलकर?








