Bihar Election 2025: बिहार चुनाव में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राजग के सक्रिय और लोकप्रिय स्टार प्रचारक हैं। मजह 10 दिनों में सीएम योगी ने 31 चुनावी कार्यक्रम किए, जिसमें 30 रैलियां और एक रोड शो शामिल हैं। इन रैलियों के जरिए उन्होंने भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हम और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कुल 43 प्रत्याशियों के पक्ष में वोट की अपील की। पार्टी की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, सीएम योगी आदित्यनाथ ने 16 अक्टूबर को बिहार का चुनाव प्रचार शुरू किया था और 10 दिनों में राज्य के कई जिलों में रैलियां कीं।
छतों पर चढ़कर योगी का दीदार करते लोग
दरभंगा में उन्होंने रोड शो कर एनडीए प्रत्याशी के लिए समर्थन मांगा। जिस जिले में गए, वहां जनता का उत्साह देखते ही बनता था। कहीं लोग छतों पर चढ़कर तो कहीं पेड़ों और दीवारों पर खड़े होकर ‘बुलडोजर बाबा’ का दीदार करते नजर आए। सीएम योगी आदित्यनाथ इन चुनावों में एनडीए के लिए सबसे ज्यादा डिमांड वाले स्टार प्रचारकों में रहे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, बिहार की जनता में उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जहां भी उनकी सभा हुई, वहां लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। मुख्यमंत्री योगी ने अपनी रैलियों में बिहार के मतदाताओं के सामने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था और विकास का मॉडल रखा और कहा कि भाजपा के नेतृत्व में कानून व्यवस्था और विकास एक साथ संभव है। उन्होंने बताया कि यूपी में अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति ने कैसे माहौल बदला और निवेश बढ़ाया। मुख्यमंत्री योगी ने कांग्रेस-राजद गठबंधन को हर जनसभा में कोसा और बिहार के लोगों को जंगलराज की याद दिलाई।

Bihar Election 2025: ‘बुलडोजर बाबा’ अब उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं
इसके साथ उनका यूपी के विकास मॉडल, धार्मिक पर्यटन के साथ अच्छे निवेश पर भी फोकस रहा। विपक्ष ने बिहार को ‘जंगलराज’ और भ्रष्टाचार में डुबोया, और वे अब फिर सत्ता में आने का सपना देख रहे हैं। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे विकास, रोजगार और कानून व्यवस्था के लिए एनडीए सरकार को मजबूत करें। बिहार चुनाव में सीएम योगी की ताबड़तोड़ रैलियों ने न सिर्फ राजनीतिक ऊर्जा का संचार किया, बल्कि यह भी साफ कर दिया कि ‘बुलडोजर बाबा’ अब सिर्फ उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं हैं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में भी एनडीए के सबसे असरदार प्रचारक बन चुके हैं।
बिहार में भी चलेगा माफिया पर बुलडोजर
हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोहिउद्दीननगर में चुनावी सभा में कहा था कि समाजवादी पार्टी ने रामभक्तों पर गोली चलाई थी, कांग्रेस के नेता आज छठ मैया पर सवाल उठा रहे हैं। यूपी में हमने सिर्फ नाम नहीं बदले, बल्कि काम से प्रदेश का नाम दुनिया में रोशन किया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बन रहा है, काशी में विश्वनाथ धाम तैयार है और प्रयागराज में दिव्य कुंभ का आयोजन हुआ। अब बिहार में भी माफिया पर बुलडोजर चलेगा, क्योंकि यूपी का बुलडोजर न थमने वाला है, न डरने वाला। वहीं गयाजी के वजीरगंज में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा था कि जो राम का नहीं हुआ, वो हमारे किसी काम का नहीं होगा। जो राम द्रोही है, वो हमारा भी द्रोही है। ये लोग जंगलराज ही लाएंगे। आगे भी यही करेंगे।’ योगी ने सभा में खड़े 7 बुलडोजर दिखाते हुए कहा- ‘देख लीजिए यही आपके बिहार में भी चलने वाले हैं। बस हमारी सरकार बनवाइए।’
ये भी पढ़े… Etawah News: रूह कंपा देने वाला वीडियो वायरल… दबंगों ने युवक को लाठी डंडो से बुरी तरह पीट किया अधमरा






