Moradabad News: मुरादाबाद पुलिस ने छात्रों को चरस सप्लाई करने वाले एक सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह लंबे समय से जिले के विभिन्न कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों में नशे का जाल फैला रहा था। पुलिस को मिली गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई में यह पूरा नेटवर्क उजागर हुआ।
घेराबंदी कर पुलिस ने तस्कर को दबोचा
पाकबड़ा थाना पुलिस को सूचना मिली कि बागड़पुर ओवरब्रिज के नीचे चरस की डिलीवरी होने वाली है। इसके बाद एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तस्कर राजाराम को मौके पर दबोच लिया। राजाराम के कब्जे से 1.53 किलोग्राम चरस बरामद की गई। हालांकि मौके पर मौजूद उसके दो साथी शुरुआत में भागने में सफल रहे लेकिन बाद में सिविल लाइंस पुलिस ने तुषार और स्वयं नामक दोनों भाइयों को दबोच लिया।
Moradabad News: पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि ये दोनों भाई केवल सप्लायर नहीं बल्कि बड़े नेटवर्क का हिस्सा हैं। राजाराम उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र का निवासी है और पिछले तीन साल से मुरादाबाद के मिलन विहार में रहकर नशे के धंधे को आगे बढ़ा रहा था। तुषार और स्वयं उसी के साथ मिलकर कॉलेजों के छात्रों को चरस पहुंचाने का धंधा कर रहे थे।
पुलिस जांच में पता चला कि इस नशे के साम्राज्य की जड़ें इनके परिवार तक फैली हैं। तुषार और स्वयं के पिता जगदीश उर्फ ‘सेटी’ को कुछ समय पहले हरिद्वार पुलिस ने 19 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया था। पिता की गिरफ्तारी के बाद दोनों बेटों ने खुद यह धंधा संभाल लिया और चरस की सप्लाई का जिम्मा उठा लिया। यह गिरोह बरेली सहित अन्य जिलों से नशे का सामान मंगाकर मुरादाबाद और आस-पास के इलाकों में सप्लाई करता था।
ये भी पढ़े… मेरठ में दर्दनाक हादसा, बेकाबू ट्रक की चपेट में आई मासूम, मां की गोद से उछलकर गिरी बच्ची ने मौके पर तोड़ा दम







