Bareilly news: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर जाटान में बेटी के निकाह से पहले दी गई दावत को लेकर विवाद सामने आया। गांव निवासी ताहिर अली ने आरोप लगाया कि हिंदू परिचितों को दावत देने से नाराज कुछ ग्रामीणों ने समारोह का बहिष्कार कर दिया, जिससे पूरा आयोजन प्रभावित हुआ।
अलग-अलग दिन रखी गई थी दावत
ताहिर अली के अनुसार, उनकी बेटी का निकाह 3 दिसंबर को था। इससे पहले- 1 दिसंबर को हिंदू परिचितों के लिए शाकाहारी भोजन के साथ दावत रखी गई ,2 दिसंबर को मुस्लिम समुदाय के लिए मांसाहारी भोजन के साथ दावत तय थी और उनका कहना है कि हिंदुओं के लिए पहले दावत रखने को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई।
Bareilly news: उकसावे का आरोप, गांव के लोगों ने नहीं खाया भोज
ताहिर अली का आरोप है कि कुछ मौलवी-मौलानाओं के कथित उकसावे के बाद गांव के कई मुस्लिम परिवारों ने 2 दिसंबर की दावत का बहिष्कार कर दिया।
इसके चलते दावत में कोई नहीं पहुंचा और उन्हें चार से पांच लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। साथ ही समारोह की रौनक भी फीकी पड़ गई।
निकाह के बाद बढ़ा मानसिक दबाव,अगले दिन वापस
पीड़ित परिवार का कहना है कि निकाह के बाद भी गांव में उन्हें ताने सुनने पड़े। लगातार तनाव और सामाजिक दबाव के चलते ताहिर अली ने शनिवार को भोजीपुरा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। हालांकि, अगले ही दिन रविवार को ताहिर अली ने अपनी शिकायत वापस ले ली। उन्होंने पुलिस को बताया कि बहिष्कार करने वाले लोगों ने अपनी गलती मान ली है और आपसी बातचीत से मामला सुलझ गया है, इसलिए वे किसी तरह की कार्रवाई नहीं चाहते।
पुलिस का बयान,माहौल शांत है
भोजीपुरा थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बन गई है। शिकायतकर्ता ने स्वयं तहरीर वापस लेने की इच्छा जताई, जिसके बाद मामले में आगे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस के अनुसार, गांव में स्थिति सामान्य है और किसी प्रकार का तनाव नहीं है। प्रशासन ने लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
ये भी खबरें पढ़े… मथुरा में कोहरे का कहर: यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, बसों में लगी आग, 4 की मौत; आंकड़ा बढ़ने की आशंका







