Kannauj News: कन्नौज जिले के ठठिया कस्बे स्थित एक इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान धार्मिक विषय पर दिए गए भाषण को लेकर हिन्दू-मुस्लिम विवाद खड़ा हो गया है। मामले में ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर आफाक खां पर हिन्दू छात्राओं को इस्लाम की शिक्षा देने और एक विशेष धर्म का प्रचार करने का आरोप लगा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें लाइन हाजिर कर दिया है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
वायरल वीडियो में ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर आफाक खां कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए इस्लाम और पैगंबर मोहम्मद साहब के बारे में जानकारी देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वे अरब समाज में बेटियों की स्थिति का जिक्र करते हुए इस्लाम द्वारा महिलाओं को संरक्षण दिए जाने की बात कहते दिखाई दे रहे हैं।
Kannauj News: हिन्दू संगठन हुआ नाराज
वीडियो सामने आने के बाद हिन्दू संगठनों में नाराजगी फैल गई। बजरंग दल समेत अन्य हिन्दूवादी संगठनों ने इसे सरकारी पद पर रहते हुए धर्म विशेष का प्रचार बताया और पुलिस अधीक्षक से सख्त कार्रवाई की मांग की। सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर तीखी प्रतिक्रियें देखने को मिलीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बिनोद कुमार ने जांच के आदेश दिए थे। जांच की जिम्मेदारी ट्रैफिक सीओ डॉ. प्रियंका वाजपेयी को सौंपी गई। प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर सोमवार देर शाम ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर आफाक खां को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े… शामली में बुर्का न पहनने से नाराज फारुख ने पत्नी-दो बेटियों की हत्या कर ‘आंगन में दफनाया’






