UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी तैयारियां तेज होती जा रही हैं। समाजवादी पार्टी भी अपने संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ युवा और दलित मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ बढ़ाने की रणनीति पर काम करती नजर आ रही है। इसी कड़ी में सपा छात्र सभा की पहचान में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मंगलवार को छात्र सभा के लिए नई यूनिफॉर्म और संगठन से जुड़ी योजनाओं का ऐलान कर सकते हैं।
सूत्रों के मुताबिक, छात्र सभा के सदस्य अब मैरून रंग की टी-शर्ट की जगह नीली टी-शर्ट और जींस में नजर आएंगे। सियासी तौर पर इस बदलाव को महज ड्रेस कोड में परिवर्तन के तौर पर नहीं देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकार इसे 2027 के चुनाव से पहले सपा की दलित और युवा वोट बैंक को साधने की रणनीति से जोड़कर देख रहे हैं।
नीला रंग और PDA की राजनीति
समाजवादी पार्टी लंबे समय से PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण को अपनी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बनाए हुए है। ऐसे में छात्र संगठन की यूनिफॉर्म का रंग नीला करने के फैसले ने राजनीतिक चर्चा को और तेज कर दिया है। नीला रंग दलित राजनीति से जुड़ी एक मजबूत पहचान माना जाता है। ऐसे में सपा के इस कदम को दलित युवाओं के बीच अपनी स्वीकार्यता बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। खासकर ऐसे समय में जब सभी प्रमुख राजनीतिक दल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले युवा और पहली बार वोट करने वाले मतदाताओं को अपने पाले में लाने की कोशिश कर रहे हैं।
सपा अब अपने युवा संगठनों को नई पहचान देने की तैयारी में है। पार्टी की कोशिश है कि Gen-Z और Gen-Alpha से जुड़े मुद्दों को संगठन के स्तर पर ज्यादा प्रभावी तरीके से उठाया जाए। उसके पास कई युवा संगठन हैं और अब इनकी भूमिका, जिम्मेदारी और पहचान को ज्यादा स्पष्ट करने पर काम किया जा रहा है। नई यूनिफॉर्म को भी इसी संगठनात्मक बदलाव का हिस्सा बताया जा रहा है।
सपा छात्र सभा के एक पदाधिकारी के मुताबिक, अखिलेश यादव मंगलवार को नई ड्रेस और युवा पीढ़ी को लेकर पार्टी की योजनाओं की जानकारी दे सकते हैं।
UP Election 2027: दलित वोट पर है नजर?
आपको बता दें कि यूपी की राजनीति में दलित मतदाता लंबे समय से बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले सपा की PDA रणनीति में दलितों को अपने साथ जोड़ना पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है। सपा की ओर से सरकारी स्कूलों की स्थिति और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को भी लगातार उठाया जा रहा है। पार्टी करीब 26 हजार प्राथमिक स्कूलों के बंद होने का मुद्दा उठा चुकी है और इन स्कूलों में ‘PDA पाठशालाएं’ आयोजित करने की बात भी सामने आई है।
ऐसे में छात्र सभा की नई पहचान और शिक्षा के मुद्दे को एक साथ जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी की कोशिश एक तरफ युवाओं के बीच संगठन को मजबूत करने की है, तो दूसरी तरफ PDA के तहत दलित और पिछड़े वर्ग के मतदाताओं तक अपनी राजनीतिक पहुंच बढ़ाने की है।
ये भी पढ़े… जयंत पर अखिलेश का बयान क्यों बन सकता है BJP का हथियार? जाट वोट से सीट शेयरिंग तक समझिए पूरा गणित








