Rajnath Singh: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया कान खोलकर सुनती है कि भारत क्या बोल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस भव्य स्थल के निर्माण के लिए बधाई दी और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा अभूतपूर्व रूप से बढ़ी है।
श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों का उल्लेख
राजनाथ सिंह ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भारत की एकता और अखंडता के लिए संघर्ष किया और धारा 370 के विरोध में अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि मुखर्जी के इस सपने को प्रधानमंत्री मोदी ने पूरा किया। उन्होंने इसे राष्ट्रहित में लिया गया ऐतिहासिक निर्णय बताया।
Rajnath Singh: विकास और पारदर्शिता पर जोर
रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत आज आर्थिक रूप से मजबूत हुआ है। उन्होंने दावा किया कि देश में महंगाई दर एक प्रतिशत से नीचे है और विकास दर आठ प्रतिशत के पार है। उन्होंने कहा कि मनरेगा जैसी योजनाओं में पहले व्याप्त धांधली पर अब लगाम लगी है और गांव, गरीब व किसानों के लिए पारदर्शी व्यवस्था बनाई गई है। नए प्रावधानों के तहत रोजगार के दिनों में बढ़ोतरी की गई है।
राष्ट्रनायकों की विरासत को नमन
राजनाथ सिंह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए उनके विचारों और योगदान को प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों पर आज सरकार कार्य कर रही है। साथ ही उन्होंने अटल जी के विनोदी स्वभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे महान नेताओं की विरासत को सम्मान देना ही राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्देश्य है।
ये भी पढ़ें…केरल में बर्ड फ्लू की पुष्टि, तमिलनाडु में हाई अलर्ट








