Lakhimpur Kheri: लखीमपुर खीरी जनपद में अपराध और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पलिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना पलिया पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय चोरों के एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए चोरी की रकम से खरीदी गई कीमती वस्तुएं भी बरामद की हैं। अपर पुलिस अधीक्षक खीरी के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी पलिया के मार्गदर्शन में थाना पलिया पुलिस लगातार गश्त और मुखबिर तंत्र के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। इसी क्रम में थानाध्यक्ष पलिया के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शिवम सोनी, नीरज सिंह, रोहित उर्फ पिन्नी और अमर कश्यप के रूप में हुई है।
चोरी के पैसों से खरीदी गई इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद
पूछताछ के दौरान अभियुक्त अमर कश्यप ने स्वीकार किया कि प्राप्त चोरी की रकम से उसने अपने शौक के लिए एक नई ‘मंत्रा’ (Mantra) इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी थी। पुलिस ने उक्त स्कूटी को बरामद कर लिया है। इसके साथ ही चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है। बरामदगी के आधार पर अभियुक्तों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2) की भी बढ़ोत्तरी की गई है, जो चोरी के माल को रखने अथवा ठिकाने लगाने से संबंधित है।
Lakhimpur Kheri: जनपद में अपराध के लिए कोई स्थान नहीं
मामले में पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराध के लिए कोई स्थान नहीं है। संपत्ति संबंधी अपराधों में लिप्त अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य संभावित संपर्कों और पूर्व की घटनाओं के संबंध में भी गहन पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पलिया पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों और आम नागरिकों में राहत का माहौल है।
Report By: संजय कुमार राठौर
ये भी पढ़े… खीरी में अस्पताल में संवेदनाओं का ‘पोस्टमार्टम’, रजाई की गर्मी में सोता रहा सिस्टम, तड़पकर मर गई प्राची






