Home » नई दिल्ली » ग्रेटर नोएडा में ‘थूक कर रोटी’ बनाने का वीडियो वायरल, होटल की गंदगी ने उड़ा दिए होश

ग्रेटर नोएडा में ‘थूक कर रोटी’ बनाने का वीडियो वायरल, होटल की गंदगी ने उड़ा दिए होश

Viral video: जिले के दनकौर कोतवाली क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक होटल में रोटी बनाने वाला कारीगर तंदूर में डालने से पहले रोटियों पर थूकता नजर आया। यही रोटियां बाद में ग्राहकों को परोसी जाती थीं। इस होटल में रोजाना करीब 500 लोग खाना खाते हैं, जबकि यहां 15 से ज्यादा कर्मचारी कार्यरत हैं।

रास्ते से गुजरते व्यक्ति ने बनाया वीडियो

शनिवार रात होटल के पास से गुजर रहे एक व्यक्ति ने कारीगर की इस घिनौनी हरकत को देखा और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना बिलासपुर कस्बे स्थित एक होटल की बताई जा रही है।

Viral video: वीडियो में साफ दिखी शर्मनाक हरकत

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कारीगर पहले इधर-उधर देखता है, फिर रोटी पर थूकता है और उसके बाद उसे तंदूर की भट्टी में डाल देता है। बाद में वही रोटियां निकालकर ग्राहकों को परोसी जाती हैं।

सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का आक्रोश देखने को मिला। यूजर्स ने होटल संचालक और कर्मचारी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यह न सिर्फ खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है, बल्कि ग्राहकों की सेहत के साथ खुला खिलवाड़ भी है। कई लोगों ने ऐसे होटलों को सील करने और नियमित जांच की मांग उठाई है।

Viral video: पुलिस बोली- जांच जारी, शिकायत का इंतजार

दनकौर कोतवाल मुनेंद्र सिंह ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई है, लेकिन वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। होटल की पहचान कर मालिक और कर्मचारियों से पूछताछ की जाएगी। यदि आरोप सही पाए गए तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सवाल जो खड़े करता है यह मामला

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर कोई कारीगर ऐसा क्यों करता है? क्या यह मानसिक विकृति, घृणित मज़ाक, नफरत, या फिर निगरानी की कमी का नतीजा है? ऐसी घटनाएं बार-बार सामने आना होटल इंडस्ट्री की खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

ये भी पढ़े… कर्नाटक-तमिलनाडु में 1,464 करोड़ का फर्जी GST चालान रैकेट बेनकाब, 355 करोड़ की टैक्स चोरी अंतर-राज्यीय नकली चालान नेटवर्क का बड़ा खुलासा