Hamirpur News: हमीरपुर जिले में पुलिस अधीक्षक डॉ. दीक्षा शर्मा ने पुलिस लाइन, हमीरपुर में साप्ताहिक शुक्रवार परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी लेकर निरीक्षण की औपचारिक शुरुआत की। निरीक्षण का उद्देश्य पुलिसकर्मियों में अनुशासन, एकरूपता और कार्यकुशलता को और बेहतर बनाना रहा।
परेड की करवाई रिहर्सल
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने आगामी गणतंत्र दिवस (26 जनवरी 2026) पर आयोजित होने वाली परेड की रिहर्सल भी करवाई। उन्होंने परेड में शामिल सभी टोलियों का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परेड को अधिक अनुशासित एवं प्रभावी बनाने के लिए टोलीवार ड्रिल कराई गई, जिससे पुलिसकर्मियों के आपसी समन्वय, अनुशासन और परेड कौशल का मूल्यांकन किया गया।

Hamirpur News: साफ-सफाई व्यवस्था का लिया जायजा
डॉ. दीक्षा शर्मा ने निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों की शारीरिक व मानसिक फिटनेस पर विशेष जोर दिया। इसी क्रम में दौड़ का आयोजन भी कराया गया, ताकि उनकी शारीरिक क्षमता और सक्रियता को परखा जा सके। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक ने डायल-112 का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने पुलिस लाइन के आदेश कक्ष में ओआर (Orderly Room) का आयोजन कर संबंधित अभिलेखों का निरीक्षण किया तथा विभिन्न विभागीय प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया।
पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण करते हुए उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सरीला, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन, आरटीसी प्रभारी, समस्त आईटीआई/पीटीआई तथा अन्य संबंधित पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। निरीक्षण के माध्यम से पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि अनुशासन, फिटनेस और तत्परता पुलिस व्यवस्था की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ये भी पढ़े… कानपुर में दरोगा और पत्रकार पर गैंगरेप का आरोप, नाबालिग से दरिंदगी, हटाए गए DCP, सस्पेंड हुए इंस्पेक्टर






