Himachal News: हिमाचल प्रदेश में लंबे अंतराल के बाद हुई भारी बर्फबारी ने बागवानों, किसानों और राज्य की अर्थव्यवस्था को बड़ी राहत दी है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि बर्फबारी से सेब समेत अन्य फलों और कृषि फसलों को फायदा होगा, जो लंबे समय से सूखे के कारण प्रभावित हो रही थीं। उन्होंने इसे प्रदेश के लिए सकारात्मक संकेत बताया।
1,291 सड़कें बंद, 4,800 ट्रांसफार्मर ठप
भारी बर्फबारी के चलते प्रदेश के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। फिलहाल 1,291 सड़कें बंद हैं और लगभग 4,800 बिजली ट्रांसफार्मर ठप पड़े हैं, जिससे कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित है। लोक निर्माण विभाग ने हालात को देखते हुए सड़कों की बहाली के लिए युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया है। विभाग ने 385 मशीनें तैनात की हैं, जिनमें जेसीबी, डोजर और स्नो ब्लोअर शामिल हैं।
Himachal News: पहले से थी तैयारी, लगातार हो रही मॉनिटरिंग
मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि मौसम पूर्वानुमान को देखते हुए उच्च क्षेत्रों में पहले से ही मशीनरी की तैनाती की योजना बनाई गई थी। विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। अब एक मॉनिटरिंग सेल लगातार ग्राउंड रिपोर्ट लेकर बहाली कार्य की निगरानी कर रहा है।
तय समय में सड़कें खोलने का लक्ष्य
उन्होंने बताया कि 24 जनवरी को 625, 25 जनवरी को 290 और 26-27 जनवरी तक 324 सड़कों को खोलने का लक्ष्य रखा गया है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त मशीनें भी लगाई जाएंगी। मंत्री ने पर्यटकों से अपील की कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और हिमाचल की संस्कृति का सम्मान करें।
ये भी पढ़ें…भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का पहला बंगाल दौरा, सियासी गर्मी तेज







