UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज विधान परिषद में बजट पर हुई बहस का जवाब देते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था, विकास और महिला सशक्तिकरण को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में अन्नदाता केवल वोटबैंक समझे जाते थे, लेकिन अब उन्हें विकास की मुख्यधारा का भागीदार बनाया गया है।
कानून का राज विकास की पहली शर्त
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश उपद्रव और असुरक्षा के लिए जाना जाता था। गुंडा टैक्स व्यवस्था की पहचान बन गया था, पुलिस का मनोबल टूटा हुआ था। न बेटियां सुरक्षित थीं, न व्यापारी। सीएम योगी ने दावा किया कि 2017 के बाद प्रदेश ने “उपद्रव से उत्सव” तक की यात्रा तय की है। उन्होंने कहा कि आज राज्य में कानून का राज स्थापित है और यही विकास की पहली शर्त है। उन्होंने यह भी कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में कोई सांप्रदायिक दंगा नहीं हुआ है और कर्फ्यू जैसी स्थिति नहीं बनी। यूपी में न दंगा है, न कर्फ्यू… यूपी में सब चंगा है।
UP News: महिला सशक्तिकरण और युवाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है और युवाओं के लिए नई योजनाएं लागू की हैं। उनके अनुसार, प्रदेश में सुरक्षा और विकास के बेहतर माहौल के कारण निवेश और धार्मिक पर्यटन दोनों में वृद्धि हुई है। आगे सीएम योगी ने प्रयागराज में आयोजित शिवरात्रि और माघ मेले का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। उन्होंने बताया कि शिवरात्रि पर करीब 40 लाख श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी में स्नान किया, जबकि माघ मेले में 21 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या राज्य की व्यवस्थाओं पर बढ़े विश्वास को दर्शाती है।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद में मेरा संबोधन… https://t.co/9sY5rDgU83
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) February 16, 2026
विपक्ष पर निशाना
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए आक्रांताओं का महिमामंडन किया जाता है। उन्होंने कहा कि आक्रांताओं का महिमामंडन करना किसी राष्ट्रद्रोह से कम नहीं है। अयोध्या केवल आस्था का नहीं, बल्कि चेतना का केंद्र है और भारत की सांस्कृतिक आत्मा के प्रति सम्मान जरूरी है।
सीएम योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान अयोध्या के दीपोत्सव, वाराणसी की देव दीपावली और मथुरा के रंगोत्सव जैसे आयोजनों से होती है। उन्होंने कहा कि जो राज्य कभी “बीमारू” कहलाता था, आज वह राजस्व सरप्लस की स्थिति में है। सरकार ने पिछले आठ वर्षों में जनता पर कोई नया टैक्स नहीं लगाया, बल्कि टैक्स चोरी पर रोक लगाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले राज्य के बैंकों में जमा 100 रुपये में से केवल 45 रुपये खर्च हो पाते थे, जबकि अब यह आंकड़ा 61–62 रुपये तक पहुंच गया है। उनके अनुसार, यह वित्तीय प्रबंधन और विकास की दिशा में राज्य की प्रगति को दर्शाता है।
ये भी पढ़े… 25 साल पुराने प्रोजेक्ट्स का होगा मेकओवर! Yogi सरकार की ‘नई नीति-2026’ से बदलेगा शहरों का चेहरा






