Mp Cyber Crime: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में पुलिस ने एक बड़े साइबर अपराध गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो लोगों को ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर ब्लैकमेल करता था। अश्लील चैटिंग और वीडियो कॉल के जरिए ठगी करने वाले इस गिरोह के 32 नामजद आरोपियों में से 20 को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई में 1 करोड़ 7 लाख रुपये से अधिक का माल जब्त किया है।
एसपी ने किया पूरे नेटवर्क का खुलासा
शिवपुरी पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि गिरोह ऑनलाइन चैटिंग और वीडियो कॉल के माध्यम से लोगों को जाल में फंसाता था। इसके बाद अश्लील रिकॉर्डिंग कर पीड़ितों को धमकाया जाता था। आरोपी खुद को पुलिस अधिकारी बताकर बलात्कार और गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी देते थे और ‘डिजिटल अरेस्ट’ का भय दिखाकर केस सेटलमेंट के नाम पर मोटी रकम वसूलते थे।
Mp Cyber Crime: महिलाओं के नाम से फर्जी अकाउंट
जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य महिलाओं के नाम से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर अश्लील चैट और वीडियो कॉल करते थे। रिकॉर्डिंग के आधार पर पीड़ितों को ब्लैकमेल किया जाता था। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह अब तक ढाई करोड़ रुपये से अधिक की ठगी कर चुका है। एक आरोपी ने ठगी की रकम से आलीशान मकान बनवाया था, जिसकी रजिस्ट्री भी पुलिस ने जब्त कर ली है।
मोबाइल ऐप्स के जरिए बनाया जाता था शिकार
गिरोह ‘हीऊ’, ‘टोकी’, ‘मीका’, ‘इलोएलो’, ‘गागा’, ‘हनी’, ‘सुगो’, ‘कॉमेक्टो’ और ‘कॉमेट’ जैसे ऐप्स के माध्यम से लोगों को जोड़ता था। ये ऐप्स एपीके फाइल के जरिए मोबाइल में डाउनलोड कराए जाते थे। पहले अश्लील बातचीत कराई जाती, फिर वीडियो रिकॉर्ड कर ब्लैकमेलिंग शुरू की जाती थी।
Mp Cyber Crime: ऑपरेशन मेट्रिक्स के तहत बड़ी कार्रवाई
यह कार्रवाई मध्यप्रदेश स्तर पर चल रहे ऑपरेशन मेट्रिक्स के तहत ग्वालियर जोन के निर्देशन में की गई। जिले में नौ विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। एसडीओपी करैरा और पिछोर के नेतृत्व में करैरा, भौंती, अमोला, सुरवाया, सतनबाड़ा, कोतवाली, पिछोर और कोलारस थाना पुलिस ने संयुक्त दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों से सात कार, एक बाइक, 29 मोबाइल फोन, 16 एटीएम कार्ड, सात बैंक पासबुक और नकदी बरामद की है।
ये भी पढ़े… सीएम योगी विदेश दौरे पर, यूपी का ‘मैन्युफैक्चरिंग हब ऑफ इंडिया’ बनना हुआ तेज़






