Muzaffarnagar News : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो खुद को भारत सरकार के परिवहन विभाग का अधिकारी बताकर हाईवे पर वाहनों से अवैध वसूली कर रहा था। नगर कोतवाली पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए इस गैंग के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से ₹52,000 नकद, सैकड़ों की संख्या में फर्जी वसूली पर्चियां और ‘भारत सरकार’ लिखी एक अर्टिगा कार बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर रोहाना टोल प्लाजा के आसपास सक्रिय था। रात के अंधेरे में वाहन चालकों को रोककर सेफ्टी रिफ्लेक्टर लगाने का हवाला दिया जाता और नियमों का डर दिखाकर पैसे वसूले जाते थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मौके की घेराबंदी की और आठों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान धीरेंद्र, शिवदीप त्यागी, गुलवीर राणा, मंगेशपाल, वरुण खोकर, विजय कुमार, गौरव कुमार और अनुज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गैंग ने ₹100, ₹200 और ₹400 की कूटरचित पर्चियां छपवाकर रखी थीं, जिनका इस्तेमाल वसूली के लिए किया जाता था। बरामद अर्टिगा टैक्सी पर आगे-पीछे ‘भारत सरकार’ लिखकर आम लोगों को भ्रमित किया जा रहा था।
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि मुख्य अभियुक्त वरुण खोकर है, जो अलग-अलग जनपदों के लोगों को जोड़कर इस गिरोह का संचालन कर रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने मुजफ्फरनगर के अलावा दिल्ली, सहारनपुर, बागपत, गाजियाबाद और हापुड़ सहित अन्य जिलों में भी इसी तरह की घटनाएं की हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और संबंधित जनपदों को सूचित किया जा रहा है।
पुलिस ने सभी आठ आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हाईवे पर इस तरह की फर्जी वसूली के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
https://x.com/i/status/2026746048765636716
ये भी पढ़े – https://khabarindiatv.in/hapur-sir-verification-exposed-the-bangladeshi-woman-police-engaged-in-investigation/






