UP News: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अजीतमल क्षेत्र में एक विवाह समारोह उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब दुल्हन की विदाई हेलीकॉप्टर से कराई गई। जैसे ही हेलीकॉप्टर की आवाज इलाके में गूंजी, लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों की संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग इस अनोखे नजारे को देखने के लिए मौके पर पहुंचे।
फूलों की बारिश, तालियों की गूंज
हेलीकॉप्टर के उतरते ही नवविवाहित जोड़े का जोरदार स्वागत किया गया। लोगों ने फूलों की वर्षा की और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा माहौल उत्सव में बदल गया। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं—हर कोई इस खास पल का गवाह बनना चाहता था। कई लोगों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।
दादा का सपना किया पूरा
दूल्हे निर्वेश राजपूत ने बताया कि उनके स्वर्गीय दादा दया किशन राजपूत की इच्छा थी कि परिवार की बहू हेलीकॉप्टर से ससुराल पहुंचे। पिता सतेंद्र राजपूत के साथ मिलकर परिवार ने इस इच्छा को पूरा करने का निर्णय लिया। निर्वेश ने इसे अपने जीवन का सबसे भावुक और यादगार क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उनके दादा को सच्ची श्रद्धांजलि है।
कॉलेज परिसर में हुई लैंडिंग
हेलीकॉप्टर की लैंडिंग अजीतमल के आदमपुर स्थित सिंहवाहिनी महाविद्यालय परिसर में कराई गई। आयोजन से पहले मैदान में पानी का छिड़काव कराया गया, ताकि धूल न उड़े और कार्यक्रम सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके। सुरक्षा और व्यवस्थाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया था।
महोबा से आई थी बारात
बारात महोबा जनपद के भटेवरा कला, चरखारी क्षेत्र में पहुंची थी, जहां पारंपरिक रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह संपन्न हुआ। बुधवार दोपहर दुल्हन स्वाति (आकांक्षा) राजपूत की विदाई हेलीकॉप्टर से कराई गई, जिसने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।
चर्चा का केंद्र बना आयोजन
हेलीकॉप्टर से विदाई का यह अनोखा आयोजन पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। बदलते दौर में शादियों में बढ़ती भव्यता और नए प्रयोगों के बीच औरैया की यह शादी एक नई मिसाल बनकर सामने आई है।
Report BY: राम कुमार राठौर






