Home » उत्तर प्रदेश » Amroha : थाने में बर्बरता का वीडियो वायरल, खाकी पर सवाल

Amroha : थाने में बर्बरता का वीडियो वायरल, खाकी पर सवाल

Amroha : थाने में बर्बरता का वीडियो वायरल, खाकी पर सवाल
Spread the love

Amroha News : उत्तर प्रदेश के अमरोहा जनपद से सामने आए वायरल वीडियो ने खाकी वर्दी की साख को एक बार फिर कटघरे में खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर गुरुवार को एक के बाद एक तीन वीडियो तेजी से वायरल हुए, जिनमें थाने के भीतर पुलिसिया बर्बरता की तस्वीरें साफ नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि ये वीडियो थाना नौगावां सादात से जुड़े हैं और करीब पांच से छह महीने पुराने हैं।

वायरल हुए 14, 20 और 36 सेकेंड के इन क्लिप्स में एक हेड मोहर्रिर एक युवक को जमीन पर लिटाकर बेरहमी से लात-घूंसों और ठोकरों से पीटता दिखाई देता है। वीडियो की शुरुआत में दो पुलिसकर्मी युवक को हिरासत में लेकर कार्यालय में बैठाते हैं। तभी पीछे से आया हेड मोहर्रिर अचानक आपा खो देता है। पहले युवक को थप्पड़ मारे जाते हैं, फिर उसे धक्का देकर कमरे के भीतर घसीटा जाता है।

इसके बाद के दो वीडियो और भी झकझोर देने वाले हैं। कुर्सी के पास जमीन पर बैठे युवक पर हेड मोहर्रिर बार-बार उठकर ठोकरें बरसाता है। युवक बेबस नजर आता है और आसपास मौजूद अन्य पुलिसकर्मी तमाशबीन बने दिखाई देते हैं। यह पूरी घटना थाने के भीतर कानून के रखवाले द्वारा कानून की धज्जियां उड़ाने की मिसाल बनकर सामने आई है।

इन वीडियो के सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जनपद के पुलिस कप्तान अमित कुमार आनंद ने तत्काल जांच के आदेश दे दिए हैं। एसपी का कहना है कि वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है, और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।

सूत्रों के अनुसार, पीड़ित युवक नौगावां सादात क्षेत्र के गांव आलमपुर कैंच का निवासी है, जिसे किसी बहाने होमगार्डों के माध्यम से थाने बुलाया गया था। हालांकि हैरानी की बात यह है कि अब तक पीड़ित की ओर से किसी भी स्तर पर कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

फिलहाल, ये वायरल वीडियो पुलिसिया कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं और यह देखना अहम होगा कि जांच के बाद जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।

Reporter By – Azim

https://x.com/i/status/2026957006234652889

ये भी पढ़े – https://khabarindiatv.in/meerut-bloody-end-of-love-triangle-drama-with-gun-pointed-then-surrender/

5 1 vote
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments