Breaking News
Home » बिहार » रोहतास के सोन तटीय इलाकों में जंगली हाथी का आतंक, आधा दर्जन मवेशियों की मौत, किसानों की फसलों को भी नुकसान

रोहतास के सोन तटीय इलाकों में जंगली हाथी का आतंक, आधा दर्जन मवेशियों की मौत, किसानों की फसलों को भी नुकसान

Bihar News
Bihar News

Bihar News: रोहतास जिले में सोन तटीय इलाकों में पिछले चार दिनों से एक जंगली हाथी ने भारी उत्पात मचा रखा है। दरअसल हाथी के हिंसक व्यवहार से क्षेत्र के ग्रामीणों व पशुपालकों में दहशत का माहौल है और लोग भय के साए में अपना दिन गुजार रहे हैं। हाथी के हमले में अब तक आधा दर्जन से अधिक मवेशियों की जान जा चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

मवेशियों और किसानों को भारी नुकसान

प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहतास नगर पंचायत के कुशडिहरा सोन डीला इलाके में बीते बुधवार की रात हाथी ने जमकर तबाही मचाई। इस हमले में शिवपूजन चौधरी के बछड़े, अनिल यादव की दो भैंस और एक पाड़ा, सुनील चौधरी की एक गाय तथा अनिल चौधरी की एक गाय की दर्दनाक मौत हो गई। मवेशियों के अलावा हाथी ने किसानों की बोरिंग, झोपड़ियों व चापाकलों को भी तहस-नहस कर दिया है और फसलों को रौंदकर किसानों की साल भर की मेहनत पर पानी फेर दिया है। सोन नदी के किनारे बसे गांवों के लोग रात भर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं। बीती रात भी ग्रामीणों ने मशाल और पटाखों के जरिए हाथी को रिहायशी इलाकों से खदेड़ने का प्रयास किया। वहीं ग्रामीण प्रशासन से मुआवजे और सुरक्षा की गुहार लगा रहे हैं, क्योंकि फसलों और मवेशियों के नुकसान से उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

इधर जंगली हाथी की सूचना मिलते हीं वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी को खदेड़ने का प्रयास शुरू किया। हालांकि हाथी के लगातार जगह बदलने के कारण वन विभाग की टीम को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है और उस पर लगातार नजर रखी जा रही है। इस संदर्भ में जिला वन पदाधिकारी स्टालिन फीडल के कुमार ने बताया कि बिहार हाथियों का हैबिटेट नहीं है। संभवतः उक्त हाथी झारखंड की तरफ से आया है, जिसकी वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। उन्होंने बताया कि हाथी को खदेड़ने के लिए एक्सपर्ट टीम को भी बुलाया गया है, लेकिन ग्रामीणों को फिलहाल सतर्क रहने की जरूरत है। वहीं मुआवजे के सवाल पर डीएफओ ने कहा कि वन विभाग की टीम द्वारा साक्ष्य जुटाकर विभाग को भेजा जाएगा, इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Bihar News: पड़ोसी जिले में भी दिखा था हाथी

बता दें कि कुछ दिनों पूर्व रोहतास के पड़ोसी जिले औरंगाबाद में भी एक जंगली हाथी का आतंक देखने को मिला था। हालांकि वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद उसे झारखंड की तरफ खदेड़ दिया था, लेकिन अब आशंका जताई जा रही है कि उक्त हाथी एक बार फिर सोन नदी को पार कर रोहतास वन क्षेत्र में घुस आया है।

Report BY: Diwakar Tiwari

ये भी पढ़े… सासाराम में राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा, पर्यटकों से भरी ट्रैवलर ट्रक से टकराई, एक की मौत, 19 घायल