Jharkhand Urban Elections: झारखंड के 48 शहरी निकायों में हाल ही में चुनाव हुए थे। इनमें से 47 निकायों के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं और अब तस्वीर लगभग साफ हो चुकी है। अब तक के परिणामों के अनुसार भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने 13 निकायों में जीत हासिल की है। झामुमो समर्थित प्रत्याशी 11 जगहों पर विजयी रहे हैं। कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को 3 निकायों में सफलता मिली है। सबसे ज्यादा 18 निकायों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। इसके अलावा 1 सीट सीपीआई(एमएल) समर्थित प्रत्याशी के खाते में गई है।
8 नगर निगमों में मेयर परिणाम घोषित
राज्य के 9 नगर निगमों में से 8 में मेयर पद के परिणाम घोषित हो चुके हैं। रांची नगर निगम में भाजपा समर्थित रोशनी खलखो ने कांग्रेस समर्थित रमा खलखो को हराया। मेदिनीनगर में भाजपा समर्थित अरुणा शंकर ने कांग्रेस समर्थित नम्रता त्रिपाठी को पराजित किया। हजारीबाग में स्वतंत्र प्रत्याशी अरविंद राणा ने जीत दर्ज की। देवघर में झामुमो समर्थित रवि राउत विजयी रहे, जबकि गिरिडीह में झामुमो समर्थित प्रमिला मेहरा ने जीत हासिल की। आदित्यपुर में भाजपा समर्थित संजय सरदार ने बाजी मारी। मानगो नगर निगम में कांग्रेस समर्थित सुधा गुप्ता ने जीत दर्ज की। धनबाद नगर निगम में स्वतंत्र प्रत्याशी संजीव सिंह झामुमो समर्थित चंद्रशेखर अग्रवाल से आगे चल रहे हैं और अंतिम नतीजे का इंतजार है।

Jharkhand Urban Elections: 39 निकायों में निर्दलीयों की बढ़त
इसके अलावा 39 छोटे शहरी निकायों, जिनमें नगर पंचायत और नगर परिषद शामिल हैं, उनके परिणाम भी सामने आ गए हैं। इन 39 में से 17 जगहों पर निर्दलीय प्रत्याशी जीते हैं। 10 पर भाजपा समर्थित, 9 पर झामुमो समर्थित, 2 पर कांग्रेस समर्थित और 1 पर सीपीआई(एमएल) समर्थित प्रत्याशी विजयी हुए हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष पद के नतीजों की बात करें तो हुसैनाबाद से अजय भारती, हरिहरगंज से कुमारी शीला चौधरी, छत्तरपुर से अरविंद गुप्ता, श्री बंशीधरनगर से साधना देवी, मझिआंव से सुमित्रा देवी, कोडरमा से साजिद हुसैन लल्लू, बासुकीनाथ से वीणा देवी और जामताड़ा से आशा गुप्ता निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीते हैं।
भाजपा-झामुमो सहित निर्दलीयों की जीत
भाजपा समर्थित विजेताओं में लातेहार से महेश सिंह, डोमचांच से उमेश वर्मा, बड़कीसरैया से शोभा देवी, महागामा से प्रबोध सोरेन, बरहरवा से अर्पिता दास और खूंटी से रानी टुटी शामिल हैं। झामुमो समर्थित प्रत्याशियों में राजमहल से केताबुद्दीन, बुंडू से जितेंद्र उरांव, सरायकेला से मनोज कुमार चौधरी और चाकुलिया से सोमवारी सोरेन ने जीत दर्ज की है। धनवार से विनय कुमार सांथालिया सीपीआई(एमएल) समर्थित प्रत्याशी के रूप में निर्वाचित हुए हैं।
नगर परिषद अध्यक्ष पद के परिणामों में गढ़वा से आशीष सोनी, विश्रामपुर से गीता देवी, चतरा से अताउर रहमान, झुमरीतिलैया से रमेश हर्षधर, गोड्डा से सुशील रमानी, पाकुड़ से शबरी पाल, चिरकुंडा से सुनीता देवी, सिमडेगा से ओलिवर लकड़ा और कपाली से परवेज आलम निर्दलीय श्रेणी में विजयी हुए हैं।
दल बदले, जनता ने चेहरा चुना
भाजपा समर्थित उम्मीदवारों में मधुपुर से मीति कुमारी, मिहिजाम से जयश्री देवी, लोहरदगा से अनिल उरांव और गुमला से शकुंतला उरांव ने जीत दर्ज की है। झामुमो समर्थित प्रत्याशियों में साहिबगंज से रामनाथ पासवान, दुमका से अभिषेक चौरसिया, चक्रधरपुर से शनि उरांव, चाईबासा से नितिन प्रकाश और जुगसलाई से नौशान खान विजयी रहे हैं। कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों में फुसरो से निर्मला देवी और रामगढ़ से कुसुमलता कुमारी चुनी गई हैं।
इन सभी परिणामों से साफ है कि इस बार शहरी निकाय चुनाव में कई जगहों पर कड़ा और बहुकोणीय मुकाबला हुआ। मतदाताओं ने पार्टी से ज्यादा उम्मीदवार की छवि, उनके काम और स्थानीय मुद्दों को ध्यान में रखकर मतदान किया।






