Israel Iran Conflict: पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर पहुंच गया है। शनिवार सुबह इजराइल ने ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई शहरों पर हवाई हमले किए। ईरान की सरकारी एजेंसी इरना के मुताबिक, दक्षिणी ईरान में हुए हमलों में 40 छात्राओं की मौत हो गई, जबकि 45 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इजराइल ने दावा किया कि उसने ईरान के खुफिया मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के कार्यालय और परमाणु ऊर्जा संगठन को निशाना बनाया। हमले के बाद खामेनेई को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किए जाने की खबर है।
ईरान का जवाबी हमला, 400 मिसाइलें दागने का दावा
हमलों के जवाब में ईरान ने इजराइल पर करीब 400 मिसाइलें दागने का दावा किया है। इसके साथ ही ईरान ने कुवैत, कतर, बहरीन और सऊदी अरब में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाया। UAE के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, दुबई की ओर दागी गई मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया गया, हालांकि शहर में धमाकों की आवाजें सुनी गईं।

Israel Iran Conflict: अमेरिका-इजराइल का संयुक्त सैन्य अभियान
इजराइल ने इस ऑपरेशन को ‘लियोनस् रोर’ नाम दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह अमेरिका और इजराइल का संयुक्त सैन्य अभियान है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि यह कार्रवाई अमेरिका और उसके नागरिकों की सुरक्षा के लिए की गई है। यह हमला उस समय हुआ है जब ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर बातचीत जारी थी। बैलिस्टिक मिसाइल प्रोग्राम इस वार्ता का सबसे विवादित मुद्दा बना हुआ है। ईरान ने साफ कहा है कि वह अपने मिसाइल कार्यक्रम पर कोई समझौता नहीं करेगा।
Israel Iran Conflict: भारतीयों की सुरक्षा को लेकर चिंता
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ईरान में बढ़ते तनाव के बीच वहां रह रहे भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। पश्चिम एशिया में तेजी से बिगड़ते हालात के बीच अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें अब इस टकराव के अगले कदम पर टिकी हैं।
यह भी पढे़ : PM Modi: पीएम मोदी का स्वास्थ्य सुरक्षा का संकल्प: निःशुल्क एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान लॉन्च






