Holi 2026: गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सोमवार शाम को भक्त प्रह्लाद की भव्य शोभायात्रा में शामिल होंगे। पांडेयहाटा में श्री श्री होलिका दहन उत्सव समिति ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है। इस दौरान मुख्यमंत्री खुद मौजूद रहेंगे और भक्त प्रह्लाद की विधिवत आरती उतारेंगे। इसके साथ ही फूल और अबीर-गुलाल के रंगों से होली खेलकर शोभायात्रा को रवाना करेंगे और शहरवासियों को होली की शुभकामनाएं भी देंगे।
पुलिस ने की पूरी तैयारी
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज 2 मार्च को भक्त प्रह्लाद की शोभायात्रा और 4 मार्च को भगवान नृसिंह की शोभायात्रा में शामिल होंगे। दोनों दिनों के लिए प्रशासन और पुलिस ने पूरी तैयारी कर रखी है। डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट दीपक मीणा ने बताया कि हर साल होली के दौरान घंटाघर के पास मुख्यमंत्री का कार्यक्रम होता है और इस बार भी दोनों दिन कई इवेंट आयोजित होंगे। 2 मार्च और 4 मार्च को होने वाली शोभायात्रा के पूरे रूट को पहले से जांच लिया गया है। सभी अधिकारी सतर्क हैं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
Holi 2026: ड्रोन के जरिए निगरानी
जानकारी देते हुए एसएसपी डॉ. कौस्तुंभ ने बताया कि विरासत गलियारे में अभी कंस्ट्रक्शन चल रहा है, इसलिए वहां पर सुरक्षा के एक्स्ट्रा इंतजाम किए गए हैं। पूरे रूट की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पहले से मजबूत कर दी गई है। मुख्यमंत्री पहले दिन करीब 100 से 200 मीटर पैदल चलते हुए लोगों से बात करेंगे, इसलिए पैदल मार्गों की भी तैयारी पूरी की गई है। इसके अलावा ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जाएगी ताकि हर जगह सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इस बार की शोभायात्रा को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की पूरी कोशिश की गई है।
प्रशासन ने कहा कि भीड़ प्रबंधन, सड़क सुरक्षा, और इवेंट की व्यवस्थाओं को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ी गई है। शहरवासियों से भी अपील की गई है कि वे उत्सव में हिस्सा लें, लेकिन सुरक्षा नियमों का पालन करें। वहीं, फूल, अबीर-गुलाल और रंगों के साथ यह शोभायात्रा होली की रौनक को और बढ़ाएगी।
ये भी पढ़े… ‘हम विश्व में शांति…’ ईरान-अमेरिका युद्ध पर PM मोदी का पहला बयान आया सामने, जानें क्या बोले?






